9 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

दिवाली के बाद दिल्ली की हवा और जहरीली: आसमान में स्मॉग की घनी चादर छाई, निगरानी केंद्रों पर AQI-435 दर्ज

दिवाली के बाद दिल्ली की हवा और जहरीली हो गई है। दिल्ली के 15 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Vinay Shakya

•

Updated: 9 Nov 2026, 10:24 AM IST

Delhi air quality

सांकेतिक इमेज (सोर्स- Janani)

दिवाली के एक दिन बाद सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर बेहद खराब बना रहा। शहर के 15 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया। सोमवार सुबह 6 बजे दिल्ली का औसत AQI- 366 रहा, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है।

दिल्ली में छाया स्मॉग

सुबह के समय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में स्मॉग की घनी चादर छाई रही, जिससे सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के कई जिलों में घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इससे सुबह के समय दृश्यता और प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

सोनिया विहार में सबसे अधिक AQI

प्रदूषण के लिहाज से सोनिया विहार सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में रहा, जहां एक्यूआई 449 दर्ज किया गया। इसके बाद बुराड़ी क्रॉसिंग में 445 और विवेक विहार में AQI 441 रिकॉर्ड किया गया। जहांगीरपुरी में AQI 439, दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में 437 और रोहिणी में 435 दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू) में एक्यूआई 431 रहा। इसके अलावा बवाना में 424, चांदनी चौक और पटपड़गंज में 418-418, मुंडका में 413 तथा एनआईएच नरेला और पंजाबी बाग में 408-408 एक्यूआई दर्ज किया गया।

कोहरे की चेतावनी जारी

आईएमडी ने दिल्ली के लिए जिला स्तर पर कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राजधानी के कई इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और शाहदरा समेत कई जिलों को अलर्ट पर रखा गया है। इन इलाकों में दृश्यता में तेजी से गिरावट आने की संभावना है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली-नोएडा डायरेक्ट (डीएनडी) फ्लाईवे के आसपास भी वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में रही। यहां एक्यूआई 338 दर्ज किया गया। राजधानी में बढ़ते प्रदूषण के बीच सड़कों पर वाहनों की आवाजाही जारी रही, जबकि कई इलाकों में धुंध और स्मॉग के कारण दृश्यता प्रभावित रही। दिवाली के बाद भी प्रदूषण का गंभीर स्तर पर बने रहना राजधानी के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।