
एग्जीक्यूटिव इंजीनियर गोपाल कुमार (फाइल फोटो)
जमुई के ग्रामीण विकास विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर गोपाल कुमार के पटना और जमुई आवास समेत चार ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने शनिवार की सुबह-सुबह छापेमारी की है। रेड में अभी तक 40 लाख रुपए कैश मिले हैं। और पैसे को गिनने के लिए आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने नोटों के गिनने वाले मशीन को मंगवाया है। पटना में मजिस्ट्रेट कॉलोनी के जगत विला अपार्टमेंट के 2nd फ्लोर F2 फ्लैट में यह छापेमारी चल रही हैं। सुबह करीब साढ़े 8 बजे EOU के अधिकारी यहां कार्रवाई के लिए पहुंचे थे। पटना और जमुई में आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की रेड चल रही है।
आर्थिक अपराध इकाई (EOU) थाने में आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज होने के बाद शनिवार सुबह जमुई के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर गोपाल कुमार के चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की गई। EOU सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में करीब 2 करोड़ रुपये से अधिक की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के प्रमाण मिले हैं। यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से लगभग 81.5 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद यह कार्रवाई शुरू की।
आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम एग्जीक्यूटिव इंजीनियर गोपाल कुमार के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही है। इनमें पटना के मजिस्ट्रेट कॉलोनी स्थित ज्योतिपुरम में जगत विला अपार्टमेंट का फ्लैट, कंकड़बाग के पूर्वी इंदिरा नगर रोड नंबर-4 स्थित आवास, जमुई में के.के.एम. कॉलेज के पास किराये का मकान और झाझा स्थित कार्यालय शामिल हैं। सबसे ज्यादा 25 लोगों की टीम मजिस्ट्रेट कॉलोनी स्थित ज्योतिपुरम में जगत विला अपार्टमेंट में रेड करने पहुंची है। जबकि सबसे कम झाझा स्थिति ग्रामीण विकास विभाग के ऑफिस में 08 लोग तलाशी करने पहुंचे हैं। कंकड़बाग स्थिति पूर्वी इंदिरा नगर रोड नंबर-4 स्थित आवास और जमुई में के.के.एम. कॉलेज के पास किराये का मकान पर 15-15 लोगों की टीम जांच करने पहुंची है।
Updated on:
16 May 2026 11:08 am
Published on:
16 May 2026 10:35 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
