सायना नेहवाल ( Saina Nehwal ) दो महीने के बाद उतरी थीं कोर्ट पर इंडोनेशिया और जापान ओपन ( Japan Open ) में नहीं खेली थीं सायना नेहवाल
नई दिल्ली। नई दिल्ली। थाईलैंड ओपन में भारत को निराशा हाथ लगी है। करीब 2 महीने बाद कोर्ट में उतरीं सायना नेहवाल एक बड़े उलटफेर का शिकार हो गई हैं। दरअसल, चोट के बाद वापसी करने वाली सायना नेहवाल थाईलैंड ओपन के दूसरे राउंड में बाहर हो गई। उन्हें जापान की 17 साल की सायका ताकाहाशी ने 16-21,21-11,21-14 से मात दी। ताकाहाशी ने जीत के साथ क्वार्टफाइनल में जगह बना ली। दोनों के बीच मुकाबला 48 मिनट तक चला था।
सायना ने गेम की शुरुआत की थी अच्छी
सायना नेहवाल के लिए गेम की शुरुआत अच्छी रही थी। पहले गेम में सायना ने 21-16 से आसानी से जीत दर्ज की। इसके बाद सायका ने वापसी करते हुए दूसरे गेम 21-11 से अपने नाम किया और मैच को तीसरे गेम तक ले गई। इसके बाद सायना ने तीसरे गेम की शुरुआत में बढ़त हासिल की, लेकिन वह इसे कायम नहीं रख सकी। सायका ने यह गेम 21-14 से अपने नाम किया और इसी के साथ सायना नेहवाल की हार हो गई। सायना की हार के साथ ही महिला सिंगल्स वर्ग में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई। पीवी सिंधु ने इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया है।
इनकी भी हुई हार
- सायना नेहवाल के अलावा किदांबी श्रीकांत, पारुपल्ली कश्यप, एच.एस. प्रणॉय भी बीडब्ल्यूएफ वल्र्ड टूर सुपर 500 टूर्नामेंट थाईलैंड ओपन में हार गए। एकल वर्ग में सिर्फ बी. साई प्रणीत को जीत मिली है, जिन्होंने हमवतन और अपने से जूनियर खिलाड़ी शुभांकर डे को हराया।
- पुरुष युगल में सात्विकसाइरजा रैंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी और मिश्रित युगल में रैंकीरेड्डी तथा अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी अपने मुकाबले में जीत हासिल करने में सफल रही हैं। मिश्रित युगल में प्रणव जैरी चौपड़ा और एन. सिक्की रेड्डी की जोड़ी को भी हार का सामना करना पड़ा है। पुरुष एकल में पांचवीं सीड श्रीकांत को थाईलैंड के खोसित फेतपरादब के खिलाफ 11-21 21-16 21-12 से हार का सामना करना पड़ा। वल्र्ड नंबर-32 खोसित ने वल्र्ड नंबर-10 श्रीकांत को एक घंटे तीन मिनट में शिकस्त दी। इस जीत के साथ खोसित ने श्रीकांत के खिलाफ अपना करियर रिकॉर्ड 1-1 का कर लिया है।
- दूसरे मैच में कश्यप को हार झेलनी पड़ी। तीसरी सीड चीनी ताइपे के चोउ तियेन चेन ने कश्यप को 21-9 21-14 से पराजित किया। इस जीत के साथ चेन ने कश्यप के खिलाफ अपना करियर रिकॉर्ड 3-2 का कर लिया है। प्रणीत ने शुभांकर को 42 मिनट तक चले मुकाबले में 21-18, 21-12 से मात दे क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई जहां उनका सामना जापान के केंटा सुनेयामा से होगा जिन्होंने थाईलैंड के सिथ्थीकोम थाम्मासिन को 18-21, 21-11, 21-12 से हराया।