
आज के समय में स्मार्टफोन हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। कुछ मिनट के लिए फोन उठाने वाला व्यक्ति कब रील्स, शॉर्ट वीडियो और सोशल मीडिया स्क्रॉलिंग में काफी समय बिता देता है, पता ही नहीं चलता। इसी डिजिटल आदत के बीच सिंगापुर सरकार ने लोगों को दोबारा किताबों की ओर लाने के लिए एक अनोखी पहल शुरू की है। यहां लोगों को हर दिन कम से कम 15 मिनट पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है और इसके बदले वर्चुअल कॉइन दिए जा रहे हैं, जिन्हें बाद में नकद राशि में बदला जा सकता है। इस पहल का नाम ReadSG है।
सिंगापुर के National Library Board यानी NLB ने सितंबर 2026 में ReadSG नाम से 5 साल का राष्ट्रीय रीडिंग मूवमेंट शुरू किया है। इसका उद्देश्य लोगों में नियमित रूप से पढ़ने की आदत विकसित करना और लंबे समय तक किसी किताब या सामग्री पर ध्यान केंद्रित करने की क्षमता को बढ़ावा देना है।
इस अभियान के तहत ReadSG Challenge में हिस्सा लेने वाले लोग सरकारी नागरिक भागीदारी प्लेटफॉर्म CrowdTaskSG पर अपनी रोजाना की रीडिंग एक्टिविटी लॉग कर सकते हैं। इसमें लक्ष्य बहुत बड़ा नहीं रखा गया है। रोज सिर्फ 15 मिनट पढ़ने की आदत बनाने पर जोर दिया गया है।
यहां एक जरूरी बात समझना जरूरी है। 15 मिनट पढ़ने पर सीधे बैंक खाते में पैसे नहीं आते। इसके बदले 20 वर्चुअल कॉइन मिलते हैं।
रिपोर्टों के मुताबिक 1,000 कॉइन की कीमत 1 सिंगापुर डॉलर (करीब 76 रुपये) है। यानी एक दिन 15 मिनट पढ़ने पर मिलने वाले 20 कॉइन की कीमत लगभग 0.02 सिंगापुर डॉलर बैठती है। 50 योग्य रीडिंग सेशन पूरे करने पर 1 सिंगापुर डॉलर का स्तर हासिल होता है।
इसका मतलब यह योजना कमाई का जरिया नहीं है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को रोज पढ़ने की आदत डालना है। पैसे को पढ़ने की आदत के लिए छोटे प्रोत्साहन के तौर पर इस्तेमाल किया गया है।
ReadSG Challenge में पढ़ने का समय सरकारी प्लेटफॉर्म पर लॉग किया जाता है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार प्रतिभागी कम से कम 15 मिनट का रीडिंग सेशन पूरा करने के बाद उसे CrowdTaskSG पर दर्ज करते हैं। इसके बाद उन्हें तय नियमों के अनुसार वर्चुअल कॉइन मिलते हैं।
यानी व्यवस्था का आधार हर सेकंड की निगरानी करने के बजाय रीडिंग सेशन को लॉग करना है। उपलब्ध रिपोर्टों में यह बताया गया है कि एक दिन में केवल 1 रीडिंग सेशन दर्ज किया जा सकता है। इसलिए एक ही दिन में 30 या 45 मिनट पढ़ने पर कई सेशन के कॉइन नहीं मिलते।
ReadSG में व्यक्तिगत लक्ष्य, रीडिंग स्ट्रीक, XP और वर्चुअल कॉइन जैसी गेमिफिकेशन सुविधाएं भी रखी गई हैं। इसका मकसद पढ़ने को रोज की छोटी लेकिन लगातार आदत बनाना है।
NLB के 2024 के अध्ययन में पाया गया कि सिंगापुर के 89 फीसदी वयस्क सप्ताह में एक से अधिक बार किसी न किसी तरह की रीडिंग करते हैं, लेकिन किताब पढ़ने वालों का अनुपात केवल 28 फीसदी है। यानी लोग ऑनलाइन आर्टिकल, सोशल मीडिया पोस्ट या दूसरी डिजिटल सामग्री पढ़ रहे हैं, लेकिन किताबों को पढ़ने का समय कम हो रहा है। साथ ही लोगों को सोशल मीडिया और रील्स की लत से छुटकारा दिलाना भी इस पहल का मकसद है।
ReadSG इसी बदलाव को ध्यान में रखकर बनाया गया है। NLB का मानना है कि रोजाना 15 मिनट का छोटा लक्ष्य लोगों के लिए शुरुआत करना आसान बना सकता है।
ReadSG में पढ़ने के साथ गेमिफिकेशन का इस्तेमाल किया गया है। रीडिंग स्ट्रीक और XP जैसी सुविधाएं लोगों को लगातार लक्ष्य पूरा करने के लिए प्रेरित करती हैं। कुछ आयोजनों में बोनस रिवॉर्ड और सीमित संस्करण के लाइब्रेरी चार्म जैसे पुरस्कार भी रखे गए हैं।
इस अभियान से जुड़ा Read for Good कार्यक्रम भी है। इसके तहत लोगों की रीडिंग को चैरिटी से जोड़ा गया है, ताकि व्यक्तिगत पढ़ने की गतिविधि का सामाजिक लाभ भी हो सके।
इस पहल को लेकर विशेषज्ञों की राय पूरी तरह एक जैसी नहीं है। कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि छोटे रिवॉर्ड लोगों को शुरुआत करने और आदत बनाने में मदद कर सकते हैं। वहीं कुछ का तर्क है कि अगर पढ़ने की प्रेरणा केवल पैसे से जुड़ी रहे तो लंबे समय तक किताब पढ़ने की आंतरिक रुचि विकसित करना चुनौती हो सकता है।
फिलहाल ReadSG का असली उद्देश्य 1 सिंगापुर डॉलर कमाना नहीं, फोन से कुछ समय दूर रहकर रोज किताब पढ़ने की आदत बनाना है। 15 मिनट का यह छोटा लक्ष्य आगे चलकर लंबे समय तक पढ़ने की आदत में बदलता है या नहीं, यह इस अभियान की सबसे महत्वपूर्ण कसौटी होगी।