Patrika Special News

Water Conservation : बावड़ियां हो रही हैं खामोश, पानी सहेजने की 300 साल पुरानी इंजीनियरिंग की खत्म हो रही कहानी

Water Conservation : राजस्थान का बूंदी शहर अपनी ऐतिहासिक बावड़ियों और अद्भुत जल प्रबंधन स्थापत्य के लिए प्रसिद्ध है। कभी बूंद-बूंद पानी सहेजने के लिए यहां खूबसूरत महलों जैसी बावड़ियां बनाई जाती थीं। करीब 300 साल पुरानी यह पारंपरिक इंजीनियरिंग आज भी जल संरक्षण का अनूठा उदाहरण है, लेकिन उपेक्षा के कारण इनकी ऐतिहासिक विरासत बदहाल होती जा रही है। इस बारे में पढ़िए महेश कुमार जैन की खास रिपोर्ट।
7 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 5:02 PM IST
Boondi ki Bawadi
बूंदी की बावड़ियां हो रही हैं उपेक्षा की शिकार

Water Conservation : पानी की एक-एक बूंद की कीमत समझने के लिए आज देशभर में वर्षाजल संग्रहण, भूजल पुनर्भरण और जल संरक्षण के नए-नए मॉडल तलाश रही है। कहीं रेन वाटर हार्वेस्टिंग की तकनीक विकसित हो रही है तो कहीं पुराने जलस्रोतों को पुनर्जीवित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन बूंदी शहर ने सदियों पहले ही पानी सहेजने की ऐसी अद्भुत व्यवस्था विकसित कर ली थी, जिसमें विज्ञान, स्थापत्य कला, सामाजिक सरोकार और दूरदर्शिता का अनूठा संगम दिखाई देता है।

बूंदी को बावड़ियों का शहर कहते हैं

यहां पानी के लिए केवल कुएं नहीं खोदे गए, बल्कि जमीन के भीतर उतरते हुए ऐसे स्थापत्य खड़े किए गए, जो आज भी इंजीनियरिंग की मिसाल हैं। यही वजह है कि बूंदी को 'बावड़ियों का शहर' कहा जाता है। लेकिन बावडियों की अनदेखी से कोई लुप्त हो गई है तो कोई रख-रखाव के अभाव में अपनी महत्ता खो चुकी है। कोई अतिक्रमण-कब्जे की जद में है किसी को पुनरुद्दार की जरूरत है।

बावड़ियां सिर्फ देखने और तस्वीरें खिंचवाने तक सिमटी

बावड़ियों में पानी निकास नहीं होने से कई गंदी हो गई है। बूंदी की बावड़ियां आज भी खामोश खड़ी हैं। उनके पत्थरों में पानी बचाने का इतिहास दर्ज है, लेकिन उनकी मौजूदा हालत भविष्य के लिए चेतावनी भी है। जरूरत है कि इस विरासत को केवल देखने और तस्वीरें खिंचवाने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे जल संरक्षण के आधुनिक मॉडल से जोड़ा जाए। क्योंकि बूंदी की बावड़ियां सिर्फ पत्थरों में कैद इतिहास नहीं, पानी बचाने की वह कला हैं, जिसकी जरूरत आज पूरे देश को है।

बूंदी शहर में 50 से अधिक बावड़ियां

पर्यटन विभाग के अनुसार बूंदी शहर में 50 से अधिक बावड़ियां हैं। इनका निर्माण तत्कालीन शासकों और राजपरिवारों ने सूखे के दिनों में पानी की जरूरत पूरी करने के लिए करवाया था। ये संरचनाएं केवल जल संग्रहण के केंद्र नहीं थीं, बल्कि सामाजिक मेल-मिलाप, धार्मिक गतिविधियों और सामुदायिक जीवन का भी हिस्सा थीं। पत्थरों में गढ़ी यह विरासत बताती है कि जब आधुनिक मशीनें और तकनीक उपलब्ध नहीं थीं, तब भी पानी के संरक्षण को लेकर कितनी गहरी समझ थी।

