Patrika Special News

Food Court at Park : पार्क जनता के हैं, फिर वहां फूड कोर्ट और कैफे लगाने की छूट क्यों? सार्वजनिक बाग, बगीचे और जलाशयों का संरक्षण करे सरकार

Food Court at Park : शहरों में हरियाली, खुले स्थानों और पर्यावरण संरक्षण की जरूरत के बीच कैफे, फूड कोर्ट और व्यावसायिक निर्माण को मिल रही अनुमति कई सवाल खड़े करती है। क्या विकास के नाम पर सार्वजनिक हरित क्षेत्रों और नागरिकों के खुलेपन से समझौता करना उचित है? आइए इस बारे में अभिषेक तिवारी की पढ़ते हैं स्पेशल रिपोर्ट।
4 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 10:55 AM IST
Park at food Court
सार्वजनिक पार्कों में फूड कोर्ट और कैफे लगाए जा रहे हैं। (Photo: ChatGpt)

Food Court at Park : शहरों में पार्क किसलिए होते हैं? लोगों को खुली हवा देने के लिए, बच्चों को खेलने की जगह उपलब्ध कराने के लिए, बुजुर्गों को सुकून के कुछ पल देने के लिए या फिर कंक्रीट के जंगल में प्रकृति का एक टुकड़ा बचाए रखने के लिए?

जाहिर है, पार्कों का मूल उद्देश्य नागरिकों को खुला, स्वच्छ और प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध कराना है। लेकिन अब देश के शहरों में पार्कों की परिभाषा बदलने की कोशिश हो रही है। कहीं कैफे और फूड कोर्ट बनाए जा रहे हैं, कहीं स्पोर्ट्स एरीना के नाम पर बड़े निर्माण हो रहे हैं तो कहीं मनोरंजन और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए सार्वजनिक जमीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। विकास और नागरिक सुविधाओं के नाम पर हो रहे ये प्रयोग पार्कों के पर्यावरणीय उद्देश्यों पर ही सवाल खड़ा करते हैं।

नदी किनारे की जमीन पर खोले गए कैफे-फूड कोर्ट

जयपुर में मानसरोवर क्षेत्र के द्रव्यवती नदी किनारे विकसित प्रदर्शनी स्थल पर कैफे-फूड कोर्ट का हो रहा निर्माण इसका उदाहरण हैं। करीब 1200 वर्गमीटर जगह निजी हाथों में दो साल के लिए सौंप दी गई है। ये अवधि बढ़ाई भी जा सकती है। इसी तरह जयपुर के सेंट्रल पार्क में 5.95 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित स्पोर्ट्स एरीना को लेकर भी आपत्तियां उठी हैं। स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब सार्वजनिक पार्कों में खेल गतिविधियों पर रोक या प्रतिबंध की स्थिति है तो फिर करोड़ों रुपए खर्च कर स्पोर्ट्स एरीना बनाने की जरूरत क्यों पड़ रही है? दूसरी ओर दिल्ली में भी 'प्रकृति कैफे' के नाम पर पार्कों के भीतर खानपान की सुविधाएं विकसित करने की योजना सामने आई है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद ने लोधी गार्डन, नेहरू पार्क और अन्य उद्यानों में पांच प्रकृति कैफे विकसित करने का निर्णय किया है। इसके पीछे पार्कों में आने वाले लोगों को हरियाली के बीच खानपान की सुविधा उपलब्ध कराने का तर्क दिया जा रहा है।

विकास का मतलब पार्क की जमीन पर ढांचे खड़ा करना नहीं

क्या किसी पार्क में कैफे, फूड कोर्ट, रेस्तरां या बड़े व्यावसायिक ढांचे खड़े कर देना ही आधुनिक शहरी विकास है? क्या सार्वजनिक जगहों को धीरे-धीरे ऐसे स्थानों में बदलना उचित है, जहां नागरिकों की सहज आवाजाही और उपयोग की जगह व्यावसायिक गतिविधियां ले लें?

