Patrika Special News

Carbon Credit Model : इंदौर के बाद क्रेडिट बेचकर मुनाफा कमाने वाला दूसरा शहर बनेगा भोपाल, क्या होता है कार्बन क्रेडिट मॉडल?

Carbon Credit Model ; देश भर में स्वच्छ भारत प्रतियोगिता में पिछड़ने के बाद भोपाल ने मार्च 2027 में होने वाले अगले सर्वे से पहले अभी रिपोर्ट कार्ड सुधारने का प्रयास शुरु किया है। कचरा प्रबंधन के नए मॉडल को भोपाल में लागू किया गया है। आइए पूरी जानकारी के लिए पढ़ते हैं हर्ष पचौरी की स्पेशल रिपोर्ट।
4 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 6:40 PM IST
Carbon Credit
भोपाल नंबर वन आने की जुगत में जुटा (ChatGpt)

Carbon Credit Model : इंदौर की तर्ज पर कार्बन क्रेडिट बेचकर हर साल मुनाफा कमाने के लिए नगर निगम भोपाल ने भी मॉडल तैयार कर लिया है। भोपाल नगर निगम ने इस मामले में केंद्रीय नगरीय विकास मंत्रालय से संपर्क कर केंद्र से अधिकृत क्रेडिट कंसल्टेंट नियुक्त करने का प्रस्ताव भेज दिया है। शहर के कचरा प्रबंधन, मीथेन उत्सर्जन रोकने, रीसायकल हब सहित कुल 6 मॉडल के आधार पर नगर निगम भोपाल ने कार्बन उत्सर्जन कम करने का दावा किया है।

जल्द ही सेंट्रल कंसल्टेंट की मदद से मूल्यांकन रिपोर्ट तैयार होगी जिसमें यह बताया जाएगा कि नगर निगम भोपाल प्रतिवर्ष कितने कार्बन क्रेडिट हासिल करने योग्य बन चुका है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रेडिट खरीदने वाली कंपनियों के सामने बोली लगाकर इसे विक्रय किया जाएगा। इसके बाद वार्षिक रूप से यह इंकम नगर निगम के खाते में जमा होती रहेगी। प्रदेश का इंदौर शहर हर साल कार्बन क्रेडिट बेचकर एक करोड़ से ज्यादा मुनाफा कमा रहा है।

भोपाल का यह मॉडल तैयार

रिसाइकल हब- शहर में 12 स्थानों पर रिसाइकल हब बनाकर दोबारा इस्तेमाल योग्य सामग्री का पुर्नचक्रण।
वेस्ट मैनेजमेंट- 600 मीट्रिक टन कचरे का रियल टाइम कलेक्शन कर प्रोसेसिंग।
सीएनजी प्लांट- कचरे से सीएनजी बनाकर इसे विभागीय वाहनों में इस्तेमाल करना।
पेट्रोल-डीजल बंदी- निगम के 833 वाहनों को सीएनजी में कन्वर्ट करने का अभियान।
रिमेडिएट साइट- कार्बन फुटप्रिंट और ग्रीनहाउस गैस पैदा करने वाले जैविक कचरा निपटाने 36 एकड़ में साइट।
कोकोनट प्लांट- दानापानी में 20 लाख रुपए की लागत से कोकोनट प्लांट की स्थापना।

क्या है इंदौर का मॉडल?

इंदौर नगर निगम और स्मार्ट सिटी ने आधा दर्जन प्रोजेक्ट के जरिए 1.70 लाख टन कार्बन वातावरण में मिलने से रोककर 1.70 लाख कार्बन क्रेडिट तक 2 साल में कमाए हैं। कचरा कलेक्शन से जुड़े काम के आधार पर यह मॉडल बनाया गया था। अंतरराष्ट्रीय मूल्य के आधार पर इसी को जर्मनी की कंपनी ने 69 लाख रुपए की दर से 30 साल के लिए खरीदा है।

अंर्तराष्ट्रीय बाजार तय करता है कीमत

कार्बन क्रेडिट की कीमत सोने-चांदी के भाव की तरह ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिदिन नीचे-ऊपर होती है। बीते चार साल में इंदौर ने कार्बन क्रेडिट 5.5 यूएस डॉलर की दर से बेचे, जबकि पीक सीजन में अब यह दर 1786 रुपए भारतीय मुद्रा तक जाती है। मार्केट ऊपर होने पर ज्यादा आमदनी भी हो सकती है। तब एक कार्बन क्रेडिट की दर भारतीय मुद्रा में 2400 रुपए प्रति क्रेडिट तक हो होती है।

अभी ये काम होने बाकी

  1. कार्बन क्रेडिट के लिए रजिस्ट्रेशन करवाना होता है।
  2. रेगुलेटरी अथॉरिटी द्वारा वेरिफिकेशन किया जाता है।
  3. कार्बन क्रेडिट की संख्या के हिसाब से सर्टिफिकेट मिलता है।
  4. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेचा जाता है।

वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल ऐसे लागू किया

शहर में कचरा संग्रहण और पृथक्करण में सुधार के लिए, 469 डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन तैनात किए गए हैं, साथ ही नियमित सफाई के लिए समर्पित 202 सड़क सफाई कचरा संग्रहण वाहन भी तैनात किए गए हैं। ये वाहन कचरा एकत्र करते हैं और इसे निकटतम ट्रांसफर स्टेशन तक पहुंचाते हैं। प्रत्येक ट्रांसफर स्टेशन हुक लोडर वाले हरे और नीले कैप्सूल से सुसज्जित है। कचरे के प्रभावी प्रसंस्करण और निपटान को सुनिश्चित करने के लिए भोपाल के सभी 12 ट्रांसफर स्टेशनों पर एक सुव्यवस्थित पृथक्करण प्रणाली लागू की गई है। फिलहाल शहर में 6 मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) हैं।

  • भानपुर डंपसाइट का हरित क्षेत्र में परिवर्तन टिकाऊ शहरी नियोजन के प्रति सबसे टिकाउ मॉडल है। भानपुर डंपसाइट पर वैज्ञानिक तरीके से कचरे का उपचार किया जा रहा है, जो 37 एकड़ में फैला हुआ है। 21 एकड़ भूमि को से कचरा साफ किया गया है और 16 एकड़ भूमि पर एक पार्क स्थापित किया गया है।
  • शहर ने हज़ारगो इंडस्ट्री पीथमपुर के साथ सहयोग लिया है, जिससे घरों, कार्यालयों और कारखानों से निकलने वाले खतरनाक कचरे को वैज्ञानिक रूप से प्रबंधित करने के लिए यहां पहले प्रीप्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना हुई है। जैव-चिकित्सा अपशिष्ट को प्रभावी ढंग से संसाधित करने के लिए शहर में एक सामान्य जैव-चिकित्सा अपशिष्ट उपचार सुविधा (सीएमबीडब्ल्यूटीएफ) स्थापित की गई है। यह सुविधा आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न स्वास्थ्य देखभाल सुविधाओं से चिकित्सा अपशिष्ट के व्यापक प्रबंधन, परिवहन, भंडारण और उपचार की देखरेख करती है।
  • शहर के निर्माण और विध्वंस (सी एंड डी) कचरे का प्रबंधन थुआखेड़ा, भोपाल में 100 टीपीडी प्रसंस्करण संयंत्र में किया जा रहा है। यह सुविधा स्टील, लकड़ी, प्लास्टिक, मिट्टी और कंक्रीट जैसी अपशिष्ट सामग्रियों को अलग करती है और उन्हें एक निर्दिष्ट यार्ड में अलग से जमा करती है। संसाधित कचरे का उपयोग फ्लाई ऐश ईंटें और पेवर ब्लॉक बनाने के लिए किया जा रहा है।
  • भोपाल में तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए एक व्यापक प्रणाली लागू की गई है जिसमें 18 सीवेज उपचार संयंत्र (एसटीपी) और 8 सह-उपचार संयंत्र शामिल हैं। एसटीपी से उपचारित पानी का लगभग 31 प्रतिशत विभिन्न अनुप्रयोगों जैसे सेंट्रल वर्ज, फव्वारा, मछली पालन और कृषि और बागवानी उद्देश्यों के लिए पुन: उपयोग किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, यहां 56 प्रतिशत क्षेत्र को कवर करते हुए एक सीवेज नेटवर्क स्थापित किया गया है। क्षेत्र में उपलब्ध सेप्टिक टैंकों में से लगभग 29 प्रतिशत को तीन वर्षों के भीतर डिजिटल निगरानी के माध्यम से खाली करना सुनिश्चित किया जाता है। बीएमसी के पास आदमपुर छावनी में एक वैज्ञानिक लैंडफिल है। एकत्रित लीचेट के उपचार के लिए एक लीचेट उपचार संयंत्र स्थापित किया गया है और हरित पट्टी को बनाए रखने के लिए उपचारित पानी का पुन: उपयोग किया जा रहा है।
  • एनटीपीसी ने 400 टीपीडी सूखे नगरपालिका ठोस अपशिष्ट से टोररिफाइड चारकोल संयंत्र की स्थापना के लिए बीएमसी के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। उत्पादित टार्फाइड चारकोल का उपयोग एनटीपीसी के ताप विद्युत संयंत्रों में उप-उत्पाद के रूप में किया जाएगा। भोपाल के आदमपुर में 9 एकड़ में फैला 400 टीपीडी की दैनिक प्रसंस्करण क्षमता वाला बायो-सीएनजी संयंत्र स्थापित किया जा रहा है। इस संयंत्र से प्रतिदिन गीले कचरे से 80 मीट्रिक टन जैविक खाद निकलने की उम्मीद है।
Updated on:
26 Nov 2026, 6:40 PM IST
Published on: