
Kala Taj Mahal : इतिहास की किताबों में आगरा का ताजमहल मोहब्बत की सबसे खूबसूरत इमारत के रूप में दर्ज है, लेकिन इस इमारत की नींव बुरहानपुर से गढ़ी गई थी। जी हां…सफेद संगमरमर के ताजमहल में बनी नक्काशी और शिल्पकला को बुरहानपुर के काला ताजमहल देखकर ही बनाया गया था। दरअसल काला ताजमहल शाहनवाज खां का मकबरा है। जिसे बनाने में इरानी और भारतीय स्थापत्य कला को शामिल किया था। जब मुमताज की मृत्यु हुई तो जहांगीर के निर्देश पर शिल्पकारों ने इसी काला ताजमहल की स्थापत्य शैली का बारिकी से अध्ययन किया था।
इतिहासविद् मोहम्मद नौशाद के अनुसार आगरा के ताजमहल की स्थापत्य परिकल्पना में बुरहानपुर के इस मकबरे की अहम भूमिका रही। मुगलकालीन नक्शानवीसों (इंजीनियरों) ने इसकी बनावट, नक्काशी और स्थापत्य शैली का बारीकी से अध्ययन किया था। यही वजह है कि दोनों इमारतों की संरचना में कई समानताएं दिखाई देती हैं। आज दुनिया ताजमहल को देखने आगरा पहुंचती है, लेकिन उसकी स्थापत्य कहानी का एक महत्वपूर्ण अध्याय बुरहानपुर की धरती पर भी मौजूद है। यह काला ताजमहल ईरानी कला और नक्काशी के प्रमाण दिखाई देते हैं। यह केवल शाहनवाज खां की स्मृति में बना मकबरा नहीं, बल्कि बुरहानपुर की उस सांस्कृतिक और स्थापत्य परंपरा का प्रतीक है, जिसका प्रभाव मुगलकालीन निर्माण कला में दिखाई देता है।
मुगलकाल में अब्दुल रहीम खानखाना ने अपने पुत्र ईरज खां उर्फ शाहनवाज खां की स्मृति में करवाया था। शाहनवाज खां मुगल शासनकाल में बुरहानपुर में सेनापति के पद पर रहे थे। वर्ष 1619 में बीमारी के चलते उनका निधन हो गया था। इसके बाद पिता अब्दुल रहीम खानखाना ने जहांगीर के आदेश पर उनके लिए एक स्मृति के रूप में इस भव्य मकबरे का निर्माण करवाया, जिसका निर्माण 1923 तक बनकर तैयार हो गया था। इसके बाद 1932 में ताजमहल बनाने का काम शुरू हुआ था।
करीब चार वर्षों में तैयार हुई इस इमारत में भारतीय और ईरानी स्थापत्य कला का सुंदर संगम देखने को मिलता है। समय के साथ इसकी विशिष्ट बनावट और काले पत्थरों के कारण इसे काला ताजमहल के नाम से पहचान मिली। काले ताजमहल की सबसे बड़ी विशेषता इसकी अनूठी निर्माण शैली है। मकबरे का निचला हिस्सा काले पत्थरों से तैयार किया गया है, जबकि ऊपरी हिस्से में गुंबद और अन्य संरचनाओं के निर्माण में ईंट व चूने का इस्तेमाल किया गया। मकबरे के भीतरी हिस्से में बारीक नक्काशी और सजावटी आकृतियां तत्कालीन ईरानी कारीगरों के हुनर का परिचय देती हैं। इमारत की बनावट में भारतीय परंपरा और फारसी स्थापत्य का ऐसा मेल दिखाई देता है, जो इसे मुगलकालीन वास्तुकला की महत्वपूर्ण धरोहर बनाता है।
इतिहासविद् मोहम्मद नौशाद के मुताबिक काले ताजमहल और आगरा के ताजमहल के बीच कई स्थापत्य समानताएं देखने को मिलती हैं। दोनों इमारतों में मुख्य कक्ष के भीतर दो प्रतीकात्मक मजारें बनाई गई हैं। काले ताजमहल में शाहनवाज खां और उनकी पत्नी की मजारें हैं, जबकि आगरा के ताजमहल में मुमताज महल और शाहजहां की प्रतीकात्मक कब्रें हैं। दोनों ही इमारतों में ऊपर दिखाई देने वाली मजारों के नीचे वास्तविक कब्रें बनी हुई हैं। काले ताजमहल के निचले हिस्से में स्थित असली कब्रों तक पहुंचने के लिए सीढिय़ों की व्यवस्था है। मकबरे की यह बनावट और आंतरिक संरचना भी इसे आगरा के ताजमहल से जोड़कर देखने का एक महत्वपूर्ण आधार देती है।
इतिहासविद् मोहम्मद नौशाद के अनुसार शाहजहां जब बुरहानपुर में थे और उनकी बेगम मुमताज महल का निधन हुआ, तब उनके स्मारक के निर्माण की योजना बनी। आगरा में ताजमहल की योजना तैयार करने वाले नक्शानवीसों और कारीगरों ने बुरहानपुर के शाहनवाज खां के मकबरे का निरीक्षण भी किया था। उन्होंने इसकी बनावट, गुंबद, मीनारों, आंतरिक संरचना और नक्काशी को करीब से देखा व इसका सर्वेक्षण भी किया। उनके मुताबिक बुरहानपुर में पहले से मौजूद इस स्थापत्य नमूने ने आगरा में ताजमहल की डिजाइन तैयार करने में मार्गदर्शन दिया। इस तरह बुरहानपुर की धरती पर पहले से मौजूद स्थापत्य परंपरा का प्रभाव आगरा की विश्वप्रसिद्ध इमारत में भी दिखाई देता है।
बुरहानपुर का काला ताजमहल वास्तव में ईरज खां उर्फ शाहनवाज खां का मकबरा है। उनके पिता अब्दुल रहीम खानखाना मुगल दरबार के प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों में शामिल थे और अकबर के नवरत्नों में उनकी गिनती होती थी। जहांगीर के शासनकाल में उन्हें दक्षिण भारत के अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उनके पुत्र शाहनवाज खां भी मुगल शासन में महत्वपूर्ण स्थान रखते थे और बुरहानपुर में सेनापति के पद पर कार्यरत थे।
उतावली नदी के किनारे हरियाली और बगीचे के बीच स्थित काला ताजमहल आज बुरहानपुर आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। इसकी अनूठी बनावट, काले पत्थरों की दीवारें, विशाल गुंबद और बारीक नक्काशी लोगों को मुगलकाल की यादों में ले जाती हैं। आगरा के ताजमहल की विश्वव्यापी पहचान के बीच बुरहानपुर की यह ऐतिहासिक धरोहर अपनी अलग कहानी सुनाती है।