Patrika+

पंजाब में पराली जलाने के 6,433 मामले दर्ज, किसानों पर लगाया गया ₹1.12 करोड़ का जुर्माना

पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं पर नजर रखी जा रही है। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PPCB) और प्रशासन ने पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ कार्रवाई की है।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 3:43 PM IST
stubble burning in punjab
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Janani AI)

पंजाब में धान की कटाई के साथ ही पराली जलाने की घटनाएं बढ़ी हैं। पराली जलाने की घटनाओं पर पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PPCB) और प्रशासन कड़ी नजर रख रहा है। पराली जलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

पराली जलाने की 6,433 घटनाएं दर्ज

पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की 16 नवंबर 2026 तक की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में पराली जलाने की कुल 6,433 घटनाएं दर्ज की गई हैं। वहीं, राज्य में धान की कुल 32.87 लाख हेक्टेयर भूमि में से 98.50 प्रतिशत क्षेत्र में कटाई पूरी हो चुकी है।

रिपोर्ट के अनुसार पराली जलाने की घटनाओं को लेकर अब तक 5,721 खेतों का निरीक्षण किया गया है। इनमें से 2,524 स्थानों पर फसल अवशेष जलाने की पुष्टि हुई है। वहीं, 294 ऐसे खेत भी मिले हैं, जहां गैर-एएफएल श्रेणी में पराली जलाने के निशान पाए गए।

पराली जलाने के इन मामलों में कुल 2,252 पर्यावरणीय मुआवजे (EC) के मामले लगाए गए हैं। इन पर 1 करोड़ 12 लाख 95 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जबकि 40 लाख 60 हजार रुपये की राशि वसूल की जा चुकी है।

पराली जलाने पर FIR और जुर्माना

पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, पराली जलाने के मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत कुल 1,971 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा, 2,066 मामलों में राजस्व रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है।

निगरानी अधिकारियों के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और निकटवर्ती क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की धारा 14 के तहत 35 मामलों में अभियोजन कार्रवाई शुरू की गई है। हालांकि अधिकारियों के खिलाफ कोई चार्जशीट जारी नहीं हुई और न ही किसी अधिकारी को निलंबित किया गया है। राज्य में कुल 1,607 चेतावनी नोटिस और कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

पटियाला जिले में अब तक पराली जलाने की 416 घटनाएं दर्ज की गई हैं। जिले में धान की कुल 2.314 लाख हेक्टेयर भूमि में से 99 प्रतिशत क्षेत्र में कटाई पूरी हो चुकी है। प्रशासन की ओर से 366 खेतों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 230 स्थानों पर पराली जलाने की पुष्टि हुई। वहीं, चार गैर-एएफएल खेतों में पराली जलाने के निशान मिले हैं।

पटियाला जिले में पर्यावरणीय मुआवजे के 170 मामले लगाए गए हैं और कुल 8 लाख 45 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसमें से 3 लाख 10 हजार रुपये की वसूली हुई है। इसके अलावा 222 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 141 मामलों में राजस्व रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है।

पटियाला में अधिकारियों के खिलाफ अभियोजन कार्रवाई, चार्जशीट और निलंबन का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है, जबकि 390 चेतावनी और कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। आंकड़ों के अनुसार, फिरोजपुर में सबसे ज्यादा 847 पराली जलाने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। इसके बाद संगरूर में 741, तरनतारन में 705, बठिंडा में 591 और पटियाला में 416 घटनाएं सामने आई हैं।

Updated on:
17 Nov 2026, 3:43 PM IST
Published on: