20 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Opinion / संपादकीय: आतंक की राह पकड़ने की वजहों पर हो प्रहार

संपादकीय: आतंक की राह पकड़ने की वजहों पर हो प्रहार

जाहिर है स्थानीय युवाओं को यथासंभव स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर देने होंगे। उन्हें देश के दूसरे हिस्सों में भेजकर भी रोजी-रोटी के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने होंगे।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Harish Parashar

•

Updated: 20 Nov 2026, 3:00 PM IST

terrorism

terrorism

कुलगाम में सीआरपीएफ के जवानों पर इसी माह हुए हमले में शामिल आतंकी लतीफ भट को मार गिराना सुरक्षा बलों की अहम कामयाबी कही जा सकती है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी लतीफ को कश्मीर घाटी में लश्कर-ए-तैयबा का अंतिम ज्ञात स्थानीय आतंकवादी बताते हुए इस उपलब्धि के लिए सुरक्षा बलों की तारीफ की है। यह भी सच है कि पिछले वर्षों में सुरक्षा बलों ने आतंकियों के नेटवर्क को कमजोर करने की भरपूर कोशिश की है। यही वजह है कि सीमा पार से अपने आकाओं से निर्देशित स्थानीय आतंकियों और उनके मददगारों की संख्या में काफी कमी आई है। लेकिन चिंता की बात यह भी है कि खासतौर से कश्मीर घाटी में समय-समय पर स्थानीय लोग जिनमें अधिकांशत: युवा होते हैं चरमपंथी संगठनों के बहकावे में आकर हाथों में बंदूक थाम लेते हैं।

जाहिर है इन युवाओं के राह भटकने की कोई एक वजह नहीं हो सकती। बेरोजगारी, दूसरे देशों की धरती पर बैठे आतंकी संगठनों की ओर से किया जाने वाला ब्रेनवाश और सोशल मीडिया के माध्यम से फैलाया जा रहा दुष्प्रचार ऐसे कारण हैं, जिनकी वजह से स्थानीय युवा आतंक की राह पकड़ता रहा है। बरसों से लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठन पहले युवाओं के मन में असंतोष, अलगाव व कट्टरता के बीज बोते हैं और बाद में उनके हाथों में बंदूक थमा देते हैं। मोटे तौर पर यह ऐसा वैचारिक युद्ध है, जिसका समय रहते जवाब देना जरूरी है। कश्मीर के युवाओं में यह बात भी गहरे से बैठाई जा रही है कि देश में ही दूसरे प्रांतों से आने वाले लोग उनके रोजगार का हक छीन रहे हैं। जाहिर है स्थानीय युवाओं को यथासंभव स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर देने होंगे। उन्हें देश के दूसरे हिस्सों में भेजकर भी रोजी-रोटी के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने होंगे। ऐसा इसलिए भी जरूरी है कि कट्टरपंथी ताकतों को ताकत तब ही मिलती है जब युवा उनके साथ हो जाते हैं। युवा भी भटकाव का शिकार तब ही होते हैं जब उन्हें कोई दूसरा रास्ता नजर नहीं आता। कश्मीर में पर्यटन, बागवानी, हस्तशिल्प, सूचना प्रौद्योगिकी, कृषि आधारित उद्योग और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निवेश की आवश्यकता है। जरूरत इस बात की भी है कि स्थानीय युवाओं को आसान शर्तों पर ऋण व कौशल प्रशिक्षण दिया जाए। युवाओं में खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा देना होगा।
सीमा पार से मिलने वाले आतंकी समर्थन पर भी लगातार निगाह रखने की आवश्यकता है। आतंकियों की वैचारिक, वित्तीय व तकनीकी दक्षता वाली शृंखला को तोड़ते हुए उनके स्थानीय मददगारों पर भी सख्ती बरतनी होगी। जाहिर तौर पर कश्मीर में शिक्षा, नौकरी के अवसर व खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना होगा। सुरक्षा बल आतंकियों को तलाश कर उनका खात्मा कर सकते हैं, लेकिन आतंकी चेहरों को समूल नष्ट करने का काम समाज और सरकार दोनों को मिलकर करना होगा।