
American Figure Skater Alysa Liu: सिर्फ 16 साल की उम्र में संन्यास लेकर सभी को चौंकाने वाली अमेरिकी फिगर स्केटर एलिसा ल्यू ने अंतरराष्ट्रीय पटल पर जोरदार वापसी की है और विश्व चैंपियन बनीं। ल्यू ने 2022 वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने के बाद संन्यास ले लिया था, लेकिन पिछले साल उन्होंने अपना फैसला वापस ले लिया।
19 वर्षीय ल्यू ने शुक्रवार रात यहां वल्र्ड फिगर स्केटिंग चैंपियनशिप में जबरदस्त प्रदर्शन किया और स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 19 साल बाद अमेरिका को इस स्पर्धा में खिताब दिलाया है। उनसे पहले, 2006 में किमी मेसनर ने यह कमाल किया था और उस वक्त ल्यू की उम्र सिर्फ एक साल थी। ल्यू विश्व चैंपियन खिताब जीतने वाली अमेरिका की कुल 13वीं खिलाड़ी बनीं।
ल्यू ने फाइनल में तीन बार की चैंपियन जापान की काओरी साकामोतो का वर्चस्व खत्म किया। उन्होंने कुल 222.97 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि काओरी दूसरे स्थान पर रहीं। जापान की ही मोने चीवा ने कांस्य पदक जीता।
मैं झूठ नहीं बोलूंगी क्योंकि मैं नहीं जानती कि मैं कैसे विश्व चैंपियन बनीं। मैंने कभी इस बारे में नहीं सोचा था। यह पल मेरे लिए एक सपने की तरह है और मैं वास्तव में काफी खुश हूं।
-ल्यू कैलिफोर्निया की रहने वाली हैं और उन्होंने पांच साल की उम्र से स्केटिंग करना शुरू किया था। वह ट्रेनिंग के लिए सुबह 4.30 बजे उठती हैं।
-ल्यू जब 12 साल की थी, तब उन्होंने ट्रिपल एक्सल में महारत हासिल कर ली थी। यह फिगर स्केटिंग की सबसे मुश्किल जंप होती है।
-13 साल की उम्र में वह सीनियर स्तर पर नेशनल चैंपियन बन गई थीं।
ल्यू ने कहा, 2022 में मेरे लिए चीजें बहुत अच्छी नहीं चल रही थी और इस कारण मैंने खेल से दूर रहने का फैसला किया। जब मैं खेल से दूर हुई, तब मुझे समझ आया कि क्या परेशानियां थीं और उनका क्या समाधान था। इसके बाद, मैंने सबकुछ सही किया और फिर वापसी की।