ओपिनियन

आपकी बात : मिलेट्स को बढ़ावा देने के लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिए?

पाठकों ने इस पर विभिन्न प्रतिक्रियाएं दी हैं। प्रस्तुत हैं पाठकों की कुछ प्रतिक्रियाएं
less than 1 minute read
Aug 03, 2025
Feature image

मोटे अनाज की पैदावार बढ़ाएं
किसानों को अपनी फसलों में मोटे अनाज शामिल करने ओर उनकी अधिक पैदावार बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। सरकार को किसानों को सस्ते एवं गुणवतापूर्ण बीज ओर उन्नत संसाधन उपलब्ध कराने चाहिए। साथ ही मोटे अनाजों के फायदे और उपयोग के बारे में जागरूकता फैलानी चाहिए। मोटे अनाज से होने वाले स्वास्थ्य लाभों के बारे में उपभोक्ताओं को शिक्षित करना चाहिए। - शालिनी ओझा, बीकानेर

उपज का दायरा बढ़ाना चाहिए
मिलेट्स(मोटे अनाज) की उपलब्धता मार्केट में सहज रूप से होना चाहिए। उनकी उपज का दायरा भी बढ़ना चाहिए। हेल्थ केयर में मोटे अनाज के लाभों को प्रचारित किया जाना चाहिए। लोगों को परंपरागत अनाज के साथ मोटे अनाज को भी अपने आहार में शामिल करना चाहिए। मोटे अनाज का उत्पादन करने वाले कृषकों को सरकार द्वारा कुछ आर्थिक प्रोत्साहन मिलना चाहिए। - ललित महालकरी, इंदौर

बहुत फायदेमंद है बाजरा
बाजरा को बढ़ावा देने के लिए सरकार को किसानों को बाजरा की खेती में प्रोत्साहित करना चाहिए। इसके लिए उपयुक्त तकनीकी सहायता और वित्तीय मदद प्रदान करनी चाहिए। बाजरा के पोषण मुल्य को जन-जन तक पहुंचाना, बाजरा आधारित उत्पादों की मार्केटिंग को बढ़ावा, सरकारी खरीद,निर्यात अवसरों का विस्तार आवश्यक है। स्कूलों और राशन प्रणाली में इसे शामिल करें। - अमृतलाल मारू, इंदौर

फायदों का प्रचार होना चाहिए
पहले के समय में आमतौर पर मोटा अनाज खाया जाता था। मोटे अनाज के फायदों का प्रचार होना चाहिए यह स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है। साथ ही मोटे अनाज के उत्पादन को बढ़ावा देने के किसानों को प्रोत्साहित करना होगा। उन्हें बोनस देना होगा। - साजिद अली इंदौर

Published on:
03 Aug 2025 06:47 pm