पाली

Silent Heart Attack: दोस्त की दुकान की सीढ़ियां उतरते ही थम गईं सांसें, ढाई साल पहले हुई थी शादी, मासूम बेटा अनाथ

पाली में 32 वर्षीय कल्पेश धारीवाल की साइलेंट हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह दोस्त की दुकान से सीढ़ियां उतर रहे थे, तभी अचानक गिर पड़े। परिजन उन्हें बांगड़ हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।
2 min read
Feb 24, 2026
Pali Silent Heart Attack 32 year old dies of heart attack while climbing down stairs at friend shop
कल्पेश धारीवाल (फोटो सोशल मीडिया)

Pali News: राजस्थान के पाली शहर से एक बेहद झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। रविवार को टैगोर नगर निवासी एक 32 वर्षीय युवक, कल्पेश धारीवाल की अचानक तबीयत बिगड़ने और गिरने से मौत हो गई।

हंसते-खेलते युवक की इस तरह अकाल मृत्यु ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। डॉक्टरों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत का कारण साइलेंट हार्ट अटैक माना जा रहा है।

दोस्त से मिलने गया था, सीढ़ियों पर ही गिर पड़ा

घटना रविवार दोपहर रामलीला मैदान क्षेत्र की है। मरुधर नगर (टैगोर नगर) निवासी कल्पेश धारीवाल अपने एक मित्र की दुकान पर मिलने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कल्पेश बिल्कुल सामान्य दिख रहा था और अपने दोस्त से बात करने के बाद दुकान से बाहर निकल रहा था। जैसे ही उसने दुकान की सीढ़ियां उतरना शुरू किया, अचानक उसे बेचैनी हुई और वह बेसुध होकर नीचे गिर पड़ा।

वहां मौजूद लोग तुरंत दौड़कर आए और कल्पेश को संभालने की कोशिश की। आनन-फानन में उसे शहर के बांगड़ हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही कल्पेश की सांसे थम चुकी थीं। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

माता-पिता दिल्ली में थे, घर पर पत्नी और मासूम बच्चा

इस हादसे की खबर ने कल्पेश के परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है, जिस समय यह घटना हुई, कल्पेश के माता-पिता और भाई एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली गए हुए थे। घर पर केवल उसकी पत्नी प्रियंका और महज डेढ़ साल का बेटा जिनेय थे।

ढाई साल पहले ही कल्पेश की शादी हुई थी और वह अपने छोटे से परिवार के साथ खुशहाल जीवन जी रहा था। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही दिल्ली से परिजन बदहवास हालत में पाली के लिए रवाना हुए।

अस्पताल की रिपोर्ट और अंतिम विदाई

बांगड़ अस्पताल के डॉक्टर पंकज माथुर ने बताया कि जब युवक को अस्पताल लाया गया, तब उसकी मृत्यु हो चुकी थी। परिजनों द्वारा दी गई जानकारी और घटना के लक्षणों के आधार पर इसे हार्ट अटैक की आशंका माना जा रहा है। चूंकि मामला पूरी तरह स्पष्ट था, इसलिए परिजनों ने बिना पोस्टमॉर्टम के ही शव को ले जाने का निर्णय लिया।

सोमवार को परिजनों के लौटने के बाद कल्पेश का अंतिम संस्कार किया गया। श्मशान घाट पर मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं। महज 32 साल की उम्र में दुनिया छोड़ जाने वाले कल्पेश के पीछे अब उसकी पत्नी और छोटे से बेटे की जिम्मेदारी छोड़ गया है।

Updated on:
24 Feb 2026 12:22 pm
Published on:
24 Feb 2026 12:22 pm