पाली

धधक उठी राजस्थान की टेक्सटाइल फैक्ट्री: 8 हजार कपड़ों के थान जले, आग की तपन से पिघला प्लास्टिक, 7 दमकलों ने पाया काबू

Pali Textile Factory Fire: पाली के मंडिया रोड स्थित आगम टेक्सटाइल फैक्ट्री में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। 7 दमकलों ने 54 फेरे कर सुबह 4 बजे आग पर काबू पाया। लाखों का कपड़ा जलकर राख हो गया।

2 min read
Apr 15, 2026
Pali Textile Factory Fire (Patrika Photo)

Fire Incident Pali Textile Factory: पाली: राजस्थान के औद्योगिक शहर पाली के मंडिया रोड स्थित आगम टेक्सटाइल फैक्ट्री में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में फैक्ट्री के गोदाम में रखा लाखों रुपए का कपड़ा जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार, आग मंगलवार रात करीब 9:30 बजे फैक्ट्री के फोल्डिंग हॉल (नंबर 220-221) से शुरू हुई। देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए पाली के साथ-साथ सोजत सिटी से भी दमकलें मंगवाई गईं।

ये भी पढ़ें

Jaipur LPG Crisis: 25 दिन के बुकिंग नियम ने बढ़ाई मुश्किल, 15 से 20 दिन में खत्म हो रहा सिलेंडर, गृहिणियों ने निकाला नया रास्ता

अग्निशमन विभाग के अनुसार, 7 दमकल की गाड़ियों ने कुल 54 फेरे किए। रात भर चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय लोगों और आसपास की फैक्ट्रियों ने भी पानी उपलब्ध कराकर मदद की। कड़ी मशक्कत के बाद बुधवार अलसुबह करीब 4:00 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

सिंथेटिक कपड़ों ने बढ़ाई मुश्किल

फैक्ट्री के राहुल ने बताया कि गोदाम में करीब 7 से 8 हजार कपड़े के धान रखे हुए थे। विशेषज्ञों के अनुसार, टेक्सटाइल फैक्ट्रियों में आग तेजी से फैलने का मुख्य कारण कपड़ों की प्रकृति है। सिंथेटिक कपड़ा पेट्रोकेमिकल से बना होता है, जो अत्यधिक ज्वलनशील है। आग लगने पर यह कपड़ा राख बनने के बजाय प्लास्टिक की तरह पिघलकर चिपक जाता है, जिससे लपटें बुझाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

इन जांबाजों ने संभाला मोर्चा

अग्निशमन अधिकारी रामलाल गहलोत के नेतृत्व में फायरमैन पारस गहलोत, कमलकिशोर, राहुल, डिम्पल, अशोक, महेंद्र, रमेश, आशीष, सुमेर चौधरी और अमृत आदिवाल सहित पूरी टीम ने पूरी रात मोर्चा संभाले रखा।

फिलहाल, प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी शेष है।

आग की शुरुआत फोल्डिंग हॉल से हुई थी। प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण अज्ञात है, जिसकी जांच की जा रही है।
-रामलाल गहलोत, अग्निशमन अधिकारी

ये भी पढ़ें

Murder: BAP नेता के भाई का शादीशुदा महिला से इश्क बना काल, सागबारी सरपंच पर मर्डर की साजिश का आरोप, बिलख रही मासूम बेटियां
Published on:
15 Apr 2026 11:15 am
Also Read
View All