पाली

खौफ के साए में राजस्थान का यह शहर, कहीं हो ना जाए इंदौर जैसा दर्दनाक हादसा, लोग पड़ रहे बीमार

पाली शहर में गंदे और बदबूदार पानी की आपूर्ति से लोगों में भारी रोष है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो हालात गंभीर हो सकते हैं।

2 min read
Feb 10, 2026
साफ पानी आने के इंतजार में महिला। फोटो- पत्रिका

पाली। इंदौर में गंदे पानी की आपूर्ति के कारण कई लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। ऐसे ही हालात पाली में भी कभी बन सकते हैं। शहर के कई क्षेत्रों में गंदला व बदबूदार पानी सप्लाई हो रहा है। लोग वही गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। कई इलाकों में इतना गंदा पानी आ रहा है कि बदबू के कारण घरों में खड़ा रहना मुश्किल हो जाता है।

लोगों का कहना है कि पाली शहर के सीवरेज व नालियों का पानी जलदाय विभाग की पाइप लाइनों में मिल रहा है, जिससे पानी गंदा व बदबूदार हो जाता है। शिकायत करने के बावजूद विभाग की ओर से आपूर्ति में सुधार नहीं हो रहा है। गौरतलब है कि चंद रोज पहले कांग्रेस ने विधायक भीमराज भाटी के नेतृत्व में गंदे पानी की समस्या को लेकर जलदाय विभाग परिसर में प्रदर्शन भी किया था।

ये भी पढ़ें

Rajasthan Roadways: रोडवेज बस में अचानक भरा धुंआ, सामान लेकर खिड़कियों से कूदे यात्री, VIRAL हुआ वीडियो

पानी में आती तेज दुर्गंध

राजेंद्र नगर निवासी पृथ्वीसिंह ने बताया कि हमारे क्षेत्र की पाइप लाइन में सीवरेज का पानी मिल रहा है। जलापूर्ति के समय शुरू में गंदा पानी निकलता है, उसके बाद साफ पानी आता है, लेकिन वह बहुत कम प्रेशर से आता है। यदि बूस्टर लगा दें तो पानी दोबारा गंदा आना शुरू हो जाता है और उसमें तेज दुर्गंध आती है।

पानी में आती बदबू

पानी में बदबू आती है। हम वही पानी पीते हैं। कई बार ज्यादा बदबू आने पर अन्य जगहों से पानी लाना पड़ता है। मुझे नहीं पता कि शिकायत कहां करनी है।

  • रेखा, बजरंगवाड़ी शास्त्री नगर ए

पीने लायक नहीं पानी

पानी देखने में साफ होता है, लेकिन उसमें बदबू आती है। वह पीने लायक नहीं है। हमारी मजबूरी है कि वही पानी पीना पड़ता है। कई बार पानी के कैंपर मंगवाने पड़ते हैं।

  • सोहन प्रजापत, बजरंगवाड़ी

पीकर पड़ रहे बीमार

हमारी गली में पानी गंदा व बदबूदार ही आ रहा है। लोग इसे पीकर बीमार हो चुके हैं। मेरे घर में भी लोग बीमार हैं। यहां पानी का दूसरा कोई विकल्प नहीं है, इसलिए यही पानी पीना पड़ता है।

  • शांति, रूणेचा कॉलोनी

तेज गंध आती है

पानी में तेज गंध आती है। कई बार तो रंगीन पानी भी आता है। हम ऐसा ही पानी पी रहे हैं। हमारे पास कोई दूसरा रास्ता भी नहीं है।

  • मुकेश कुमार, रूणेचा कॉलोनी

बजरंगवाड़ी, रूणेचा कॉलोनी और दुर्गा कॉलोनी में कई स्थानों पर सीवरेज के चैंबर पाइप लाइन के ऊपर बने हुए हैं। इस कारण पानी गंदा आ रहा है। उन स्थानों को चिन्हित कर पाइप लाइन अन्य जगह से निकाली जाएगी। पाइप लाइनों के ऊपर सीसी रोड होने से पानी ऊपर नहीं आता और लीकेज का पता लगाने में दिक्कत आती है।

  • डूंगाराम नोगिया, सहायक अभियंता, पीएचईडी, पाली

ये भी पढ़ें

Rajasthan: शादी के बाद पत्नी के नाम से उठाया 19 लाख का लोन, डेढ़ साल बाद इंदौर से फर्जी IPS अधिकारी अरेस्ट

Also Read
View All

अगली खबर