
देश की आर्थिक गतिविधियों में मजबूती के बीच अक्टूबर 2026 में वस्तु एवं सेवा कर (GST) संग्रह में शानदार वृद्धि दर्ज की गई है। सरकार द्वारा रविवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में सकल GST संग्रह सालाना आधार पर 22.9 प्रतिशत बढ़कर 2.31 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया, जो पिछले वर्ष अक्टूबर 2025 में 1.88 लाख करोड़ रुपए था।
सरकार द्वारा रविवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में सकल GST संग्रह सालाना आधार पर 22.9 प्रतिशत बढ़कर 2.31 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया, जो पिछले वर्ष अक्टूबर 2025 में 1.88 लाख करोड़ रुपए था।
रिफंड को समायोजित करने के बाद शुद्ध जीएसटी राजस्व 25.6 प्रतिशत बढ़कर 2.03 लाख करोड़ रुपए हो गया, जो एक वर्ष पहले समान अवधि में 1.61 लाख करोड़ रुपए था। यह वृद्धि घरेलू आर्थिक गतिविधियों में तेजी और आयात से मिलने वाले कर राजस्व में उल्लेखनीय उछाल का संकेत देती है।
आंकड़ों के अनुसार, घरेलू जीएसटी संग्रह अक्टूबर में 15.8 प्रतिशत बढ़कर 1.59 लाख करोड़ रुपए हो गया। वहीं, आयात से प्राप्त राजस्व में और भी तेज वृद्धि दर्ज की गई, जो 42.2 प्रतिशत बढ़कर 72,246 करोड़ रुपए पहुंच गया।
घरेलू GST संग्रह में केंद्रीय जीएसटी (CGST) का योगदान 42,935 करोड़ रुपए, राज्य जीएसटी (SGST) का 51,340 करोड़ रुपए और एकीकृत जीएसटी (IGST) का 64,769 करोड़ रुपए रहा। दूसरी ओर आयात से प्राप्त आईजीएसटी संग्रह अक्टूबर 2025 के 50,796 करोड़ रुपए से बढ़कर इस वर्ष 72,246 करोड़ रुपए हो गया।
चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले 7 महीनों (अप्रैल-अक्टूबर) के दौरान सकल GST संग्रह 13.2 प्रतिशत बढ़कर 14.77 लाख करोड़ रुपए हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 13.05 लाख करोड़ रुपए था। इसी अवधि में शुद्ध जीएसटी राजस्व 12.6 प्रतिशत बढ़कर 12.69 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया, जो एक वर्ष पहले 11.27 लाख करोड़ रुपए था।
सरकार ने यह भी बताया कि अक्टूबर में जीएसटी रिफंड में वृद्धि दर्ज की गई। कुल रिफंड 6.5 प्रतिशत बढ़कर 27,934 करोड़ रुपए रहा, जबकि पिछले वर्ष इसी महीने यह 26,225 करोड़ रुपए था। घरेलू रिफंड 9.8 प्रतिशत बढ़कर 14,007 करोड़ रुपए हुआ, जबकि आईसीईजीएटीई के माध्यम से संसाधित निर्यात रिफंड 3.4 प्रतिशत बढ़कर 13,927 करोड़ रुपए पहुंच गया।
रिफंड समायोजन के बाद घरेलू शुद्ध जीएसटी संग्रह 16.4 प्रतिशत बढ़कर 1.45 लाख करोड़ रुपए रहा। वहीं, कस्टम्स से जुड़े शुद्ध जीएसटी राजस्व में 56.2 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई और यह 58,319 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। अप्रैल से अक्टूबर 2026 की अवधि में कुल जीएसटी रिफंड 16.9 प्रतिशत बढ़कर 2.08 लाख करोड़ रुपए हो गया। इस दौरान घरेलू रिफंड 19.7 प्रतिशत बढ़कर 1.18 लाख करोड़ रुपए और आयात से जुड़े रिफंड 13.4 प्रतिशत बढ़कर 89,733 करोड़ रुपए रहे।