
Political History : संवैधानिक व्यवस्थाएं सदैव नियम-कायदों से बंधी रहती है। इन्हीें व्यवस्थाओं के चलते लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं का संचालन होता है। कभी-कभी नियम-कायदों की बंदिशें ऐसी असहज स्थितियां पैदा कर देती हैं जिनमें सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को नियमों की व्याख्या के लिए उसी किताब का सहारा लेना पड़ता है जिसे हम संविधान कहते हैं। संविधान में ही देश की विधायिकाओं के अधिकार और कर्तव्य का उल्लेख किया गया है।
राजस्थान विधानसभा के संचालन के दौरान यों तो कई मौके ऐसे आए जब विधानसभा कार्यवाही के संचालन के लिए बनी पुस्तक और संवैधानिक व्यवस्थाओं का सहारा लेने की आवश्यकता लेनी पड़ी लेकिन आजादी के तत्काल बाद के दो घटनाक्रम ऐसे हैं जो बाद में नजीर बन कर रह गए। पहले घटनाक्रम में विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए सदस्य के निधन पर शोकाभिव्यक्ति से जुड़ा है तो दूसरा एक ऐसे मौके से जुड़ा है जब राजस्थान विधानसभा की बैठक विधानसभा भवन के बजाए राजभवन में हुई जिसे आजकल लोकभवन कहा जाने लगा है। आइए आपको बताते हैं दोनों दिलचस्प घटनाक्रमों से जुड़े वे तथ्य जो राजनीति में रुचि रखने वालों और नई पीढ़ी को जानना बेहद जरूरी है।
वन नेशन वन इलेक्शन की बातें आज भले ही हो रही हो लेकिन आजादी के पहले के शुरुआती चुनावों में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ ही होते थे। राजस्थान में पहले आमचुनाव में भी लोकसभा और विधानसभा के लिए एक साथ हुए थे। हालांकि तब अधिकांश राज्यों में कांग्रेस की ही हवा चल रही थी। लेकिन राजस्थान में कांग्रेस के खिलाफ पूर्व राजा-महाराजाओं और सामंतों ने मोर्चा बनाने की ठान ली थी। जोधपुर के तत्कालीन महाराजा हनवंत सिंह ने इसी मिशन के तहत अखिल भारतीय राम राज्य परिषद के नाम से राजनीतिक दल बनाया था। वे न केवल खुद जोधपुर से विधानसभा व लोकसभा के उम्मीदवार बने बल्कि उन्होंने कई पूर्व राजाओं को भी पार्टी की छतरी के नीचे ले लिया। महज 28 बरस की उम्र में हनवंत सिंह ने कांग्रेस के खिलाफ ऐसा प्रचार किया कि समूचे मारवाड़ में छह जिलों की 26 सीटों में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली।
जोधपुर के तत्कालीन महाराजा हनवंत सिंह ने कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार जयनारायण व्यास को पहले आम चुनाव में ही विधानसभा में आने से रोक दिया था। जयनारायण व्यास अंतरिम सरकार के मुख्यमंत्री तो थे ही प्रखर स्वतंत्रता सेनानी भी थे। तब पहले मुख्यमंत्री टीकाराम पालीवाल बने। जयनारायण व्यास बाद में उपचुनाव जीतकर विधानसभा में आए और उन्हें फिर मुख्यमंत्री बनने का मौका मिला।
चुनावों में रामराज्य परिषद की हवा का असर भी दिखा। वर्ष 1952 में पहले आमचुनाव 4 से 24 जनवरी तक ग्यारह चरणों में हुए थे। हनवंत सिंह को कांग्रेस के खिलाफ बड़े नेता के रूप में देखा जाने लगा था। हनवंत सिंह लोकसभा व विधानसभा दोनों के लिए उम्मीदवार थे। नतीजे आने को ही थे लेकिन नियति को शायद कुछ और ही मंजूर था। मतगणना भी तब लम्बी अवधि की होती थी। शुरुआती रुझानों में अपनी बढ़त और संभावित जीत की खुशी का जश्न मनाने हनवंत सिंह ने एक छोटे विमान के साथ उड़ान भरी। उनके साथ तीसरी पत्नी जुबैदा भी थीं। दुर्भाग्यवश विमान हवा में ही क्रेश हो गया और हनवंत सिंह व जुबैदा की इस हादसे में मौत हो गई। हालांकि जब चुनाव नतीजे आए तो हनवंत सिंह लोकसभा और विधानसभा दोनों के लिए निर्वाचित घोषित हो गए थे। लेकिन वे अपनी जीत की खबर तक नहीं सुन पाए।
बात हनवंत सिंह के विजयी घोषित होने की। सवाल यह बड़ा है कि आखिर हनवंत सिंह को विधानसभा के लिए निर्वाचित होने के बावजूद सदन में श्रद्धांजलि क्यों नहीं दी गई? पहली विधानसभा के गठन के बाद विधानसभा के पहले सत्र में ही प्रतिपक्ष के नेता जसवंत सिंह ने यह सवाल उठाया कि विधानसभा के लिए निर्वाचित होने के बावजूद सदन में हनवंत सिंह को श्रद्धांजलि न देना सरकार की बड़ी भूल है। पहली विधानसभा के पहले सत्र के चौथे दिन उनको श्रद्धांजलि नहीं देने का सवाल भी उठा था। निश्चय ही यह सवाल कई तकनीकी पेंच लिए हुआ था इसलिए इसका जवाब देने मुख्यमंत्री टीकाराम पालीवाल खुद खड़े हुए थे।
नियमों के तहत कोई भी व्यक्ति विधानसभा सदस्यता की शपथ लेने पर ही विधानसभा का सदस्य कहलाने का हकदार होता है। मुख्यमंत्री टीकाराम पालीवाल ने जवाब में कहा कि रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा निर्वाचित घोषित हो जाने मात्र से ही कोई विधानसभा का सदस्य नहीं कहलाता। सरकार की ओर से नियमों का हवाला देते हुए कहा गया कि जोधपुर के महाराजा जीनियस हो सकते हैं। उन्होंने कई साहस के काम किए हैं यह ठीक है लेकिन वे इस सदन के सदस्य शपथ लेने पर ही विधानसभा के सदस्य घोषित हो सकते थे। शपथ लेने के पहले ही निधन होने के कारण उन्हें श्रद्धांजलि नहीं दी गई।
और अब जिक्र उस किस्से का जिसमें देश के इतिहास में पहली बार किसी विधानसभा के सत्र की पहली बैठक विधानसभा भवन में होने के बजाए राजभवन में बुलाई गई। हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था में संसद हो या राज्यों की विधानसभाएं। हर सत्र की शुरुआत केन्द्र में राष्ट्रपति और राज्यों में राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू होती है। एक तरह से सत्रावसान के बाद शुरू होने वाले प्रत्येक सत्र में शुरुआत में राष्ट्रपति व राज्यपाल के अभिभाषण होते हैं। राजस्थान विधानसभा का एक बजट सत्र बाकायदा बुलाया भी हो गया। सदन में पक्ष-प्रतिपक्ष के सदस्य आ गए। राज्यपाल की अगवानी की तैयारी भी हो गई। पर ऐन मौके पर राजभवन से बुलावा आ गया कि महामहिम राज्यपाल तय तिथि को सत्र को संबोधित नहीं करेंगे। इतना ही नही अगले दिन बजट सत्र का पहला दिन राजभवन में हुआ और वहीं राज्यपाल का अभिभाषण भी कराया गया।
देश का संविधान लागू होने के बाद यह संसदीय इतिहास में पहला मौका था जब निर्धारित की गई तारीख पर बजट सत्र की न तो शुरुआत हो सकी और न ही राज्यपाल ने अपना अभिभाषण दिया। यह बात और है कि बाद में नई तारीख तय हुई और विधानसभा का बजट सत्र औपचारिक रूप से शुरू हो सका। संसदीय परंपराओं से अलग हटकर राजस्थान विधानसभा के इस रोचक वाकये में राज्यपाल की ओर से विधानसभा का बजट सत्र 22 फरवरी 1961 के लिए बुलाया गया था। इस दिन सुबह 11 बजे से राज्यपाल के अभिभाषण का कार्यक्रम भी तय था।
सवाईमानसिंह टाउन हॉल में 22 फरवरी 1961 का दिन गहमागहमी वाला था। राज्यपाल को गार्ड ऑफ आनर देने की तैयारी थी। राज्यपाल की अगवानी के लिए मुख्यमंत्री, मंत्रिपरिषद के सदस्य, विधानसभा अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष विधानसभा परिसर में 15 मिनट पहले ही पहुंच गए थे। प्रेस गैलेरी व अधिकारी दीर्घा भी खचाखच भरी हुई थी। करीब 15 मिनट राज्यपाल के इंतजार के बाद विधानसभा सचिव ने सदन का सूचना दी कि राज्यपाल महोदय ने बजट सत्र की बैठक अगले दिन राजभवन मेंं बुलाया है।
राज्यपाल द्वारा राजभवन में बजट सत्र बुलाने का यह मामला सचमुच अपनी तरह का पहला था। हैरत की बात यह कि राजभवन में विधायक जुटे तो वहां राज्यपाल का अभिभाषण विधानसभा अध्यक्ष ने ही पढ़ा। अगले दिन यानी 24 फरवरी 1961 को प्रतिपक्ष के सतीश चन्द्र अग्रवाल ने बजट सत्र विधानसभा में बुलाने की संवैधानिकता पर विधानसभा में सवाल भी उठाया। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि राज्यपाल महोदय ने अपना भाषण पढ़ा ही नहीं इसलिए उसे राज्यपाल का अभिभाषण नहीं माना जा सकता।
पक्ष-प्रतिपक्ष के सदस्यों ने इस मुद्दे पर सरकार से सवाल किए तो विधि मंत्री रामकिशोर व्यास को जवाब देने के लिए खड़ा होना पड़ा। व्यास ने जवाब में कहा कि गवर्नर हैड ऑफ स्टेट होते हैं इसलिए उनके आदेश को चैलेेंज नहीं किया जा सकता। विधि मंत्री ने कहा कि एसेंबली शुरू ही नहीं हो पाई हो तो उसे संवैधानिक रूप से सत्र शुरू होना नहीं कहा जा सकता। केवल सदन में एकत्र होने को ही सदन की कार्यवाही शुरू होना नहीं कहा जा सकता जब तक कि अध्यक्ष या उपाध्यक्ष उसकी अध्यक्षता न करें। साथ ही विधानसभा की बैठक के लिए जगह और वक्त तय करने का अधिकार राज्यपाल को है। इसलिए बजट सत्र की शुरुआत राजभवन से हुई तो उसमें गलत कुछ नहीं।
क्या राज्यपाल ने कोई अभिभाषण खुद नहीं पढ़ा उसे भी राज्यपाल का अभिभाषण कहा जाएगा? यह सवाल भी सदन में उठा था कि जब अभिभाषण हुआ ही नहीं तो उस पर बहस किस बात की? विधि मंत्री ने ही इसका जवाब दिया। कहा- रूल्स में कहीं भी नहीं लिखा कि राज्यपाल इसे खुद ही पढ़ेंगे। यह उदाहरण भी दिया गया कि बिहार में गवर्नर के अस्वस्थ होने पर पूरा अभिभाषण विधानभा स्पीकर ने ही पढ़ा। यहां भी यह जिक्र आया कि राज्यपाल अस्वस्थ थे इसलिए खुद अभिभाषण नहीं पढ़ा।