पटना

BSEB Matric Result 2026: 10वीं का रिजल्ट जारी; 81.79% स्टूडेंट्स हुए पास, पुष्पांजलि और सबरीन ने किया टॉप

BSEB Matric Result 2026: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने मैट्रिक परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। 
2 min read
Mar 29, 2026
BSEB Matric Result 2026
रिजल्ट जारी करते बिहार बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर और शिक्षा मंत्री सुनील कुमार (फ़ोटो- पत्रिका)

BSEB Matric Result 2026: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। रविवार 29 मार्च 2026 को राज्य के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर की उपस्थिति में मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 के नतीजों का ऐलान किया। इस साल कुल 81.79% परीक्षार्थी सफल हुए हैं, जो पिछले साल के 82.11% के मुकाबले कम रहा है।

दो छात्राओं ने किया टॉप

इस साल की मेरिट लिस्ट में दो छात्राओं ने संयुक्त रूप से पूरे राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया है। पहले स्थान पर आने वाली छात्राओं में जमुई के सिमुलतला आवासीय स्कूल की पुष्पांजलि और वैशाली के उच्च माध्यमिक विद्यालय छौड़ाही की समरीन परवीन शामिल हैं। दोनों को 500 में से 492 अंक यानि 98.42% मिले हैं। कुल मिलाकर टॉप-10 की सूची में इस बार 139 परीक्षार्थी शामिल हैं, जिसमें बेटियों का दबदबा देखने को मिला है। पास होने वाले कुल छात्रों में से 601,390 लड़के सफल रहे, जबकि 634,353 लड़कियों ने सफलता प्राप्त की।

टॉपर्स को बोर्ड की ओर से नकद राशि, लैपटॉप, स्कॉलरशिप और किंडल ई-बुक रीडर देकर सम्मानित किया जाएगा। पहली रैंक हासिल करने वाले छात्रों को 2 लाख, सेकेंड टॉपर को 1.5 लाख और थर्ड टॉपर को एक लाख रुपये का नकद इनाम मिलेगा।

15 लाख से अधिक छात्रों ने दी थी परीक्षा

बिहार बोर्ड 10 वीं की परीक्षा इस साल 17 फरवरी से 26 फरवरी के बीच राज्य भर के स्कूलों में आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में लगभग 15.12 लाख छात्र शामिल हुए थे। बोर्ड ने पारदर्शी मूल्यांकन के लिए कॉपियों की बारकोडिंग और ओएमआर (OMR) शीट का इस्तेमाल किया था, जिससे रिकॉर्ड समय में रिजल्ट जारी हो सका।

बोर्ड ने रिजल्ट जारी करने से पहले टॉप-20 में आने वाले सभी छात्रों का फिजिकल वेरिफिकेशन किया गया। जहां विषय विशेषज्ञों ने इन छात्रों से सवाल पूछे और छात्रों की हैंडराइटिंग को उनकी उत्तर पुस्तिकाओं में लिखे गए जवाब से मैच किया गया।

यहां चेक करें रिजल्ट

रिजल्ट जारी होते ही वेबसाइटों पर भारी ट्रैफिक के कारण छात्र परेशान न हों, वे इन आधिकारिक लिंक्स पर अपना रोल नंबर और रोल कोड डालकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।

  • results.biharboardonline.com
  • biharboardonline.bihar.gov.in
  • bsebexam.com

कैसे चेक करें रिजल्ट

  • आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.bihar.gov.in या results.biharboardonline.com पर जाएं।
  • होमपेज पर मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 रिजल्ट के लिंक पर क्लिक करें।
  • दिए गए जगह पर अपना रॉल कोड और रॉल नंबर दर्ज करें।
  • कैप्चा कोड भरकर सबमिट कर दें।
  • अब आपकी मार्कशीट स्क्रीन पर दिखाई देगी।

स्क्रूटनी और कंपार्टमेंटल परीक्षा

जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति उनके लिए जल्द ही स्क्रूटनी (पुनर्मूल्यांकन) के लिए आवेदन की तारीखें जारी करेगा। वहीं, एक या दो विषयों में फेल होने वाले छात्रों को कंपार्टमेंटल परीक्षा के जरिए इसी साल पास होने का मौका मिलेगा। कंपार्टमेंटल परीक्षा के लिए एक से सात अप्रैल के बीच आवेदन किया जा सकता है।