पटना

खान सर के खिलाफ फूटा गुस्सा, रौशन आनंद की रिहाई के लिए सड़क पर उतरे हजारों छात्र

Patna Coaching War: ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद की गिरफ्तारी के विरोध में हज़ारों छात्र पटना की सड़कों पर उतर आए हैं। नारे लगाते हुए छात्र खान सर के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं और रौशन आनंद की तत्काल रिहाई की अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।

2 min read
Jun 04, 2026
patna coaching war
पटना की सड़कों पर प्रदर्शन करते छात्र

Patna Coaching clash: बिहार की राजधानी पटना का कोचिंग हब मुसल्लापुर हाट और कारगिल चौक गुरुवार को छात्रों के भारी गुस्से और नारों से गूंज उठा। 'ज्ञान बिंदु कोचिंग' के डायरेक्टर रौशन आनंद की गिरफ्तारी के विरोध में हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए हैं। हाथों में तख्तियां लिए प्रदर्शनकारी छात्र रोशन आनंद की तुरंत रिहाई और खान सर की गिरफ्तारी की अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

रौशन आनंद की रिहाई की मांग

छात्र 'जेल के ताले टूटेंगे, रौशन सर छूटेंगे' जैसे नारों के साथ उग्र प्रदर्शन कर रहे हैं। हाथों में मोमबत्तियां लेकर कैंडल मार्च निकाल रहे छात्रों का साफ कहना है कि रौशन सर पूरी तरह निर्दोष हैं और आगामी परीक्षाओं को देखते हुए उन्हें जानबूझकर फंसाया जा रहा है, जो छात्रों के भविष्य को बर्बाद करने की एक सोची-समझी साजिश है। छात्रों ने आक्रोश जताते हुए सवाल उठाया कि जब खान सर ने खुद 10 राउंड गोली चलने की बात स्वीकार की थी और अब उन्हीं के गार्ड्स इस मामले में गिरफ्तार हुए हैं, तो फिर खान सर की गिरफ्तारी क्यों नहीं हो रही है और सम्राट चौधरी का प्रशासन मौन क्यों है?

कैंडल मार्च के लिए आए थे छात्र - डीएसपी

मौके पर पहुंचे टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन ने बताया कि छात्र रौशन आनंद के समर्थन में कैंडल मार्च निकालने पहुंचे थे। उन्होंने साफ किया कि सीसीटीवी वीडियो के सत्यापन के बाद खान सर के दो गार्ड्स को गिरफ्तार कर लिया गया है और खुद खान सर से भी इस संबंध में गहन पूछताछ की गई है। डीएसपी ने छात्रों को शांत रहने की अपील करते हुए आश्वासन दिया है कि पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है और तफ्तीश में आगे जो भी तथ्य या सबूत सामने आएंगे, उसके अनुसार कानूनन सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विवाद की पूरी कहानी क्या है?

यह पूरा विवाद 2 जून की रात करीब 10 बजे शुरू हुआ जब मुसल्लापुर हाट में स्थित खान सर के कोचिंग संस्थान पर अचानक कुछ लोगों के एक समूह ने पत्थरबाजी और तोड़फोड़ कर दी। हमलावरों ने संस्थान के प्रवेश द्वार पर लगे होर्डिंग्स और बैनर फाड़ दिए और वहां तैनात एक सुरक्षा गार्ड पर बेरहमी से हमला किया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। इस घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 'ज्ञान बिंदु कोचिंग' के डायरेक्टर रौशन आनंद और उनके दो साथियों को पूरी घटना की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश किए जाने के बाद, उन्हें बेउर जेल भेज दिया गया है।

खान सर के गार्ड गिरफ्तार

इस हाई-प्रोफाइल मामले ने तब एक नया मोड़ ले लिया, जब ज्ञान बिंदु कोचिंग ने घटना का एक CCTV वीडियो जारी किया। इस वीडियो में खान सर के दो सुरक्षा गार्ड झड़प के दौरान हवा में गोलियां चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। जैसे ही यह वीडियो सामने आया पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। वे खान सर के कोचिंग सेंटर पहुंचे और वीडियो में गोली चलाते दिखे दो गार्डों को हिरासत में ले लिया। कदमकुआं पुलिस स्टेशन में लगभग तीन घंटे तक चली कड़ी पूछताछ के बाद, पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने हवाई फायरिंग को लेकर कदमकुआं पुलिस स्टेशन में एक नई FIR दर्ज की है। इसके अलावा, उन्होंने घटना के दौरान दोनों गार्डों द्वारा इस्तेमाल किए गए हथियारों को जब्त कर लिया है और उन्हें फोरेंसिक जांच (FSL) के लिए भेज दिया है। इस मामले के संबंध में, पुलिस ने खान सर से भी पूछताछ की है।

Published on:
04 Jun 2026 06:55 pm