
Tiger Attack : मध्य प्रदेश को 'टाइगर स्टेट' का गौरव दिलाने वाले पेंच और सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के बीच फैला प्राकृतिक गलियारा (कॉरिडोर) और आसपास के जंगल इन दिनों अस्तित्व और सह-अस्तित्व के सबसे बड़े संकट से गुजर रहा है। बाघों की बढ़ती आबादी के बीच छिंदवाड़ा और सिवनी के जंगलों में बढ़ते मानवीय दखल, अतिक्रमण और अनियंत्रित आवाजाही ने इस कॉरिडोर को संवेदनशील बना दिया है।
नतीजा यह है कि बाघों के सुरक्षित विचरण के लिए पहचाना जाने वाला यह क्षेत्र अब मानव-वन्यजीव संघर्ष का केंद्र बनता जा रहा है। नतीजा यह है कि मध्य प्रदेश में बाघ के हमले में जितनी मौत हुई हैं उनमें सबसे ज्यादा छिंदवाड़ा और सिवनी जिले में हुई है। उधर इन सबके बीच छिंदवाड़ा जिले के छातीआम में एक एसटीआर के एक कॉलर बाघ के भी शिकार की घटना हुई।
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, पेंच टाइगर रिजर्व (सिवनी-छिंदवाड़ा) और सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (नर्मदापुरम-बैतूल) के बीच का जंगल बाघों के लिए एक महत्वपूर्ण 'जेनेटिक ब्रिज' है। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में इस कॉरिडोर के किनारों पर खेती के विस्तार, अवैध कटाई, सड़कों के चौड़ीकरण और जंगलों के भीतर मवेशियों की चराई ने वन्यजीवों के पारंपरिक रास्तों को बाधित किया है। जंगल के भीतर शिकार शाकाहारी वन्यजीव और जल स्रोतों पर दबाव बढऩे से बाघ आबादी वाले बफर गांवों की ओर रुख कर रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि केवल मुआवजा बांटना इस समस्या का स्थायी हल नहीं है। कॉरिडोर क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने, संवेदनशील गांवों को वैकल्पिक आजीविका व सोलर फेंसिंग से सुरक्षित करने, और जंगल के भीतर घास के मैदान (ग्रासलैंड) व जल स्रोत विकसित करने की तत्काल जरूरत है, ताकि बाघों को जंगल से बाहर आने की नौबत न आए।
बीते छह से आठ महीनों के दौरान छिंदवाड़ा के पेंच बफर क्षेत्र (जमतरा, नाहरझिर , गुमतरा व आसपास के इलाके) तथा पश्चिम छिंदवाड़ा डिवीजन और सिवनी के कुरई, रुखड़ व खवासा वन परिक्षेत्र में बाघ के हमलों की घटनाओं ने ग्रामीणों में दहशत पैदा की है। कहीं तेंदूपत्ता व वनोपज संग्रहण के लिए जंगल गए ग्रामीण बाघ का शिकार बने, तो कहीं खेत की रखवाली कर रहे किसानों पर हमले हुए। वन्य प्राणियों के हमले में बीते एक वर्ष के दौरान 15 के लगभग मौत हुई।
छिंदवाड़ा में मार्च 2026 में पश्चिम वनमंडल की सांगाखेड़ा रेंज की छातीआम बीट में मानव-वन्यजीव संघर्ष कैसे प्रतिशोध का मामला सामने आया। यहां सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से भटक कर आए एक रेडियो-कॉलर बाघ ने मवेशी का शिकार किया था। आरोपी उदय सिंह ने मृत मवेशी पर जहर छिड़क दिया, जिसे दोबारा खाने से बाघ की मौत हो गई। कॉलर आईडी की लोकेशन से बाघ का शव बरामद हुआ। मामले की जांच और गिरफ्तारी के दौरान यह भी उजागर हुआ कि आरोपी वन भूमि पर अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा था।
केंद्र की मानव-वन्यजीव संघर्ष शमन के लिए राष्ट्रीय रणनीति और कार्य योजना (2021-26) के तहत कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए हैं। जिसका पालन करने से स्थितियां सुधर सकती है।
वन मामलों के एक्सपर्ट कैप्टन ब्रजेश भारद्वाज का कहना है कि संघर्ष की वजह केवल बाघों की संख्या बढ़ना नहीं, बल्कि प्राकृतिक आवास का विखंडन, पारंपरिक रास्तों पर मानवीय हस्तक्षेप, शिकार व जल स्रोतों का दबाव और महुआ, तेंदूपत्ता, जलावन की लकड़ी, चराई व खेती के लिए जंगलों के करीब जाने की मजबूरी है। वे मानव-वन्यजीव संघर्ष शमन के लिए राष्ट्रीय रणनीति और कार्य योजना की अनुशंसाओं के अनुरूप कोर, बफर और पेंच-सतपुड़ा कॉरिडोर के संयुक्त वैज्ञानिक आकलन, पूर्व चेतावनी प्रणाली, प्रशिक्षित त्वरित प्रतिक्रिया, दल, वन-पुलिस-प्रशासन समन्वय, 'बाघ चौपाल' व 'बाघ मित्र' के जरिए जनसहयोग तथा प्रत्येक मानव मृत्यु की स्वतंत्र समीक्षा की वकालत करते हैं। उनका स्पष्ट मत है कि संरक्षण और मानव जीवन की सुरक्षा एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं और सफलता केवल बाघों की संख्या से नहीं, बल्कि मानव मृत्यु रोकने और आवास सुरक्षित रखने से मापी जानी चाहिए।