Chhattisgarh News: @ ताबीर हुसैन। छत्तीसगढ़ की पहचान धान की खेती से रही है, लेकिन अब यहां की मिट्टी में काजू की मिठास भी घुल रही है। खासकर जशपुर जिले में काजू की खेती किसानों के लिए आमदनी का नया जरिया बन रही है। नाबार्ड की मदद से जिले के पांच ब्लॉकों में करीब 7800 किसान काजू की खेती कर रहे है। यहां लगभग 3400 एकड़ क्षेत्र में 2 लाख 34 हजार काजू के पौधे लगाए गए है। काजू के ये बागान अब स्थानीय उत्पादन के साथ बाजार में भी अपनी पहचान बना रहे हैं। काजू की खेती में सहयोग करने वाली संस्था रीट्स के अध्यक्ष राजेश गुप्ता के मुताबिक, काजू एक बार लगाया जाने वाला पौधा है। पौधे के चार से पांच साल का होने पर उत्पादन शुरू हो जाता है और अच्छी देखभाल के साथ करीब 50 साल तक फल मिल सकते हैं।