Bihar Politics पटना में जदयू कार्यकर्ताओं ने बड़े-बड़े पोस्टर और बैनर लगाकर नीतीश कुमार से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की भावुक अपील की है।
Bihar Politics नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन भरने के बाद आज शाम 5 बजे अपने आवास पर जेडीयू (JDU) के सभी विधायकों, सांसदों और विधान पार्षदों (MLC) की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। इस बैठक में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।
बताया जा रहा है कि इस बैठक में नीतीश कुमार अपने भविष्य के राजनीतिक कदमों पर चर्चा करेंगे। साथ ही वे राज्यसभा जाने के अपने फैसले से पार्टी नेताओं को अवगत कराएंगे। इसके अलावा बिहार की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबर सामने आने के बाद से जदयू के जमीनी कार्यकर्ताओं और नेताओं में बेचैनी बढ़ गई है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि नीतीश कुमार का बिहार की सक्रिय राजनीति में बने रहना अभी पार्टी के अस्तित्व के लिए जरूरी है। इसलिए उन्हें अपने फैसले पर दोबारा विचार करना चाहिए।
कार्यकर्ताओं की यह नाराजगी अब सड़कों पर भी दिखाई देने लगी है। पटना की सड़कों पर पोस्टर लगाकर कार्यकर्ता नीतीश कुमार से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील कर रहे हैं। पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय के बाहर भी कार्यकर्ताओं ने बड़े-बड़े पोस्टर लगाए हैं। इन पोस्टरों के जरिए मुख्यमंत्री से भावुक अपील की गई है कि वे अपने फैसले पर फिर से विचार करें। पोस्टर पर लिखा है— 'नीति सेवक कर रहा पुकार, नेता करें अपने निर्णय पर पुनः विचार।'