Patrika+

आशुतोष राणा के जन्मदिन पर रेणुका शहाणे का खास तोहफा, अनोखे अंदाज में रिलीज किया शॉर्ट फिल्म ‘तर्पण’ का ट्रेलर

एक्ट्रेस रेणुका शहाणे ने अपने पति और अभिनेता आशुतोष राणा को उनके जन्मदिन पर बेहद खास अंदाज में बधाई दी। आशुतोष राणा के जन्मदिन पर रेणुका शहाणे ने शॉर्ट फिल्म 'तर्पण' का ट्रेलर रिलीज किया है।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 4:37 PM IST
Renuka Shahane and Ashutosh Rana
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Janani)

अभिनेत्री रेणुका शहाणे ने पति और अभिनेता आशुतोष राणा के जन्मदिन को खास अंदाज में मनाया। रेणुका शहाणे ने इस मौके पर अपनी आने वाली शॉर्ट फिल्म 'तर्पण' का ट्रेलर रिलीज कर उन्हें खास तोहफा दिया। इस फिल्म में आशुतोष राणा मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जबकि इसका निर्देशन खुद रेणुका शहाणे ने किया है।

रेणुका ने सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो

रेणुका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर फिल्म का ट्रेलर शेयर करते हुए आशुतोष के लिए एक प्यार भरा नोट भी लिखा। उन्होंने अभिनेता को जन्मदिन की बधाई देते हुए फिल्म में उनके काम की जमकर तारीफ की।

रेणुका ने लिखा- राणा जी, आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह हमारी शॉर्ट फिल्म 'तर्पण' का ट्रेलर है। मैं दुनिया के सामने आपका खूबसूरत, दिल को छू लेने वाला, गहरा और असाधारण अभिनय लाने का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं। पूरी फिल्म देखने के लिए आपको बस थोड़ा और इंतजार करना होगा। आपसे प्यार है, राणा जी। जन्मदिन मुबारक हो!

रेणुका के इस पोस्ट में उनकी शॉर्ट फिल्म की कहानी की कुछ झलकियां देखने को मिलीं। इस प्रोजेक्ट को लेकर वह काफी उत्साहित हैं और जल्द ही फिल्म को दर्शकों के सामने लाना चाहती हैं। फिल्म 'तर्पण' के जरिए रेणुका और आशुतोष शादी के बाद पहली बार किसी फिल्म में एक साथ काम कर रहे हैं। फिल्म में आशुतोष मुख्य भूमिका निभा रहे हैं और निर्देशन की जिम्मेदारी रेणुका निभा रही हैं।

रेणुका-आशुतोष की शादी के 25 साल पूरे

रेणुका शहाणे और आशुतोष राणा की शादी 25 मई 2001 को मध्य प्रदेश के दमोह में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुई थी। दोनों ने 25 मई 2026 को अपनी शादी के 25 साल पूरे किए। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए कपल ने एक बार फिर पारंपरिक वरमाला समारोह के जरिए शादी की रस्में दोहराईं और अपने रिश्ते का जश्न मनाया था।

दोनों के दो बेटे हैं, जिनके नाम शौर्यमान और सत्येंद्र हैं। रेणुका और आशुतोष फिल्म और टेलीविजन जगत की चर्चित जोड़ियों में हैं। दोनों अपनी निजी जिंदगी को लाइमलाइट से दूर रखते हुए अक्सर खास मौकों पर एक-दूसरे के लिए प्यार जाहिर करते नजर आते हैं।

Updated on:
10 Nov 2026, 4:37 PM IST
Published on: