Ramtirath Temple Sheopur : देश में यूं तो प्रयागराज सहित कई स्थानों पर त्रिवेणी संगम मौजूद हैं, लेकिन मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले का प्रसिद्ध तीर्थ स्थल रामेश्वर त्रिवेणी संगम धाम की अलग महत्ता है। चंबल, सीप और बनास नदियों के संगम स्थल इस त्रिवेणी संगम को श्योपुर जिले का रामतीर्थ भी कहा जाता है, जहां मान्यता है कि भगवान श्रीराम और माता सीता का पुनर्मिलन हुआ था, वहीं भगवान परशुराम ने भी यहां तपस्या की थी। इसके साथ ही यहां कई अन्य किवदंतियां जुड़ी हुई है। यही वजह है कि यहां हर साल कार्तिक पूर्णिमा पर 3 दिन का मेला लगता है। इस बार आयोजित इस मेले में 3 दिन में 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में स्नान किया और मंदिरों में दर्शन किए। विशेष बात ये है कि यहां लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेले का आयोजन 2 हजार साल से भी पहले से है और इसका उल्लेख कई पुस्तकों और शिलालेखों में मौजूद है।