
Bमारवाड़ जंक्शन @ पत्रिका.B बाबा रामदेवरा की यात्रा पर पैदल जाने वाले जातरुओं की सेवा के लिए रामदेव सेवा समिति, मालियों की ढाणी, मारवाड़ जंक्शन की ओर से निशुल्क भंडारे का शुभारंभ किया गया।
सूर्य नगर स्थित रेलवे ओवरब्रिज से पहले लगाए गए इस भंडारे में रामदेवरा जाने वाले पैदल श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। भंडारे के शुभारंभ अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। समिति सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेवजी की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना कर आरती की तथा ज्योत प्रज्वलित की। इसके बाद बाबा रामदेवजी को लापसी का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बताया कि रामदेवरा मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए रामदेवरा पहुंचते हैं। लंबी पैदल यात्रा के दौरान जातरुओं को भोजन, पानी एवं विश्राम जैसी सुविधाओं की आवश्यकता होती है। भंडारे में पैदल यात्रियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। समिति के कार्यकर्ता श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हुए हैं और आने वाले जातरुओं को प्रेमपूर्वक भोजन एवं प्रसाद उपलब्ध कराया जा रहा है।