रानीजी की बावड़ी, स्थापत्य का अद्भुत संसार

बूंदी की पहचान बन चुकी रानीजी की बावड़ी इस विरासत का सबसे शानदार उदाहरण है। इसका निर्माण वर्ष 1699 में तत्कालीन शासक राव राजा अनिरुद्ध सिंह की छोटी रानी नाथावतीजी ने करवाया था। करीब 46 मीटर गहरी यह बहुमंजिला बावड़ी अपने विशाल प्रवेश द्वार, ऊंचे मेहराब, नक्काशीदार स्तंभों और पत्थर के हाथियों की कलात्मक आकृतियों के लिए प्रसिद्ध है। इसकी प्रत्येक मंजिल पर पूजा-अर्चना के लिए स्थान बनाए गए थे। पुरातत्व विभाग की ओर से करीबन तीन दशक पूर्व यहां अतिक्रमण हटाकर दीवारें निर्मित कर इसे संरक्षित किया गया। आसपास पेट्रोल पंप तक दूसरी जगह शिफ्ट किए गए। विशेषज्ञ बताते हैं कि यहा उमर का पत्थर के बजाए लाल पत्थर लगा दिया गया, जिसकी रंगत ​फीकी पड़ गई है। इसकी दीवारों लगे पत्थर काले पड़ गए हैं। फिलहाल इसे विकसित करने की दरकार है। ताकि यहां पर्यटक आकर गौरवान्वित महसूस कर सके।

बूंदी में सूर्यमल्ल मिश्रण चौराहा स्थित रानीजी की बावड़ी।

भांवलदी बावड़ी : सरकारी दस्तावेजों में रह गई पहचान

बूंदी की भांवलदी बावड़ी भी शहर की ऐतिहासिक जल विरासत का हिस्सा है। सूर्यमल्ल मिश्रण ने यहीं बैठकर अपने ग्रंथ लिखे थे। यहां सुंदर मेहराब है, एल आकार में निर्मित, छतरिया गोखड़े सुंदरता को बढ़ाते हैं। प्रवेश द्वार पर गणेश सरस्वती (जलदेवी) की प्रतिमाएं हैं। पर्यटन मंत्रालय ने इसे बूंदी की स्थापत्य विरासत में स्थान दिया है। यह पुरातत्व विभाग के अधीन है। लेकिन चारों तरफ अतिक्रमण व कब्जे हो रहे हैं। इसकी तरफ लोगों ने घरों के दरवाजे बना लिए हैं। यहां से अतिक्रमण हटेगा तो बावडी का स्वरूप निखरेगा।

नागर सागर कुंड : अकाल से लड़ने के लिए बने थे जुड़वां जलस्रोत

चौगान गेट के बाहर आमने-सामने बने नागर सागर कुंड की विशेषता इसकी जुड़वां संरचना है। दो विशाल सीढ़ीदार कुंड शहर की सामूहिक जल व्यवस्था की कहानी कहते हैं। इनका निर्माण अकाल के समय लोगों को पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कराया गया था। पत्थरों की मजबूत चिनाई और सीढ़ियों का विन्यास इन्हें विशिष्ट बनाता है। लेकिन हालात यह है कि नागर सागर कुंड के आसपास अतिक्रमण बढ़ गया है। कुंड के एक हिस्से में सीवर का पानी मिलने लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार कुंड से बदबू आती है। जेत सागर के पास झाड़ियां उग आई हैं। कभी यहां मेला लगता था, अब सुनसान रहता है।

नरू की बावड़ी. प्लान तैयार, कार्य बाकी, गंदगी से अटी

यह बावड़ी विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि बूंदी की शहरी विकास परियोजना की डीपीआर में इसके जीर्णोद्धार का प्रस्तावित प्लान दर्ज है। इसमें ढीली चिनाई की मरम्मत, प्लास्टर और चित्रकारी का संरक्षण, टूटे हिस्सों का पुनर्निर्माण तथा वनस्पति और कचरा हटाने जैसे कार्यों की दरकार है। यहां पानी में काई जम गई है। कचरा डालने से स्थिति खराब हो गई है।

बूंदी स्थित नरु की बावड़ी में कचरामय हो चुका है। (Photo: Rajasthan Patrika

व्यास बावड़ी : पानी की निकासी नहीं

अभयनाथ महादेव बावडी को व्यास बावड़ी के नाम से भ जाना जाता है। यहां सबसे बड़ी दिकक्त यह हैकि पानी का निकास नहीं होने से गंदगी व बदबू रहती है।

इन जल संरचनाओं को भी पुनरुद्धार की जरूरत

नाहरघुस के बाग की बावड़ी का आस्तित्व ही लुप्त हो गया है। दाबी और अन्य छोटी बावड़ियों की हालत तो और खराब है। कई बावड़ियां पूरी तरह मिट्टी से भर दी गई हैं। नई पीढ़ी को तो पता ही नहीं कि यहां कभी बावड़ी थी। रामजी की बावड़ी, गोविंदपुर की बावड़ी, सुखी बावड़ी, मनोहरजी की बावड़ी, आदिनाथ महादेव की बावड़ी, गुलाब बावड़ी, सिसोदिया जी की बावड़ी, पुरुषोत्तम की बावड़ी, ठंडी बावड़ी, श्याम बावड़ी, मालनमासी बालाजी की बावड़ी, नागपास के गणेशजी की बावड़ी भी गंदगी अतिक्रमण की चपेट में है। बावडियों के अनेक नाम बताते हैं कि शहर की जल व्यवस्था किसी एक विशाल बावड़ी पर निर्भर नहीं थी, बल्कि अलग-अलग मोहल्लों और बस्तियों तक फैला जलस्रोतों का नेटवर्क थी। फिलहाल यहां पुनरुद्दार की जरूरत है।

बूंदों को सहेजने की इंजीनियरिंग है बड़ी विशेषता

बूंदी की बावड़ियों की सबसे बड़ी विशेषता इनका निर्माण ही नहीं, बल्कि इनके पीछे काम करने वाली जल प्रबंधन की सोच थी। पहाड़ियों से घिरे शहर में वर्षा के पानी को व्यर्थ बहने देने के बजाय उसे अलग-अलग जल संरचनाओं तक पहुंचाने की व्यवस्था विकसित की गई थी। शहर की गलियों, ढलानों और प्राकृतिक जल प्रवाह को ध्यान में रखकर जल संचयन के रास्ते बनाए गए। बारिश का पानी बहकर तालाबों, कुंडों और बावड़ियों तक पहुंचता था। इस तरह शहर की जल संरचनाएं एक-दूसरे से जुड़ी व्यवस्था का हिस्सा थीं।

बूंदी. चौगान गेट के निकट स्थित नागर सागर कुंड। (Photo: Rajasthan Patrika)

सामाजिक जरूरतों को ध्यान रखते हुए होता था स्थान तय

पर्यटन मंत्रालय के एक दस्तावेज में बूंदी को मध्यकालीन भारत का ऐसा उत्कृष्ट उदाहरण बताया गया है, जहां बस्ती के स्तर पर वर्षाजल संग्रहण और जल स्थापत्य का विकास हुआ था। इसमें यह भी उल्लेख है कि बावड़ियों और कुंडों का स्थान तय करने में सामाजिक जरूरतों का ध्यान रखा जाता था। यानी उस दौर में पानी के स्रोतों का निर्माण केवल व्यक्तिगत सुविधा के लिए नहीं, बल्कि पूरे समुदाय की जरूरतों को ध्यान में रखकर होता था।

बूंदी के पुरातत्व अधिकारी जगदीश पत्रिका से बताते हैं कि पुरातत्व विभाग प्रस्ताव बनाकर भेज देता है। राशि पर्यटन विभाग जारी करता है। दो वर्ष पूर्व पर्यटन विभाग की ओर से पुनरुद्धार कार्य कराए गए थे। इसमें कितनी राशि खर्च हुई इसका ब्यौरा वहीं बता पाएंगे।

क्या कहते हैं विशेषज्ञ?

वहीं पुरातत्व विशेषज्ञ ओमप्रकाश कुक्की ने कहा कि सरकार की ओर से बावडियों के पुनरुद्धार के लिए जारी की जाने वाली राशि का सदुपयोग होना चाहिए। कार्य गुणवत्तापूर्ण हो, रख-रखाव व देख-रेख मोनिटरिंग प्रोपरी होना चाहिए। हालांकि इसके लिए प्रत्येक बावड़ी की संरचनात्मक स्थिति, जलग्रहण क्षेत्र, जल गुणवत्ता और भूगर्भीय परिस्थितियों का वैज्ञानिक अध्ययन जरूरी है। बिना विशेषज्ञों की सलाह के पुराने ढांचे में बदलाव करना विरासत के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

विरासत के वैभव पर उपेक्षा की इबारत

बंदी के एडवोकेट व सोशल एक्टिविस्ट प्रकाश भण्डारी इतनी समृद्ध जल विरासत होने के बावजूद आज सबसे बड़ा सवाल इसके संरक्षण का है। जिन बावड़ियों ने कभी शहर की प्यास बुझाई, वे आज अपनी उपयोगिता और पहचान बचाने की चुनौती से गुजर रही हैं। कई पुरानी जल संरचनाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती उनके मूल स्वरूप को बचाने, जल आवक के रास्तों को सुरक्षित रखने और नियमित रखरखाव की है। शहरी विस्तार, निर्माण गतिविधियां, कचरा, गंदगी और अतिक्रमण जैसी समस्याएं ऐतिहासिक जल संरचनाओं के लिए खतरा बन सकती हैं।

बावड़ियों की दुर्दशा के बारे में चिंता प्रकट करते हुए इंटेक संयोजक राजकुमार दाधीज ने पत्रिका से बातचीत में बताया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण भी ऐतिहासिक स्मारकों के संरक्षण में अतिक्रमण, प्रदूषण, वनस्पति और संरचनात्मक स्थिरता को प्रमुख चुनौतियों में शामिल करता है। ऐसे में बूंदी की बावड़ियों के लिए भी नियमित रखरखाव और वैज्ञानिक संरक्षण की व्यवस्था जरूरी है। कचरा, गंदगी और अतिक्रमण जैसी समस्याओं का निराकरण करके बावडियों के मूल स्वरूप को निखारने की जरूरत है।

पत्रिका व्यू… ताकि जल संस्कृति जीवंत हो…

बूंदी की बावड़ियां केवल राजस्थान की ऐतिहासिक धरोहर नहीं, बल्कि देश की पारंपरिक जल संरक्षण तकनीक का महत्वपूर्ण उदाहरण हैं। बावड़ियों को एक विरासत पर्यटन सर्किट से जोड़ना, सूचना पट्ट लगाना, ऐतिहासिक विवरण उपलब्ध कराना और गाइड के माध्यम से पर्यटकों को इनके वैज्ञानिक महत्व से परिचित कराना भी जरूरी है। साथ ही स्थानीय लोगों को संरक्षण अभियान से जोड़ना होगा, ताकि ये संरचनाएं केवल पर्यटन स्थल बनकर न रह जाएं, बल्कि शहर की जल संस्कृति का जीवंत हिस्सा बन सकें।

आज देश के सामने जल संकट, गिरता भूजल स्तर और वर्षाजल के तेजी से बहकर व्यर्थ होने जैसी चुनौतियां हैं। ऐसे समय में बूंदी की बावड़ियां अतीत की याद भर नहीं हैं, बल्कि भविष्य के लिए सीख भी हैं। इनकी सीढ़ियों, दीवारों और जल संग्रहण की व्यवस्था में वह सोच दिखाई देती है, जो पानी को संसाधन नहीं, जीवन का आधार मानती थी।

Updated on:
12 Nov 2026, 5:02 PM IST
Published on: