Patrika Special News

Bharatpur Red and Pink Stone : राम मंदिर से संसद तक… भरतपुर की धरती का पत्थर, जिसकी चमक के आगे वक्त भी बेअसर!

Bharatpur Red and Pink Stone : राजस्थान के बंसी पहाड़पुर के लाल और गुलाबी पत्थर अपनी बेजोड़ नक्काशी, खूबसूरती और 5,000 साल से अधिक मजबूती के लिए देश-विदेश में पहचान बना चुके हैं। बारिश में इनकी चमक और बढ़ जाती है। 18 से 50 रुपये प्रति वर्ग फीट कीमत वाले इन पत्थरों की मांग से स्थानीय कारीगरों को रोजगार मिल रहा है, जहां वे प्रतिदिन 500 से 1,000 रुपये तक कमा रहे हैं। पढ़िए मेघश्याम पाराशर की खास रिपोर्ट।
4 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 5:59 PM IST
Red and Pink Stone
बंसी पहाड़पुर के पत्थरों की दुनिया में मांग (Photo: Patrika)

Bharatpur Red and Pink Stone : दुनिया में कुछ चीजें ऐसी होती हैं, जिनकी खूबसूरती वक्त के साथ फीकी पड़ने के बजाय और निखरती जाती है। राजस्थान के भरतपुर जिले के रूपवास क्षेत्र में स्थित बंसी पहाड़पुर का लाल और गुलाबी पत्थर भी ऐसी ही अनमोल विरासत है। इसकी चमक, मजबूती और बारीक नक्काशी की खूबी ने इसे देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक पहचान दिलाई है।

अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर से लेकर अक्षरधाम मंदिर और संसद भवन जैसी महत्वपूर्ण इमारतों तक इस पत्थर की छाप दिखाई देती है। खास बात यह है कि यह पत्थर हजारों साल तक अपनी मजबूती और खूबसूरती बरकरार रखने की क्षमता रखता है। बारिश की बूंदें जब इसकी सतह पर पड़ती हैं तो इसकी चमक और निखर उठती है। यही वजह है कि स्थापत्य कला और भव्य निर्माण के लिए इस पत्थर को खास पसंद किया जाता है।

बंसी पहाड़पुर के पत्थरों की बयाना की रीको में होती है नक्काशी

बंसी पहाड़पुर का यह पत्थर भरतपुर की पहचान के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। पहाड़पुर की खदानों से निकलने के बाद यह पत्थर बयाना की रीको औद्योगिक क्षेत्र में पहुंचता है। यहां मशीनों से कटाई और हाथों से बारीक नक्काशी कर इसे अलग-अलग आकार और डिजाइन में तैयार किया जाता है। इसके बाद देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों तक इसकी आपूर्ति की जाती है। खदानों से लेकर नक्काशी और कारोबार तक बड़ी संख्या में लोगों की आजीविका इस पत्थर से जुड़ी हुई है।

राम मंदिर के लिए तलाशा गया था देश का बेहतरीन पत्थर

बंसी पहाड़पुर के पत्थर को राष्ट्रीय स्तर पर सबसे ज्यादा चर्चा अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के दौरान मिली। भाजपा प्रदेश मंत्री एवं हिंदू जागरण मंच के पूर्व विभाग संयोजक गिरधारी तिवारी बताते हैं कि वर्ष 1989 में राम मंदिर आंदोलन ने जोर पकड़ा था। उस समय रामशिला पूजन कार्यक्रम के तहत भरतपुर से भी श्रीराम नाम लिखी ईंटें तैयार कर भेजी गई थीं। इससे राम जन्मभूमि आंदोलन में भरतपुर का महत्व बढ़ा।

उन्होंने बताया कि वर्ष 1990 में राम मंदिर निर्माण के लिए देशभर में उच्च गुणवत्ता वाले पत्थर की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मंदिर निर्माण के लिए उपयुक्त पत्थर की जांच करने आचार्य गिरिराज किशोर, अशोक सिंघल और राम मंदिर के वास्तुकार चंद्रकांत सोमपुरा भरतपुर पहुंचे। यहां बंसी पहाड़पुर के पत्थर की गुणवत्ता, मजबूती और नक्काशी की संभावनाओं को परखा गया। इसके बाद मंदिर निर्माण के लिए इस पत्थर का चयन किया गया। राम मंदिर निर्माण में बंसी पहाड़पुर के पत्थर के इस्तेमाल ने इसकी पहचान को देशभर में और मजबूत किया। इसके बाद इस क्षेत्र के पत्थर की मांग और चर्चा लगातार बढ़ती गई।

बारिश में धुलती है सतह तो और निखर उठती है खूबसूरती

बंसी पहाड़पुर के पत्थर की सबसे बड़ी विशेषता इसकी प्राकृतिक चमक और मजबूती है। सामान्य तौर पर समय बीतने के साथ निर्माण सामग्री की चमक प्रभावित होने लगती है, लेकिन इस पत्थर की खासियत है कि लंबे समय तक इसकी खूबसूरती बनी रहती है। बारिश के पानी से इसकी सतह धुलने पर इसका रंग और चमक अधिक उभरकर सामने आती है।

मिस्त्री देवेंद्र कुमार के अनुसार, इस पत्थर की मियाद पांच हजार साल से अधिक बताई जाती है। यही कारण है कि मंदिरों, महलों और भव्य इमारतों के निर्माण में इसे प्राथमिकता दी जाती है। इसकी एक और विशेषता यह है कि इस पर बेहद बारीक नक्काशी की जा सकती है। पत्थर को अलग-अलग आकार देकर देवी-देवताओं की प्रतिमाएं, स्तंभ, दरवाजे, जालियां और सजावटी आकृतियां तैयार की जाती हैं।

मंदिरों से लेकर संसद भवन तक दिखाई देती है पत्थर की पहचान

बंसी पहाड़पुर के पत्थर का इस्तेमाल धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व की इमारतों के साथ आधुनिक निर्माण में भी किया गया है। अयोध्या का राम मंदिर, दिल्ली और गुजरात के अक्षरधाम मंदिर, संसद भवन, राजस्थान विधानसभा सहित कई प्रमुख निर्माण कार्यों में इस पत्थर का उपयोग बताया जाता है। इसके अलावा होटल, महल, मंदिर और किलों की सजावट एवं निर्माण में भी इसकी मांग रहती है।

भरतपुर में भी इस पत्थर की ऐतिहासिक विरासत देखने को मिलती है। शहर के गंगा मंदिर और लक्ष्मण मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों में इसकी खूबसूरती और स्थापत्य कला की झलक दिखाई देती है। इस तरह बंसी पहाड़पुर की खदानों से निकला पत्थर धार्मिक आस्था, ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक स्थापत्य का हिस्सा बन चुका है।

खदान से मशीनों तक और फिर होती है हाथों की कारीगरी से आता है निखार

बंसी पहाड़पुर की खदानों से निकाले गए पत्थर को बयाना के रीको औद्योगिक क्षेत्र में लाया जाता है। यहां आधुनिक मशीनों के माध्यम से पत्थर की कटाई और आकार देने का काम होता है। इसके बाद कारीगर अपनी कुशलता से इस पर नक्काशी करते हैं। मांग के अनुरूप पत्थर को अलग-अलग डिजाइन और आकार में तैयार किया जाता है। बयाना की रीको इंडस्ट्रीज में करीब 45 से 50 मजदूर नक्काशी और अन्य कामों में जुटे हुए हैं। यहां तैयार उत्पादों की आपूर्ति राजस्थान के अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, पंजाब, महाराष्ट्र और दिल्ली तक की जाती है। विदेशों में भी इस पत्थर की मांग रहती है।

इस कारोबार में मशीनों के साथ हाथों की कारीगरी का भी बड़ा महत्व है। एक सामान्य पत्थर को आकर्षक स्तंभ, कलात्मक जाली या सजावटी आकृति में बदलने के लिए कारीगरों को काफी मेहनत करनी पड़ती है। डिजाइन की बारीकी और काम की गुणवत्ता के आधार पर इसकी कीमत तय होती है।

मजदूरों को मिल रही 500 से 1000 रुपए मजदूरी

बंसी पहाड़पुर के पत्थर का कारोबार स्थानीय स्तर पर रोजगार का बड़ा माध्यम है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस पत्थर की कीमत 18 रुपए वर्ग फीट से लेकर 50 रुपए वर्ग फीट तक है। हालांकि कीमत पत्थर की गुणवत्ता, आकार और डिजाइन के अनुसार अलग-अलग हो सकती है। वहीं पत्थर की कटाई, नक्काशी और अन्य काम करने वाले मजदूरों को प्रतिदिन 500 से 1000 रुपए तक मजदूरी मिलती है। बंसी पहाड़पुर के पत्थर की खरीदारी और नक्काशी का काम कराने के लिए बयाना के रीको औद्योगिक क्षेत्र में संपर्क किया जा सकता है। यहां खदानों से आए पत्थर को जरूरत और मांग के अनुसार तैयार किया जाता है।

भरतपुर की मिट्टी से निकला पत्थर, दुनिया में बना पहचान

बंसी पहाड़पुर का पत्थर केवल निर्माण सामग्री नहीं, बल्कि भरतपुर की प्राकृतिक संपदा और पारंपरिक शिल्पकला की पहचान भी है। एक ओर इसकी मजबूती बड़े-बड़े निर्माणों को सदियों तक टिकाऊ बनाने की क्षमता रखती है तो दूसरी ओर कारीगरों के हाथों की नक्काशी इसे कलाकृति में बदल देती है। यही वजह है कि भरतपुर के एक छोटे से क्षेत्र की खदानों से निकलने वाला पत्थर देश के प्रतिष्ठित निर्माणों का हिस्सा बन रहा है। स्थानीय लोगों के लिए यह रोजगार और कारोबार का जरिया है तो भरतपुर के लिए गौरव की ऐसी पहचान, जिसकी चमक वक्त के साथ फीकी पड़ने वाली नहीं है।

Updated on:
24 Nov 2026, 5:59 PM IST
Published on:
Also Read
View All
Political History : एक राजनेता जो विधायक बने पर शपथ लेने से पहले ही विमान दुघर्टना में मौत हो गई, फिर क्यों नहीं दी गई उन्हें श्रद्धांजलि?

Food Court at Park : पार्क जनता के हैं, फिर वहां फूड कोर्ट और कैफे लगाने की छूट क्यों? सार्वजनिक बाग, बगीचे और जलाशयों का संरक्षण करे सरकार

Food Culture : क्या सेलिब्रेशन फूड की आदत कैंसर को बढ़ा रही है, किन उपायों पर चलकर हो सकता है नियंत्रण?

Kartik Poornima : साल में सिर्फ 24 घंटे के लिए खुलते हैं भगवान कार्तिकेय मंदिर के पट, आधी रात से ही लग जाती है भक्तों की कतार

Hindu Marriage : महज विवाह प्रमाण पत्र से नहीं बनता वैध हिंदू विवाह, जरूरी संस्कार भी साबित करने होंगे