Patrika Special News

Unclaimed Deadbody : 467 मौतें, 143 लावारिस कहानियां… अपनों की राह देखते रह गए शव, कपड़ों की पोटली में सिमटी आखिरी पहचान

Unclaimed Deadbody : बीते छह वर्षों में कटनी के जीआरपी थानों के रिकॉर्ड में सैकड़ों मौतें दर्ज हुई लेकिन दर्जनों शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। इस बारे पढ़िए शिवप्रताप सिंह की खास रिपोर्ट।
3 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 12:38 PM IST
Unclaimed Deadbody
दर्जनों शवों की शिनाख्त नहीं हो पाती है। (Photo: Patrika)

Unclaimed Deadbody : रेलवे की पटरियों पर जिंदगी का सफर खत्म हुआ, लेकिन 143 लोगों की कहानी का आखिरी अध्याय आज तक अधूरा है। मौत के बाद भी न नाम मिला, न कोई सगा उनकी तलाश करता हुआ पहुंचा। आखिरकार सरकारी प्रक्रिया पूरी हुई और शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पीछे रह गईं तो कुछ तस्वीरें, कपड़ों की पोटलियां और सरकारी फाइलों में दर्ज मौत की तारीख।

मानवीय संकट की गवाही दे रहे आंकड़े

कटनी जीआरपी के छह वर्षों के आंकड़े रेलवे ट्रैक पर होने वाली मौतों के पीछे छिपे एक गंभीर मानवीय संकट को उजागर करते हैं। वर्ष 2021 से 2026 तक कुल 467 लोगों की मौत दर्ज की गई। इनमें 143 शवों की पहचान नहीं हो सकी। यानी हर तीन मृतकों में लगभग एक व्यक्ति ऐसा था, जिसकी मौत के बाद भी उसकी पहचान सामने नहीं आ पाई।

छह साल में 467 मौतें, 143 बेनाम

जीआरपी के वर्षवार आंकड़े बताते हैं कि अज्ञात शवों की संख्या लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। वर्ष 2021 में 64 मौतों में 13 की पहचान नहीं हुई। 2022 में 74 में से 18, 2023 में 83 में से 35, 2024 में 87 में से 27 और 2025 में 82 मौतों में 23 शव अज्ञात रहे। वर्ष 2026 में अब तक दर्ज 77 मौतों में 27 की शिनाख्त नहीं हो सकी।

2023 में सर्वाधिक 35 अनाम शव

छह साल में 324 मृतकों की पहचान हो पाई, लेकिन 143 लोग आज भी सरकारी रिकॉर्ड में अज्ञात हैं। वर्ष 2023 में सर्वाधिक 35 शवों की पहचान नहीं हो सकी थी। सवाल यह है कि इन लोगों के परिजन कहां हैं और क्या उनकी तलाश की कोई व्यवस्था इन तक पहुंच पाती है?

तीन दिन फ्रीजर में इंतजार, फिर अंतिम विदाई

अज्ञात शव मिलने के बाद पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ करती है। पहचान के लिए शव को दो से तीन दिन तक पोस्टमार्टम हाउस के फ्र्रीजर में रखा जाता है। फोटो और हुलिया दूसरे थानों तथा संभावित स्थानों पर भेजे जाते हैं। इसके बावजूद पहचान नहीं होने पर नियमानुसार अंतिम संस्कार करा दिया जाता है।

सुरक्षित रखते हैं कपड़े

मृतक के कपड़े सुरक्षित रखे जाते हैं, ताकि भविष्य में कोई परिजन सामने आए तो पहचान की संभावना बनी रहे। जीआरपी का दावा है कि अंतिम संस्कार के बाद भी छह से सात महीने तक शिनाख्त के प्रयास जारी रहते हैं। सवाल यह है कि क्या मौजूदा व्यवस्था पर्याप्त है?

भिक्षुक, बेसहारा और मानसिक रूप से अस्वस्थ लोग

जीआरपी अधिकारियों के मुताबिक अज्ञात मृतकों में बड़ी संख्या स्टेशन और आसपास रहने वाले भिक्षुकों की होती है। इनमें मानसिक रूप से अस्वस्थ और बेसहारा लोग भी शामिल हैं। कुछ लोग स्थानीय भाषा नहीं जानते और अपनी पहचान या पता बताने की स्थिति में नहीं होते। अधिकारियों के अनुसार ऐसी आशंका भी रहती है कि मानसिक रूप से अस्वस्थ कुछ लोगों को परिजन ट्रेनों में बैठाकर छोड़ देते हैं। इसके वे किसी स्टेशन के आस-पास भटकते रहते हैं।

मौत के कारणों की वैज्ञानिक जांच भी सवालों में

अज्ञात शवों के मामलों में केवल पहचान ही नहीं, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि भी महत्वपूर्ण है। विसरा जांच कई मामलों में मौत के कारणों की वैज्ञानिक पुष्टि करने में मददगार हो सकती है। लेकिन हर मामले में विसरा रिपोर्ट मंगाई जाती है या नहीं, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

Updated on:
25 Nov 2026, 12:38 PM IST
Published on:
Also Read
View All
Jaisalmer Zila Pramukh Election Result: कांग्रेस की संतोष कुमारी ने रचा इतिहास, 21 साल की उम्र में निर्विरोध बनीं जिला प्रमुख

Dust Pollution : ग्वालियर में धूल पर भी वीआइपी ट्रीटमेंट! एक विधानसभा से उठा ली 40 क्विंटल धूल, बाकी शहर धूल फांकने को मजबूर

Bharatpur Red and Pink Stone : राम मंदिर से संसद तक… भरतपुर की धरती का पत्थर, जिसकी चमक के आगे वक्त भी बेअसर!

Political History : एक राजनेता जो विधायक बने पर शपथ लेने से पहले ही विमान दुघर्टना में मौत हो गई, फिर क्यों नहीं दी गई उन्हें श्रद्धांजलि?

Food Court at Park : पार्क जनता के हैं, फिर वहां फूड कोर्ट और कैफे लगाने की छूट क्यों? सार्वजनिक बाग, बगीचे और जलाशयों का संरक्षण करे सरकार