पार्क जनता के, सरकार संरक्षक की भूमिका निभाएं

पार्क जनता की संपत्ति हैं। इनका निर्माण और संरक्षण जनता के धन से होता है। इनकी जमीन किसी सरकार, विभाग, जनप्रतिनिधि या स्थानीय निकाय की निजी संपत्ति नहीं है। सरकार और स्थानीय निकाय इनके मालिक नहीं, संरक्षक हैं। उन्हें पार्कों को बेहतर बनाने, रखरखाव करने और नागरिकों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का अधिकार है, लेकिन यह अधिकार पार्कों के मूल उद्देश्य को बदलने का लाइसेंस नहीं हो सकता। सार्वजनिक जमीन का इस्तेमाल करते समय सबसे बड़ी कसौटी जनहित होनी चाहिए, न कि उससे होने वाली संभावित कमाई।

राजा-महाराजा भी बगीचों औैर जलस्रोतों का करते थे संरक्षण

इतिहास गवाह है कि राजा-महाराजाओं के समय में भी बगीचों, उद्यानों, बावड़ियों और सार्वजनिक जलस्रोतों के संरक्षण की परंपरा रही है। तत्कालीन शासकों ने भी प्रकृति और हरियाली के महत्व को समझा था। लोकतांत्रिक व्यवस्था में तो सार्वजनिक स्थानों के संरक्षण की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। ऐसे में यह विडंबना ही है कि जिस दौर में शहर प्रदूषण, बढ़ते तापमान और घटते हरित क्षेत्रों की समस्या से जूझ रहे हैं, उसी दौर में पार्कों के भीतर निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के रास्ते तलाशे जा रहे हैं।

प्रकृति में धंसकर लुत्फ उठाने का विचार, संकट का घर तो नहीं?

दिल्ली की 'प्रकृति कैफे ' योजना को भी इसी कसौटी पर परखा जाना चाहिए। प्रकृति के बीच खानपान की सुविधा सुनने में आकर्षक लग सकती है, लेकिन क्या इसके लिए पार्कों के भीतर ही निर्माण करना अनिवार्य है? क्या पार्कों के बाहर या आसपास इसके लिए वैकल्पिक स्थान नहीं तलाशे जा सकते? प्रकृति कैफे का नाम आकर्षक हो सकता है, लेकिन नाम बदलने से व्यावसायिक निर्माण का पर्यावरणीय प्रभाव नहीं बदल जाता।

पार्क ही नहीं, गौचर भूमि, तालाब, जलाशय, चारागाहों पर भी कब्जा

यह मामला केवल पार्कों तक सीमित नहीं है। गौचर भूमि, तालाब, जलाशय, चारागाह और अन्य सार्वजनिक उपयोग की जमीनों पर भी अतिक्रमण की प्रवृत्ति चिंताजनक है। गौचर भूमि पशुओं के लिए चराई का स्थान है। तालाब और जलाशय वर्षाजल संरक्षण तथा भूजल पुनर्भरण के प्राकृतिक माध्यम हैं। इन जमीनों पर कब्जा केवल भूमि के उपयोग में बदलाव नहीं है, बल्कि सामुदायिक संसाधनों और पर्यावरणीय संतुलन पर चोट है। ऐसी जमीनें एक बार नष्ट हो जाएं तो उनकी भरपाई करना आसान नहीं होता।

अतिक्रमण बाकायदा प्रस्ताव बनाकर किया जा रहा है

सबसे चिंताजनक स्थिति तब पैदा होती है जब सार्वजनिक जमीन पर कब्जे या उसके मूल स्वरूप में बदलाव को सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक स्वीकृतियों का सहारा मिल जाता है। अतिक्रमण हमेशा अवैध निर्माण के रूप में ही सामने नहीं आता। कई बार बाकायदा प्रस्ताव बनाकर और अनुमति देकर भी सार्वजनिक जमीन का उपयोग बदल दिया जाता है। शहरों में कैफे, रेस्तरां और फूड कोर्ट की कमी नहीं है। इनके लिए बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में स्थान उपलब्ध कराया जा सकता है। लेकिन पार्कों का कोई विकल्प नहीं है। उन्हें बाजार में बदलने की जरूरत भी नहीं है। उन्हें पार्क ही रहने देना चाहिए।

सार्वजनिक पार्कों का संरक्षण सरकारों की सर्वोच्च प्राथमिकता हो

आज जब आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, पर्याप्त हरियाली और खुले स्थान बचाना सबसे बड़ी शहरी चुनौती बनता जा रहा है, तब सार्वजनिक पार्कों का संरक्षण सरकारों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। लेकिन यदि सरकारें ही सार्वजनिक जमीन की संरक्षक होने के बजाय उसके स्वरूप में बदलाव की पहल करने लगें, तब न्यायपालिका और एनजीटी की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। आने वाली पीढ़ियों के हिस्से की हरियाली बचाने के लिए आज न्यायिक हस्तक्षेप और संस्थागत जवाबदेही दोनों जरूरी हैं।

Updated on:
24 Nov 2026, 10:55 AM IST
Published on: