पटना

जानी दुश्मन की पुण्यतिथि पर अनंत सिंह का महादंगल, देश-विदेश के पहलवान दिखाएंगे दमखम

बाहुबली विधायक अनंत सिंह आज (शुक्रवार) मोकामा में अपने कभी जानी दुश्मन रहे विवेका पहलवान की पुण्यतिथि पर अंतरराष्ट्रीय महादंगल का आयोजन कर रहे हैं। इसमें कई देशों के पहलवान हिस्सा लेंगे और करीब 8 से 10 लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
2 min read
Apr 03, 2026
बाहुबली विधायक अनंत सिंह / mokama mla anant singh
बाहुबली विधायक अनंत सिंह (फोटो-स्क्रीन ग्रैब)

मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह जेल से रिहा होने के बाद लगातार चर्चा में हैं। इन दिनों वे मोकामा में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय महादंगल को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसमें भाग लेने के लिए विदेश से भी पहलवान पहुंच रहे हैं। यह महादंगल आज (शुक्रवार) आयोजित होना है।

खास बात यह है कि अनंत सिंह इस महादंगल का आयोजन अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी बाहुबली विवेका पहलवान की पुण्यतिथि पर करा रहे हैं। एक समय दोनों एक-दूसरे के कट्टर दुश्मन माने जाते थे और कई बार दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी तक हुई थी। ऐसे में अब विवेका पहलवान के नाम पर महादंगल का आयोजन कराना चर्चा का बड़ा कारण बना हुआ है।

मोकामा में आज अंतरराष्ट्रीय महादंगल

अंतरराष्ट्रीय महादंगल आज (शुक्रवार) मोकामा के नदवां गांव में आयोजित होना है, जिसमें करीब 8 से 10 लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इस आयोजन में बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी भी शामिल होंगे।

अनंत सिंह ने इस महादंगल के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उनके बेटे निशांत सहित कई नेताओं, विधायकों और मंत्रियों को आमंत्रित किया है। दंगल में देश-विदेश के पहलवान अपना दमखम दिखाएंगे। इसके लिए गांव में विशेष अखाड़ा तैयार किया गया है।

आयोजकों का उद्देश्य इस महादंगल को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है, इसलिए इसमें विदेशी पहलवानों को भी आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही देश के विभिन्न राज्यों के पहलवान भी इसमें भाग लेंगे।

देश-विदेश के पहलवान दिखाएंगे दमखम

महादंगल में ईरान के चर्चित पहलवान हामिद, इरफान और जलाल के साथ जॉर्जिया के टेड्डू भी अखाड़े में उतरेंगे। इसके अलावा अनंत सिंह ने उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र से भी कई पहलवानों को आमंत्रित किया है। इस आयोजन में देश ही नहीं, बल्कि विदेश के पहलवान भी कुश्ती लड़ते नजर आएंगे।

इसको लेकर प्रशासन की ओर से विशेष तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा के मद्देनज़र निजी बॉडीगार्ड और अनंत सिंह के सुरक्षा कर्मी भी मौके पर तैनात रहेंगे। एंट्री प्वाइंट्स पर निगरानी और भीड़ नियंत्रण के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। दंगल में आने वाले लोगों के लिए खाने-पीने की भी व्यापक व्यवस्था की गई है।

Updated on:
03 Apr 2026 10:46 am
Published on:
03 Apr 2026 10:46 am