Patrika Special News

Gold Mining : 1974 में शुरू हुई थी यहां स्वर्ण भंडार की खोज, दो माह में शुरू हो सकता है खनन

Gold Mining : मध्य प्रदेश के कटनी की तस्वीर बदलने वाली है। 50 साल की तलाश के बाद अब इमलिया की जमीन सोना उगलेगी। यहां 6.5 हेक्टेयर भूमि 121 करोड़ रुपये में 50 वर्षों के लिए पट्टे पर दिया गया है। यहां से कितने टन स्वर्ण अयस्क निकलने का अनुमान लगाया जा रहा है से लेकर कौन सी कंपनी इस काम को अंजाम देगी, सबकुछ जानने के लिए पढ़िए बाल्मीक पाण्डेय की विशेष रिपोर्ट।
3 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 4:05 PM IST
Gold Digging work
इमलिया में शुरू होगा स्वर्ण खनन (Photo: Rajasthan Patrika)

Gold Mining : जिस कटनी की पहचान अब तक संगमरमर, चूना पत्थर और दूसरी खनिज संपदाओं से रही है, वही जिला अब सोने की चमक से मध्यप्रदेश के खनन मानचित्र पर नई पहचान बनाने जा रहा है। स्लीमनाबाद क्षेत्र के इमलिया गांव में जमीन के नीचे मौजूद स्वर्ण भंडार से सोना निकालने की आधी सदी पुरानी कवायद अब जमीन पर उतरने जा रही है। वर्ष 1974 में शुरू हुई खोज से लेकर खनन पट्टे के अनुबंध तक का सफर पूरा हो चुका है। मुंबई की कंपनी ने 121 करोड़ रुपए की बोली लगाकर 6.510 हेक्टेयर भूमि पर 50 साल के लिए खनन अधिकार हासिल किए हैं। पर्यावरणीय और प्रदूषण नियंत्रण संबंधी अनुमतियों के बाद दो माह में खनन शुरू करने की तैयारी है।

3.35 लाख टन खनन योग्य अयस्क

खनिज विभाग के अनुसार, इमलिया गोल्ड ब्लॉक में 3.57 लाख टन से अधिक स्वर्ण अयस्क का अनुमानित भंडार है। इसमें करीब 3.35 लाख टन अयस्क खननयोग्य बताया गया है। प्रति टन अयस्क से औसतन 1.13 ग्राम सोना मिलने का अनुमान है। कंपनी की योजना भूमिगत खनन (अंडरग्राउंड माइनिंग) की है।

सुनाही नाम में छिपा है सोने का इतिहास

गांव के लोग आज भी खनन प्रस्तावित क्षेत्र को 'सुनाही' के नाम से जानते हैं। ग्रामीण रामकुमार सिंह बताते हैं कि इस क्षेत्र में चार-पांच पुराने कुएं भी मौजूद हैं। ग्रामीण मान्यताओं में अंग्रेजों के समय यहां धातु निकालने की गतिविधियों का भी उल्लेख मिलता है। हालांकि, इनकी स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

पांच दशक की खोज के बाद खनन की तैयारी

इमलिया में सोने की मौजूदगी का पता लगाने के लिए वर्ष 1974 से सर्वेक्षण और अन्वेषण का काम शुरू हुआ था। इसके बाद अलग-अलग चरणों में भूगर्भीय अध्ययन किए गए। 70 से अधिक स्थानों पर ड्रिलिंग और बोरिंग कर नमूने जुटाए गए। इनकी जांच में सोने के साथ तांबा, चांदी और लेड-जिंक जैसे दूसरे उपयोगी खनिजों की मौजूदगी के संकेत मिले। लंबे समय तक चले इस अन्वेषण के बाद गोल्ड ब्लॉक को खनन के लिए नीलामी की प्रक्रिया में शामिल किया गया।

121 करोड़ की बोली, 50 साल का खनन अधिकार

इमलिया गोल्ड ब्लॉक की ई-नीलामी में मुंबई की प्रॉस्पेक्ट रिसोर्स मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड ने 121 करोड़ रुपए की बोली लगाकर खनन अधिकार हासिल किए हैं। इसके बाद कलेक्टर आशीष तिवारी और कंपनी के डायरेक्टर अविनाश लांडगे के बीच खनन पट्टे का अनुबंध भी हो चुका है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पिछले वर्ष बड़वारा में आयोजित कार्यक्रम में इमलिया के स्वर्ण भंडार का उल्लेख करते हुए कटनी को 'कनकपुरी' की संज्ञा दी थी।

अनुमतियों के बाद खुलेगा रोजगार और निवेश का रास्ता

खनन कंपनी प्रदूषण नियंत्रण मंडल से कंसेंट टू ऑपरेट (सीटीओ) सहित जरूरी अनुमतियां हासिल करने की प्रक्रिया में जुटी है। मंजूरी के बाद तकनीकी तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा। अगले दो माह में खनन शुरू करने की तैयारी है।

खुलेंगे रोजगार के अवसर

खनन गतिविधियां शुरू होने पर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बनेंगे। परिवहन, मशीनरी, निर्माण, रखरखाव और अन्य सहायक कारोबार को भी गति मिलने की संभावना है। खनिज राजस्व और निजी निवेश के लिहाज से भी यह परियोजना जिले के लिए महत्वपूर्ण होगी।

Updated on:
16 Nov 2026, 4:05 PM IST
Published on: