पटना

बाहुबली ने खेसारी को दिया पवन सिंह के क्षेत्र से चुनाव लड़वाने का ऑफर; एक्टर ने जोड़ लिए हाथ, दिया चौंकाने वाला जवाब

रोहतास में एक कार्यक्रम के दौरान बाहुबली नेता सुनील पांडे ने भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव को काराकाट से चुनाव लड़ने का ऑफर दे दिया। यह वही काराकाट लोकसभा सीट है जहां पवन सिंह ने 2024 के आम चुनाव में निर्दलीय कैंडिडेट के तौर पर चुनाव लड़ा था।
2 min read
Mar 03, 2026
bihar politics, खेसारी लाल यादव, bihar politics, khesari lal yadav
खेसारी लाल यादव (फोटो- Instagram @khesari_yadav)

भोजपुरी सिनेमा के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल यादव और बिहार के बाहुबली नेता और पूर्व MLA सुनील पांडे के बीच एक कार्यक्रम के दौरान बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो रोहतास के नवाड़ी में हुए एक बड़े इवेंट का है, जहां बाहुबली सुनील पांडे ने मंच से खेसारी लाल यादव को चुनाव लड़ने का ऑफर दिया। दिलचस्प बात यह है कि यह ऑफर उसी काराकाट सीट के लिए था, जहां से भोजपुरी सिनेमा के पॉवर स्टार पवन सिंह ने 2024 के चुनाव में निर्दलीय चुनाव लड़कर नेशनल मीडिया का ध्यान खींचा था।

बाहुबली सुनील पांडे का खेसारी यादव को ऑफर

कार्यक्रम में सुनील पांडे ने अपने जाने-पहचाने अंदाज में माइक लिया और खेसारी लाल यादव की तरफ इशारा करते हुए कहा, "जुबान दे रहे हैं, काराकाट से टिकट फाइनल है। अब तुम चुनाव लड़ो, बबुआ! जीत की गारंटी मैं देता हूं।" बाहुबली नेता ने खेसारी को भरोसा दिलाया कि वह उन्हें टिकट दिलाएंगे और उनकी जीत पक्की करने की जिम्मेदारी उनकी होगी। मंच पर मौजूद लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं। सुनील पांडे ने तो यहां तक ​​कह दिया कि अगर वह उनके सपोर्ट में चुनाव लड़ें तो कोई उन्हें चैलेंज करने की हिम्मत नहीं करेगा।

ऑफर पर खेसारी का रिएक्शन

सुनील पांडे का यह चुनावी ऑफर सुनते ही खेसारी लाल यादव के एक्सप्रेशन बदल गए। उन्होंने तुरंत हाथ जोड़ लिए। खेसारी का रिएक्शन ऐसा था जैसे उन्होंने कोई भूत देख लिया हो। खेसारी ने विनम्रता से लेकिन साफ ​​तौर पर कहा कि उन्होंने पॉलिटिक्स छोड़ दी है और अब उन्हें चुनाव नहीं लड़ना।

खेसारी ने कहा, "भैया, मैं आपका छोटा भाई बनकर बहुत खुश हूं। मुझे चुनाव नहीं लड़ना है। जो इंसान सच बोलता है, वह नेता नहीं बन सकता। बहुत कम लोग होते हैं जिन्होंने सच बोलकर अपनी ज़िंदगी जी है। चुनावी कैंपेन में मैंने जिंदगी की कड़वी सच्चाई देखी, जिससे मैं बहुत दूर था। मेरे अपनों ने ही मुझे सबसे ज्यादा दर्द दिया, तो मुझे एहसास हुआ कि मैं ही गलत था। मुझे एहसास हुआ कि मैं एक आर्टिस्ट हूं। राजनीति मेरे लिए नहीं है।"

पवन सिंह पर भी हुई बात

बातचीत के दौरान जब सुनील पांडे ने खेसारी से पूछा, "पवन सिंह से क्या टकराव चल रहा है? वीडियो देखते रहते हैं पवन सिंह और खेसारी लाल यादव में टकराव।" खेसारी ने इस पर सधे हुए लहजे में कहा कि वह किसी का नाम नहीं लेना चाहते। लेकिन उन लोगों को हमेशा लगता है कि खेसारी उनका नाम इस्तेमाल करते हुए आज इतना बड़ा हुआ है। कोई टकराव नहीं चल रहा है, यह सिर्फ विचारधारा की लड़ाई है।

इस पर, बाहुबली सुनील पांडे ने सख्त लहजे में कहा, "उ बहुत बन रहा है का, कहिए तो ओकर पता काट देते हैं?" हालांकि, खेसारी ने स्थिति को सम्मान के साथ संभालते हुए कहा कि वह किसी को गलत नहीं मानते, लेकिन उनकी विचारधारा अलग है।

कला की दुनिया में रहकर खुश

खेसारी ने राजनीतिक मैदान से दूरी बनाए रखते हुए भी चालाकी भरा जवाब दिया। उन्होंने कहा, "भैया, मुझे रहने दें। मैं आपका छोटा भाई हूं, मैं खुश हूं। मुझे पता है मैं आपके आशीर्वाद से मैं जब चाहूं राज्यसभा जा सकता हूं, लेकिन मैं राजनीति में नहीं आना चाहता। मैं अपनी कला के मंच पर खुश हूं।" उन्होंने साफ किया कि फ़िल्मों में धूम मचाना और चुनाव जीतना दो बिल्कुल अलग-अलग बातें हैं और अब वह अपनी कला के जरिए समाज की सेवा करना चाहते हैं। इस इवेंट में सिर्फ़ खेसारी ही नहीं, बल्कि राकेश मिश्रा, सोना सिंह और गोपाल राय जैसे कई जाने-माने भोजपुरी स्टार्स भी शामिल हुए।

Updated on:
03 Mar 2026 03:35 pm
Published on:
03 Mar 2026 03:35 pm