अन्य खेल

बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुषों पर भारी पड़ेगी नारी शक्ति

कॉमवेल्थ गेम्स 2022 में महिलाओं की स्पर्धा पुरुषों से ज्यादा महिलाओं की स्पर्धाओं की संख्या 135 हो गई है जबकि पुरुषों की 133 है  
less than 1 minute read
Aug 16, 2019
Commonwealth Games

नई दिल्ली। बर्मिंघम में 2022 में आयोजित होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में महिलाओं की पदक स्पर्धाएं पुरुषों की स्पर्धाओं से ज्यादा होंगी।

इन खेलों में हाल ही में महिला क्रिकेट, बीच वॉलीबाल और पैरा टेबल टेनिस को शामिल किया गया है, जिससे महिलाओं की पदकों स्पर्धाओं की संख्या 135 हो गई है जबकि पुरुषों की 133 है।

बर्मिंघम में होने वाला यह पहला आयोजन होगा, जिसमें महिलाओं की पदक स्पर्धाएं पुरुषों से ज्यादा होंगी। ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में पिछले साल आयोजित किए गए कॉमनवेल्थ गेम्स में दोनों वर्गो में समान पदक स्पर्धाएं थीं।

कॉमनवेल्थ गेम्स महासंघ (सीजीएफ) की अध्यक्ष डेम लाउइसे मार्टिन ने हालांकि कहा है कि ऐसा सोच कर नहीं किया गया, बल्कि यह इत्तेफाक से हो गया। उन्होंने कहा कि सीजीएफ को यह तब पता चला जब उन्होंने खेलों के पूरे कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया। उन्होंने हालांकि इस बात को माना कि यह चीज बहुत पहले उनके दिमाग में चल रही थी।

उन्होंने कहा, "यह हमेशा से मेरे दिमाग में चल रहा था, क्योंकि हम काफी पीछे थे। जब मैं खेला करती थी तब महिलाओं की सिर्फ दो प्रतिस्पर्धा एथलेटिक्स और तैराकी हुआ करती थीं। लेकिन समय के साथ इसमें बढ़ोत्तरी हुई है।"

उन्होंने कहा, "पदकों में संतुलन बनाए रखना हमारे दिमाग में नहीं था। हमारा ध्यान सिर्फ इस बात पर था कि कौनी-सी स्पर्धाएं कार्यक्रम में ठीक बैठेंगी। इसे पूरा करने के बाद जब हमने देखा तो हमें पता चला कि इसमें महिलाओं की पदक स्पर्धाएं पुरुषों से ज्यादा हैं। हमें दोबारा देखना पड़ा। पिछले सप्ताह हम इस बात को लेकर सुनिश्चित हुए।"

2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला क्रिकेट को शामिल किया गया है। क्रिकेट का सबसे छोटा प्रारूप टी-20 इन खेलों में आयोजित किया जाएगा।

Published on:
16 Aug 2019 04:48 pm