Patrika+

व्हाइट हाउस में डोनाल्ड ट्रंप से मिलेंगे कतर के प्रधानमंत्री, ये मुलाकात क्यों है खास?

कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी आज व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलेंगे। ये मुलाकात क्यों खास है, आइए जानते हैं।
2 min read
• •
Updated: 9 Nov 2026, 11:55 AM IST
Donald Trump
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप(फोटो-IANS)

अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव कम करने के कूटनीतिक प्रयास जारी है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को व्हाइट हाउस में कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी से मुलाकात करेंगे।

मुलाकात क्यों है खास?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी की व्हाइट हाउस में मुलाकात होगी। यह मुलाकात बेहद खास होगी। व्हाइट हाउस के कार्यक्रम के मुताबिक, यह बैठक बंद कमरे में होगी। इस मुलाकात को इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। वह दोनों देशों के बीच प्रस्तावों के आदान-प्रदान और मतभेद दूर करने की कोशिशों में जुटा है। इसमें ईरान का परमाणु कार्यक्रम और युद्ध समाप्त करने की शर्तें प्रमुख मुद्दे हैं।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति भी कतर के PM से मिलेंगे

मीडिया रिोपर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी कतर के प्रधानमंत्री के साथ बातचीत करेंगे। यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि ईरान के साथ बातचीत में अब तक कोई प्रगति नहीं हुई है और निकट भविष्य में किसी बड़े समझौते के संकेत नहीं हैं। इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि जब तक बातचीत में प्रगति की संभावना बनी हुई है, तब तक ईरान पर नए हमले करने का आदेश देने की संभावना बेहद कम है।

कतर की पश्चिम एशिया के विवादों में मध्यस्थता

कतर लंबे समय से पश्चिम एशिया के कई विवादों में मध्यस्थता करता रहा है। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव में भी उसकी भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। ऐसे में व्हाइट हाउस में होने वाली यह बैठक दोनों देशों के बीच बातचीत को आगे बढ़ाने के प्रयासों के लिहाज से अहम है।

28 फरवरी 2026 को ईरान पर अमेरिका-इजरायल ने संयुक्त हमला किया था। इसके बाद ईरान ने भी क्षेत्रीय स्तर पर गल्फ देशों को निशाना बनाना शुरू कर दिया था। सीजफायर ऐलान के बाद भी अमेरिका और ईरान के बीच तल्खी बरकरार रही।

पश्चिम एशिया संकट से पूरी दुनिया के ऊर्जा सुरक्षा और व्यापारिक हित प्रभावित हुए हैं। फारस की खाड़ी और होर्मुज स्ट्रेट से होने वाली तेल एवं गैस आपूर्ति में व्यवधान पैदा हो रहा है। इससे विभिन्न देशों की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ा है।

Updated on:
9 Nov 2026, 11:55 AM IST
Published on: