20 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Opinion / बचपन पर मंडरा रहा खतरा, बाल श्रम को रोकना होगा

बचपन पर मंडरा रहा खतरा, बाल श्रम को रोकना होगा

आज महानगरीय जीवनशैली में माता और पिता दोनों ही अपने-अपने कामों में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में भी बच्चों की उचित एवं संपूर्ण देखभाल प्रभावित होती है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Opinion Desk

•

image

रोहित कौशिक

•

Updated: 20 Nov 2026, 5:42 PM IST

child labor

child labor

यह दुर्भाग्यपूर्ण ही है कि इस प्रगतिशील दौर में भी बाल श्रम रुक नहीं रहा है। यूनिसेफ की एक रिपोर्ट के अनुसार भारत में दस श्रमिकों में से एक श्रमिक बच्चा है। बाल श्रम के विरोध में बने विभिन्न कानूनों के अतिरिक्त 2009 में बने 'शिक्षा का अधिकार' कानून के तहत भी बाल श्रम को बढ़ावा देने वाले लोगों को दंड का प्रावधान है। 'शिक्षा का अधिकार' कानून के तहत बच्चों को अपनी शिक्षा पूर्ण करने का अधिकार दिया गया है ताकि वे बाल श्रम से दूर रहकर अपनी इच्छानुसार भविष्य चुन सकें। इसके बावजूद ग्रामीण और शहरी इलाकों में बालश्रम को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।एक रिपोर्ट के अनुसार पूरे विश्व में 152 मिलियन बच्चे बाल श्रमिक के रूप में काम कर रहे हैं, जिनमें से 7.3 फीसदी बच्चे भारत में बाल श्रमिक के रूप में कार्यरत हैं। बाल मजदूरी में लगे बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

बाल मजदूरी के कारण बच्चों को पर्याप्त शिक्षा भी नहीं मिल पाती है। ऐसे बच्चों के अधिकार सीमित होने के कारण उनका भविष्य अंधकार में होता है। हालांकि बाल श्रम को रोकने की कोशिश लगातार की जा रही है लेकिन भारत समेत पूरी दुनिया में जिस तरह की परिस्थितियां बन रही है, उससे कई जगहों पर बाल श्रम का खतरा और बढ़ सकता है। बाल श्रम के कारण आज अनेक बच्चे कुपोषण और विभिन्न बीमारियों से जूझ रहे हैं। अक्सर हम बाल श्रम का अर्थ बहुत ही सीमित संदर्भों में लगाते हैं। अगर बच्चों के दिमाग पर किसी भी रूप में कोई दुष्प्रभाव पड़ रहा है और उनके दिमाग को परंपरागत श्रम से अलग श्रम करना पड़ रहा है तो वह भी एक तरह का बाल श्रम ही है। दु:खद यह है कि हम इस परंपरागत बाल श्रम पर तो ध्यान देते हैं लेकिन अपरंपरागत बाल श्रम पर ध्यान नही देते हैं।

कुछ वर्ष पूर्व सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च द्वारा जारी एक रिपोर्ट में बताया गया था कि टीवी पर दिखाई जाने वाली हिंसा से बच्चों के दिलोदिमाग पर प्रतिकूल असर पड़़ रहा है। विडंबना यह है कि अब जलवायु परिवर्तन भी बच्चों को अपना शिकार बना रहा है। पिछले दिनों संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के अनुसार दुनिया के 2.3 अरब बच्चों में से लगभग 69 करोड़ बच्चे जलवायु परिवर्तन के सबसे अधिक जोखिम वाले क्षेत्रों में रहते है। आज महानगरीय जीवनशैली में माता और पिता दोनों ही अपने-अपने कामों में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में भी बच्चों की उचित एवं संपूर्ण देखभाल प्रभावित होती है। बहरहाल आज जरूरत इस बात की है कि हम बाल श्रम के अर्थ को व्यापक रूप से ग्रहण करें। इस प्रगतिशील दौर में हम बाल श्रम का पुराना अर्थ ही ग्रहण कर रहे हैं। बाल श्रम के विभिन्न स्वरूपों पर बात करके ही हम सच्चे अर्थों में बचपन बचा सकते है।

रोहित कौशिक,(स्वतंत्र पत्रकार एवं स्तंभकार)