BSEB Matric Result 2026: बिहार बोर्ड जल्द ही 10वीं का रिजल्ट जारी कर सकता है। बोर्ड की तैयारियां इसको लेकर अपने अंतिम चरण में हैं। बोर्ड किसी भी समय रिजल्ट की तारीख का ऐलान कर सकता है।
BSEB Matric Result 2026:बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) जल्द ही कक्षा 10 (मैट्रिक) के नतीजे घोषित करने वाला है। बोर्ड सूत्रों के अनुसार, मार्कशीट तैयार की जा रही हैं और पूरी प्रक्रिया अंतिम चरण में है। पिछले साल बोर्ड ने 29 मार्च को मैट्रिक का रिजल्ट जारी किया था, लेकिन इस बार उससे पहले नतीजे घोषित करने की तैयारी चल रही है। BSEB ने फरवरी में कक्षा 10 (मैट्रिक) 2026 की परीक्षाएं आयोजित की थीं, जिसमें लगभग 15.12 लाख छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था। यह परीक्षाएं राज्यभर के 1,699 केंद्रों पर आयोजित हुई थीं। कुल 15,12,687 परीक्षार्थियों में 7,85,722 छात्राएं और 7,26,961 छात्र शामिल थे। रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र BSEB की आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.bihar.gov.in और secondary.biharboardonline.com पर जाकर अपना परिणाम देख सकेंगे। मैट्रिक रिजल्ट से पहले बिहार बोर्ड 12वीं (इंटरमीडिएट) के नतीजे जारी करेगा, जिसकी तैयारियां भी लगभग पूरी हो चुकी हैं।
बिहार बोर्ड फिलहाल टॉपर वेरिफिकेशन की प्रक्रिया में जुटा हुआ है। सूत्रों के अनुसार, संभावित टॉपर्स की कॉपियों की विभिन्न जिलों में दोबारा जांच की जा रही है। टॉपर वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद ही रिजल्ट की तारीख का ऐलान किया जाएगा। दरअसल, बोर्ड संभावित टॉपर्स को वेरिफिकेशन के लिए बुलाता है, जहां उनका पैनल इंटरव्यू भी लिया जाता है। इस दौरान उनसे उनके विषयों से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं। इस प्रक्रिया का उद्देश्य परिणाम में किसी भी तरह की गड़बड़ी या अनियमितता से बचना होता है। टॉपर वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद ही बोर्ड रिजल्ट जारी करता है।
पिछले शैक्षणिक सत्र (2025) में कुल 4,70,845 छात्रों ने प्रथम श्रेणी (First Division) हासिल की थी। इनमें 2,53,754 छात्र और 2,17,091 छात्राएं शामिल थीं। द्वितीय श्रेणी (Second Division) में 4,84,012 छात्र उत्तीर्ण हुए, जिनमें 2,29,958 छात्र और 2,54,054 छात्राएं थीं। वहीं, 3,07,792 छात्रों ने तृतीय श्रेणी (Third Division) के साथ परीक्षा पास की, जिनमें 1,38,144 छात्र और 1,69,648 छात्राएं शामिल थीं।टॉप 10 की सूची में कुल 123 छात्रों को स्थान मिला था। इनमें रैंक 1 से 5 के बीच 25 छात्र, जबकि रैंक 6 से 10 के बीच 98 छात्र शामिल थे। साक्षी कुमारी, अंशु कुमारी और रंजन वर्मा ने 489 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से टॉप किया था। पास प्रतिशत की बात करें तो लड़कों का पास प्रतिशत 83.67 रहा, जबकि लड़कियों का पास प्रतिशत 80.67 प्रतिशत दर्ज किया गया था।