
लोक और आस्था के महापर्व 'छठ पूजा' का आज तीसरा दिन है। छठ महापर्व का नाम आते ही मन में आस्था, भक्ति और लोक परंपराओं की खूबसूरत तस्वीर उभरने लगती है। बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत देश-विदेश में आस्था का यह महापर्व बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा की जाती है।
छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर से हुई थी और इसका समापन 16 नवंबर (सोमवार) को उषा अर्घ्य और पारण के साथ होगा। छठ पूजा का पहला दिन नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ था। छठ महापर्व का तीसरा दिन सबसे खास माना जाता है। आज व्रती महिलाएं नदी, तालाब या किसी जलाशय के किनारे पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देती हैं। पूजा के लिए बांस के सूप और टोकरी में ठेकुआ, फल, नारियल और अन्य पारंपरिक प्रसाद सजाए जाते हैं। सूर्यास्त के समय भगवान सूर्य को जल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छी सेहत और संतान की खुशहाली की कामना की जाती है।
छठ पूजा में डूबते सूर्य (अस्ताचलगामी सूर्य) को अर्घ्य देने के पीछे धार्मिक, आध्यात्मिक और जीवन का एक गहरा संदेश जुड़ा हुआ है। इस परंपरा से जुड़ी मुख्य बातें इस प्रकार हैं:
मान्यता है कि पूरी दुनिया उगते सूरज को सलाम करती है, लेकिन सनातन धर्म एकमात्र ऐसी संस्कृति है जो डूबते सूरज की भी उतनी ही वंदना करती है, जितनी उगते सूर्य की। ब्रह्मवैवर्त पुराण कहता है कि छठी मईया ब्रह्मा जी की मानस पुत्री देवसेना है, जो प्रकृति की छठी दिव्य शक्ति हैं।
एक कथा के अनुसार, प्राचीन काल में जब राजा प्रियंवद का पुत्र मृत पैदा हुआ तो पूरे राजमहल में हाहाकार मच गया। राजा विलाप करते हुए बोले- मेरा वंश पैदा होते ही खत्म हो गया, तो फिर यह राज्य कैसे चलेगा। तभी वहां देवी षष्ठी प्रकट हुईं और राजा के बेटे को जीवित कर दिया।
उसी समय से लोग छठ माता की पूजा अपनी संतान की सलामती के लिए करने लगे। इस पर्व में डूबते सूर्य को अर्घ्य इस मान्यता के साथ दिया जाता है कि जो अस्त हुआ है वो अगले दिन फिर ये उपाय होगा। यह पर्व सिखाता है कि सिर्फ उगते हुए सूरज का नहीं, बल्कि डूबते हुए सूरज का भी वैसा ही सम्मान होना चाहिए।
पानी में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देने के पीछे की सच्चाई वेदों में वर्णित है। सामवेद के अनुसार, जब साधक कमर तक जल में खड़ा होकर तांबे के पात्र से डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देता है तो सूर्य की किरणें जल से छनकर आंखों के माध्यम से सीधे पीनियाल ग्रंथि को जागृत करती हैं और शरीर की ऊर्जा कई गुना बढ़ जाती है। इस तरह से यह पर्व सिर्फ एक पूजा नहीं, भक्ति और विज्ञान का अद्भुत संगम भी है। सनातन सिखाता है कि जो डूबा है उसका उदय भी निश्चित है। इसी भावना के साथ लोग डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं और जल में खड़े होकर ही अर्घ्य देते हैं।