
Aditya Protest: पटना की सड़कों पर एक छह वर्षीय बच्चा अचानक सुर्खियों में आ गया। उसका नाम है आदित्य कुमार। छात्र आंदोलन के बीच उसने बेबाकी सवाल उठाए और फिर पुलिस कार्रवाई के विरोध में धरने पर बैठ गया। यह कहानी केवल एक मासूम के साहस की नहीं, बल्कि सिस्टम पर उठते सवालों का प्रतीक बन गई हैं। ये सवाल उसके नहीं थे, बल्कि हर आम आदमी की जबान बन गए यानी आपकी और हमारी कहानी।
25 अगस्त को पटना में BPSC TRE‑4 अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के दौरान छह वर्षीय आदित्य कुमार हाथ में तिरंगा लेकर बस की छत पर चढ़ गया। उसने बेरोजगारी, नौकरी की व्यवस्था और सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए।
उसने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से नौकरी देने की मांग की और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के इस्तीफे की अपील की। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और आदित्य रातों-रात चर्चा का विषय बन गया।
पुलिस ने उसे और उसकी मां को भी वहां से हटाया। पुलिस का कहना था कि यह सुरक्षा के लिए किया गया था, जबकि सोशल मीडिया पर इसे हिरासत में लेने जैसा बताया गया।
इसके बाद आदित्य के माता-पिता ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। पिता रंजीत कुमार का कहना है कि उन्हें और उनकी पत्नी मुन्नी कुमारी को करीब सात घंटे तक थाने में रखा गया और उनके साथ मारपीट की गई। यह कार्रवाई उस समय शुरू हुई जब आदित्य ने प्रदर्शन स्थल पर पुलिस से सवाल किया था। एक घायल छात्र को देखकर उसने पूछा था कि उसके सिर पर चोट कैसे लगी।
परिवार ने बताया कि वे प्रदर्शन में शामिल नहीं थे, वे केवल अपने बच्चे की सुरक्षा के लिए वहां गए थे। लौटते समय पुलिस ने आदित्य को उनसे अलग कर लिया, उन्हें भरोसा दिलाया कि बच्चे को घर छोड़ दिया जाएगा, लेकिन बाद में उन्हें थाने ले जाया गया और पूछताछ के दौरान मारपीट की गई। मां ने भी पुलिस से कहा कि आगे बच्चे को प्रदर्शन में न लाया जाए और परिवार अब बच्चे की सुरक्षा को लेकर चिंतित है।
31 अगस्त को आदित्य ने गर्दनीबाग इलाके में धरना शुरू कर दिया। उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप की मांग की और डीजीपी को न्यायिक जांच का आवेदन सौंपा।
उसने डीजीपी से मुलाकात की और लाठीचार्ज की न्यायिक जांच की मांग की, साथ ही चेतावनी दी कि अगर न्याय नहीं मिला तो वह फिर से आंदोलन करेगा। न्याय की उम्मीद जताते हुए उसने पूछा, 'मेरे माता‑पिता को मारा गया, क्या वे अपराधी थे?'
पुलिस ने इन आरोपों का खंडन किया है। डीजी ऑपरेशंस कुंदन कृष्णन ने कहा कि बच्चे को हिरासत में नहीं लिया गया था, बल्कि भीड़भाड़ वाले इलाके से बाहर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया था। हालांकि, परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
यह सवाल केवल एक बच्चे की आवाज से नहीं जुड़ा, बल्कि लोकतंत्र और संवैधानिक अधिकारों से भी जुड़ा है। जब एक छह वर्षीय बच्चा पुलिस से पूछता है- 'सर, यह क्यों हुआ?' तो यह केवल मासूमियत नहीं, बल्कि सिस्टम पर विश्वास की भी बात है। सवाल उठाना लोकतंत्र का हिस्सा है, चाहे वह सवाल एक बच्चे की जुबान से ही क्यों न आए।
लेकिन दूसरी ओर, पुलिस की जिम्मेदारी भी है, खासकर जब नाबालिग शामिल हों। सुरक्षा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता आवश्यक हैं। यदि कार्रवाई की वजह सुरक्षा थी, तो परिवार को भरोसा दिलाना और बाद में स्पष्ट करना जरूरी था। आरोपों की जांच होनी चाहिए, वह भी न्यायपालिका, मानवाधिकार आयोग या स्वतंत्र जांच के माध्यम से।
यह घटना बताती है कि सिस्टम की नाकामी इतनी गहरी हो सकती है कि बच्चे भी उसे महसूस करने लगते हैं। जब एक बच्चा संविधान की किताब लेकर धरने पर बैठता है, तो यह केवल एक दृश्य नहीं, बल्कि चेतावनी है, कि अगर सिस्टम जवाबदेह नहीं बना, तो आवाज किसी एक की नहीं बल्कि, छोटे से बड़े सभी उठाएंगे।
अब सवाल यह है, क्या पुलिस जांच करेगी? क्या डीजीपी ने जो आश्वासन दिया है, वह पूरा होगा? क्या इस मामले में न्यायिक जांच होगी? क्या भविष्य में नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन संवेदनशीलता दिखाएंगे? यह कहानी केवल आज की नहीं, आने वाले कल की भी है। एक बच्चे की आवाज ने सिस्टम को झकझोरा है, और अब जवाबदेही की बारी है।