पाली

Patrika Sting: चुनावी सीजन में यहां खुलेआम बिक रही शराब, देखें पूरा वीडियो…

पत्रिका टीम ने लिया जायजा: चुनाव पर तो पुलिस दिख रही मुस्तैद लेकिन ठेकों पर नजर नहीं  
2 min read
Apr 06, 2024
Patrika Sting: चुनावी सीजन में यहां खुलेआम बिक रही शराब, देखें पूरा वीडियो...
पाली के मिल गेट मार्ग स्थित पुलिस चौकी के निकट एक शराब की दुकान पर रात आठ बजे बाद शराब बेचते ठेकाकर्मी।

राजेन्द्रसिंह देणोक . सुरेश हेमनानी
पाली में लोकसभा चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट मोड में है, लेकिन शराब के ठेकों पर पुलिस की नजर ‘ठंडी’ है। यहां रात आठ बजे बाद भी ठेकों पर खुलेआम शराब बिक रही है। पुलिस न रोक रही न टोक रही। पत्रिका टीम ने गुरुवार रात पाली शहर में अलग-अलग इलाकोें में ठेकों की पड़ताल की तो रात आठ बजे बाद भी ठेकों पर आवाजाही दिखी।

दावा: कार्रवाई में दूसरा स्थान
इधर, पाली पुलिस का दावा है कि अपराधों पर अंकुश लगाने में पाली रेंज प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। जनवरी से मार्च तक 115 मामले दर्ज किए गए और 139 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से 4755.254 किलो मादक पदार्थ, 1235 अफीम के पौधे बरामद किए।

न बेचने वाले को डर और न ही ग्राहक को
केस-1... मिलगेट पर पुलिस चौकी के निकट गुरुवार रात साढ़े नौ बजे शराब ठेके का शटर तो बंद था, लेकिन बंद शटर में एक खिड़की से खुलेआम शराब की बिक्री की जा रही थी। ठेके के पास करीब आठ से दस लोग शराब खरीदने वाले खड़े थे। यह क्रम काफी देर चलता रहा।

केस-2... रामदेव रोड पुलिस चौकी के पास गली में शराब के ठेके पर पौने दस बजे ग्राहकों की भीड़ थी। शटर के पास ही एक गेट बना हुआ है, जहां से शराब बेची जा रही थी। यहां इक्के-दुक्के ग्राहक लगातार आ रहे थे। पुलिस चौकी का भय न तो शराब बेचने वाले पर दिखा न ही ग्राहकों पर।

केस-3... मंडिया रोड मुख्य मार्ग पर कालूजी की बगेची के पास शराब का ठेका है। यहां ठेका तो बंद था, लेकिन शटर की खिड़की से देर रात तक शराब बेची जा रही थी। पत्रिका टीम सवा दस बजे यहां पहुंची थी। मजे की बात यह है कि ठेके के बाहर भी काफी लोग बैठे थे।

Published on:
06 Apr 2024 05:35 pm