
Say No to Drugs : कल्पना कीजिए… किसी घर में शादी है। मेहमान पहुंचते हैं। मेजबान आत्मीयता से पूछता है…कुछ लेंगे? तुरंत बाद शराब या दूसरा नशीला पदार्थ सामने रख दिया जाता है। कोई मेहमान इनकार कर दे, तो अगला सवाल आता है…अरे! आप नहीं लेते? कभी-कभी तो इनकार करने वाले को ही असहज महसूस कराया जाता है।
अब जरा उसी घर के बच्चों के बारे में सोचिए। जिनके सामने माता-पिता कहते हैं कि नशा बुरी चीज है। वही बच्चे जब किसी आयोजन में बड़ों को नशे की मनुहार करते देखते हैं, तो उनके मन में कौन-सी सीख दर्ज होती होगी? कही गई बात या आंखों के सामने होता व्यवहार?
बीकानेर से शुरू हुई एक मुहिम ने नशे के खिलाफ लड़ाई का यही सबसे असहज सवाल उठाया है। उसका कहना है कि नशे की समस्या सिर्फ उस व्यक्ति की नहीं है, जो उसका सेवन करता है। उस व्यक्ति की भी जिम्मेदारी है, जो नशा नहीं करता, लेकिन दूसरों को उसकी पेशकश करता है। इस मुहिम का नाम है 'लोक संकल्प : नशे की सामाजिक स्वीकृति के विरुद्ध जन-आंदोलन'। इसका मकसद सिर्फ लोगों को नशे के नुकसान बताना नहीं, बल्कि उस सामाजिक व्यवहार को बदलना है, जो नशे को रिश्तेदारी, दोस्ती, प्रतिष्ठा और मेहमाननवाजी का हिस्सा बना देता है।
इसकी शुरुआत गत 5 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस पर बीकानेर से हुई। अब यह राजस्थान के गांवों से निकलकर देश के दूसरे राज्यों और विदेशों तक अपनी पहुंच बना चुकी है।
राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर में समाजशास्त्र के एसोसिएट प्रोफेसर और नई किरण नशा मुक्ति केंद्र के संयोजक श्यामसुंदर ज्याणी ने इस पहल की शुरुआत की। उनकी सोच का आधार है कि व्यक्ति का व्यवहार केवल उसकी निजी इच्छा से तय नहीं होता। परिवार, मित्र, सामाजिक प्रतिष्ठा और आसपास के लोगों की अपेक्षाएं भी उसके फैसलों को प्रभावित करती हैं।
ज्याणी के अनुसार, यदि किसी समूह में नशा करना सामान्य माना जाता है और नशा न करने वाले से सवाल किए जाते हैं, तो वहां व्यक्तिगत संकल्प के साथ सामाजिक वातावरण बदलना भी जरूरी है। यह मुहिम व्यक्ति को नशे से दूर रहने की सीख देने के साथ उसके परिवार और समुदाय को भी अपनी भूमिका समझने का आग्रह करती है।
इस मुहिम के पीछे की प्रेरणा एक पुराना सामुदायिक प्रयोग भी है। श्यामसुंदर ज्याणी ने वर्ष 2006 में पारिवारिक वानिकी की पहल शुरू की थी। इसमें पेड़ लगाने भर पर जोर नहीं था, बल्कि उसे परिवार के सदस्य की तरह अपनाने और उसकी नियमित देखभाल करने का विचार था। लोक संकल्प में भी यही सोच दिखाई देती है। सभा करके शपथ दिलाना शुरुआत है। पारिवारिक वानिकी से जुड़े शिक्षकों, विद्यार्थियों और युवाओं के पुराने संपर्क इस मुहिम के विस्तार में मददगार बने हैं।
नशे की सामाजिक स्वीकृति का एक दिलचस्प पहलू महिला और पुरुषों के सेवन को लेकर समाज का अलग-अलग नजरिया भी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, जिन देशों में इस विषय पर अध्ययन हुए हैं, उनमें लगभग सभी जगह पुरुषों में शराब का सेवन महिलाओं की तुलना में अधिक पाया गया है। इसके पीछे केवल व्यक्तिगत पसंद नहीं, बल्कि सामाजिक मानदंड, उपलब्धता, उम्र और क्षेत्र जैसे कई कारक होते हैं। कई सामाजिक समूहों में पुरुषों का शराब पीना सामान्य मेलजोल या मर्दानगी से जोड़ दिया जाता है, जबकि महिलाओं के मामले में प्रतिक्रिया अलग होती है। दूसरी ओर, कुछ देशों में महिलाओं के शराब सेवन की सामाजिक स्वीकार्यता बढ़ने और शराब के विपणन में महिला सशक्तीकरण की छवि का इस्तेमाल होने की प्रवृत्ति भी सामने आई है।
दरअसल, गांव में परिवार, पड़ोस, विद्यालय और मित्र समूह व्यक्ति के रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा होते हैं। नशे की पहली पेशकश भी अक्सर इन्हीं सामाजिक दायरों में होती है। ऐसे में यदि शिक्षक अभिभावकों से संवाद करें, युवा अपने साथियों को जोड़ें और आयोजन करने वाले परिवार नशा परोसना बंद करें, तो रोकथाम गांव की अपनी जिम्मेदारी बन सकती है। लोक संकल्प यही करता है। लोक संकल्प सभाओं के जरिये गांव और कस्बों में सामूहिक संवाद तथा स्वैच्छिक संकल्प दिलवाता है।स्थानीय समितियाें के माध्यम से अभियान के बाद भी गतिविधियों और संपर्क को जारी रखता है। संकल्प दूत के जरिये परिवारों, युवाओं और शिक्षकों के बीच संवाद का माध्यम बनता है।
5 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस के अवसर पर अभियान की शुरुआत 'नशा मुक्ति संवाद दिवस' के रूप में हुई। आरंभिक तौर पर राजस्थान के 300 से अधिक गांवों में गतिविधियां आयोजित की गईं। बीकानेर जिले के गुसाईंसर बड़ा स्थित आदर्श विद्यालय में लगभग दो हजार विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने मिलकर 'नशा मुक्त भारत' की मानव आकृति बनाई। गांधी जयंती तक 28 दिन की विशेष पहल 'गुरू से गांधी तक' चली। श्यामसुंदर ज्याणी और उनकी पत्नी कविता ने इस अवधि में उपवास किया। इस दौरान दो महत्वपूर्ण पड़ाव रखे गए। 21 सितंबर को सामूहिक संवाद और स्वैच्छिक उपवास। 28 सितंबर को इंकलाब 28 के तहत भगत सिंह जयंती पर व्यापक जनभागीदारी का आह्वान किया गया। अभियान के अभिलेखों के अनुसार, 'इंकलाब 28' में 2,025 गांवों और कस्बों से 17,002 लोगों की भागीदारी दर्ज की गई।
अभियान को लेकर वेबसाइट पर पंजीकरण, डिजिटल प्रमाणपत्र, सभाओं की रिपोर्ट, तस्वीरें और डैशबोर्ड उपलब्ध हैं। शिक्षकों, अभिभावकों और स्वयंसेवकों के लिए हिंदी में 16 निःशुल्क पुस्तिकाएं भी तैयार की गई हैं। एक और दिलचस्प पहल 'संकल्प साथी' है। इसके जरिए हिंदी में बोलकर सवाल पूछने और जवाब सुनने की सुविधा विकसित करने की योजना है। इसका उद्देश्य उन लोगों तक भी जानकारी पहुंचाना है, जिन्हें पढ़ने या मोबाइल पर टाइप करने में कठिनाई होती है। पेशेवर उपचार की जरूरत होने पर उचित सहायता की दिशा बताना भी इसकी प्रस्तावित भूमिका में शामिल है।
मुहिम ने 'नशामुक्त मतदान 2026' का संदेश भी जोड़ा है। इसका आग्रह है कि चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए नशीले पदार्थों के प्रलोभन को सामान्य राजनीतिक व्यवहार न माना जाए। अभियान का मूल विचार यहां भी वही है, जिस व्यवहार को समाज स्वीकार करना बंद कर देगा, उसकी सामाजिक ताकत अपने आप कमजोर होने लगेगी ।
अब लोक संकल्प का अगला बड़ा पड़ाव 23 दिसंबर 2026 है। चौधरी चरण सिंह जयंती और किसान दिवस पर अभियान ने व्यापक विस्तार की तैयारी की है। इस अवसर पर दस लाख लोगों को स्वैच्छिक सामूहिक उपवास से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही एक उन्नत डिजिटल काउंसलिंग सिस्टम लॉन्च करने की योजना है। श्यामसुंदर ज्याणी के अनुसार लोक संकल्प का सवाल केवल गांवों तक सीमित नहीं है। शहरों की सोसायटी, कॉलेज के मित्र समूह, कार्यालयों और पारिवारिक आयोजनों में भी इसकी प्रासंगिकता है। उनका मानना है कि बीकानेर से उठे लोक संकल्प की असली परीक्षा भी इसी दिन होगी, जब किसी घर में मेहमान आएगा और मेजबान उससे यह नहीं पूछेगा कि क्या लेंगे, बल्कि उसके इनकार को बिना किसी सवाल के सम्मान देगा।