Patrika+

आपका फोन फोटो कैप्चर नहीं करता, बनाता है! कैमरे और स्मार्टफोन की तस्वीर में आखिर क्या फर्क है?

World Photography Day: एक कैमरा भी सेंसर की मदद से तस्वीर रिकॉर्ड करता है, लेकिन स्मार्टफोन एक क्लिक में कई फ्रेम, एचडीआर, शोर कम करने, रंग सुधारने और दूसरे कम्प्यूटेशनल तरीकों से एक फाइनल फोटो तैयार कर सकता है। विश्व फोटोग्राफी दिवस (World photography day) पर समझिए आपके फोन में क्लिक के बाद वास्तव में क्या होता है?
5 min read
Aug 18, 2026
World Photography Day special
World Photography Day special: क्या आप जानते हैं पारंपरिक कैमरे की फोटो और मोबाइल पर ली गई तस्वीर का फर्क?(Creative: AI)

World Photography Day: आपने मोबाइल का कैमरा खोला, सामने का दृश्य देखा और स्क्रीन पर उंगली से एक बार टैप किया। बस एक क्लिक। लेकिन उस एक क्लिक के बाद आपके फोन के अंदर इतनी सारी प्रक्रियाएं शुरू हो सकती हैं कि जिस तस्वीर को आप एक सेकंड बाद स्क्रीन पर देखते हैं, वह जरूरी नहीं कि सेंसर ने उसी रूप में रिकॉर्ड की हो। यही वजह है कि आज स्मार्टफोन फोटोग्राफी को समझने के लिए एक नई अवधारणा सामने आई है, कम्प्यूटेशनल फोटोग्राफी।

सरल भाषा में कहें तो कैमरा रोशनी को रिकॉर्ड करता है, जबकि स्मार्टफोन उस रिकॉर्ड किए गए डेटा को प्रोसेस करके अंतिम तस्वीर तैयार करता है। हालांकि यह कहना तकनीकी रूप से गलत होगा कि पारंपरिक कैमरा कोई प्रोसेसिंग नहीं करता। डिजिटल कैमरा भी सेंसर से आए डेटा को प्रोसेस करता है। असली फर्क यह है कि आधुनिक स्मार्टफोन में कई फ्रेम को मिलाना, रोशनी और रंग का विश्लेषण करना, शोर हटाना, चेहरे और वस्तुओं को पहचानना तथा एआई आधारित सुधार तस्वीर बनने की प्रक्रिया का बहुत बड़ा हिस्सा बन चुके हैं।

पहले समझिए कैमरा तस्वीर कैसे रिकॉर्ड करता है

किसी डिजिटल कैमरे के सामने जब रोशनी आती है तो लेंस उस रोशनी को सेंसर तक पहुंचाता है। सेंसर में लाखों छोटे प्रकाश-संवेदी हिस्से होते हैं। इन्हें सामान्य तौर पर पिक्सेल कहा जाता है। प्रकाश की मात्रा के आधार पर सेंसर विद्युत संकेत पैदा करता है। इसके बाद कैमरे का इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम इस जानकारी को डिजिटल डेटा में बदलता है और उससे तस्वीर तैयार होती है।

यानी बुनियादी प्रक्रिया है…

दृश्य - लेंस - सेंसर - प्रकाश का डेटा - डिजिटल तस्वीर।

यहां एक महत्वपूर्ण बात है जानना जरूरी है, कैमरे में भी तस्वीर सीधे 'कागज पर' नहीं बनती। डिजिटल कैमरा भी सेंसर डेटा को संसाधित करके अंतिम तस्वीर तैयार करता है। लेकिन स्मार्टफोन ने इस प्रक्रिया को काफी आगे बढ़ा दिया है।

फोन में एक क्लिक वास्तव में कई तस्वीरें हो सकता है

गूगल ने अपनी HDR+ तकनीक की व्याख्या करते हुए बताया है कि HDR+ वाली तस्वीर एक छोटी बर्स्ट श्रृंखला से बनाई जा सकती है। फोन कई तस्वीरें लेता है और उन्हें मिलाकर एक संयुक्त तस्वीर तैयार करता है। अलग-अलग फ्रेम को सही जगह पर मिलाकर शोर कम किया जाता है और रोशनी तथा छाया के हिस्सों को बेहतर बनाया जाता है।

गूगल के मुताबिक एचडीआर (HDR) तकनीक में अलग-अलग चमक स्तरों पर ली गई कई तस्वीरों को मिलाकर ऐसी तस्वीर बनाई जा सकती है, जिसमें उजले और अंधेरे हिस्सों में ज्यादा जानकारी दिखाई दे। यानी फोन में आपका एक क्लिक कई बार सिर्फ एक तस्वीर रिकॉर्ड करने की घटना नहीं, बल्कि कई तस्वीरों से एक बेहतर अंतिम तस्वीर तैयार करने की शुरुआत होता है।

मान लीजिए सामने तेज रोशनी और अंधेरा दोनों हैं, इसे एक आसान उदाहरण से समझ सकते हैं। आप किसी कमरे के अंदर खड़े हैं और पीछे खिड़की से तेज धूप आ रही है। अगर कैमरा केवल एक एक्सपोजर में तस्वीर लेता है, तो दो समस्याएं हो सकती हैं, चेहरा बहुत अंधेरा हो जाए या खिड़की के बाहर का हिस्सा पूरी तरह सफेद हो जाए।

स्मार्टफोन कई फ्रेम अलग-अलग एक्सपोजर के साथ ले सकता है और फिर उन्हें मिलाकर ऐसा परिणाम तैयार कर सकता है, जिसमें चेहरे और खिड़की दोनों में ज्यादा विवरण दिखाई दे। यही HDR और कम्प्यूटेशनल फोटोग्राफी का मूल विचार है।

फिर फोन तस्वीर के साथ और क्या-क्या बदलता है?

सेंसर से मिलने वाला कच्चा डेटा सीधे आपकी गैलरी में दिखाई देने वाली अंतिम तस्वीर नहीं होता। एप्पल के 2026 डेवलपर दस्तावेज में RAW इमेज प्रोसेसिंग की प्रक्रिया समझाते हुए बताया गया है कि सेंसर डेटा को डिमोजाइक किया जाता है, शोर कम किया जाता है, किनारों की शार्पनेस और स्थानीय कॉन्ट्रास्ट को सुधारा जाता है तथा फिर व्हाइट बैलेंस, एक्सपोजर, रंग और टोन को समायोजित किया जाता है।

आपके फोन में तस्वीर बनने की प्रक्रिया को मोटे तौर पर ऐसे समझ सकते हैं-

लेंस - सेंसर - कच्चा डेटा - रंगों की व्याख्या - शोर कम करना - कई फ्रेम का संयोजन - एक्सपोजर/व्हाइट बैलेंस - रंग और टोन - अंतिम तस्वीर।

कहना जरूरी है कि, यही वह जगह है जहां स्मार्टफोन पारंपरिक कैमरे से काफी अलग अनुभव देता है।

2026 में यह अंतर और बड़ा हो गया है

एप्प्ल के 2026 डेवलपर सत्र में कंपनी ने बताया कि उसके 24 मेगापिक्सल फोटो कैप्चर में एक 12 मेगापिक्सल मल्टी-फ्रेम HDR तस्वीर को 48 मेगापिक्सल हाई-रेजोल्यूशन इमेज के साथ प्रोसेसिंग पाइपलाइन में मिलाया जाता है, जिसके बाद 24 मेगापिक्सल की अंतिम तस्वीर तैयार होती है।

इस उदाहरण से एक बात बिल्कुल साफ होती है, फोन हमेशा सेंसर से मिलने वाले डेटा को उसी रूप में सेव नहीं करता, जिसे आपने कैमरे में देखा था। वह उपलब्ध डेटा को मिलाकर और संसाधित करके एक अंतिम तस्वीर तैयार कर सकता है।

रात में फोन का कमाल इसी वजह से दिखता है

रात में तस्वीर लेते समय सेंसर तक कम रोशनी पहुंचती है। इससे डिजिटल शोर बढ़ सकता है और तस्वीर धुंधली या दानेदार हो सकती है। स्मार्टफोन इस समस्या से निपटने के लिए कई फ्रेम ले सकता है। अगर फोन और दृश्य अपेक्षाकृत स्थिर हों, तो इन फ्रेम को मिलाकर शोर कम किया जा सकता है।

2026 के NTIRE Low-light Enhancement Challenge में वास्तविक कम रोशनी वाले 585 दृश्यों का डेटासेट इस्तेमाल किया गया। इसमें हाथ से पकड़े गए स्मार्टफोन से ली गई कई असमान तस्वीरों को RAW स्तर पर मिलाकर साफ तस्वीर तैयार करने की समस्या पर काम किया गया। प्रतियोगिता में शीर्ष तरीकों ने स्थापित आधार रेखा की तुलना में PSNR में 6.49 dB तक सुधार हासिल किया।

यह शोध बताता है कि कम रोशनी में बेहतर तस्वीर के पीछे केवल अच्छा लेंस या बड़ा सेंसर ही नहीं, बल्कि कई तस्वीरों को कम्प्यूटेशनल तरीके से मिलाने की तकनीक भी महत्वपूर्ण है।

तो क्या फोन 'नकली' तस्वीर बनाता है?

एक्सपर्ट्स कहते हैं नहीं। यहां शब्दों का चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। हर प्रोसेस्ड स्मार्टफोन फोटो को फेक कहना गलत होगा। जब फोन शोर कम करता है, रंग ठीक करता है, कई फ्रेम मिलाता है या एचडीआर (HDR) बनाता है, तो वह जरूरी नहीं कि वास्तविक दृश्य में मौजूद वस्तु को बदल रहा हो। वह अक्सर उसी दृश्य से मिले डेटा को बेहतर ढंग से प्रस्तुत कर रहा होता है।

लेकिन कुछ AI फीचर इससे आगे जा सकते हैं। ये फीचर किसी वस्तु को हटाना, पृष्ठभूमि बदलने, चेहरा सुधारने या ऐसी जानकारी उत्पन्न करने, जो मूल सेंसर डेटा में उस रूप में मौजूद नहीं थी कर सकता है। यहीं फोटोग्राफी और जनरेटिव इमेज एडिटिंग के बीच की सीमा महत्वपूर्ण हो जाती है।

तस्वीर में क्या बदला, यह जानना अब संभव भी है

गूगल फोटोज अब कंटेट क्रेडेंशियल जैसी तकनीक को समर्थन देता है। गूगल का मानना है कि, इससे फोटो की उत्पत्ति और उसमें इस्तेमाल हुए AI या गैर-AI टूल के बारे में जानकारी मिल सकती है।

लेकिन गूगल खुद एक महत्वपूर्ण सावधानी बताता है, कंटेट क्रेडेंशियल्स यह अपने आप नहीं बताते कि कोई तस्वीर असली है या नकली। वे तस्वीर के स्रोत और इतिहास के बारे में जानकारी देते हैं, जिससे व्यक्ति बेहतर निर्णय ले सके। यानी भविष्य की फोटोग्राफी में सवाल सिर्फ यह नहीं होगा कि तस्वीर कितने मेगापिक्सल की है। सवाल यह भी होगा कि, 'यह तस्वीर बनी कैसे?'

कैमरा और फोन के बीच असली अंतर यही है

पारंपरिक डिजिटल कैमरा भी सेंसर डेटा को प्रोसेस करता है। इसलिए यह कहना कि 'कैमरा सिर्फ फोटो खींचता है और फोन फोटो बनाता है' केवल एक सलरता से लिखी जाने वाली लाइन है। जबकि यह एक वैज्ञानिक परिभाषा नहीं है। लेकिन यह एक लाइन एक बड़े बदलाव को समझाने के लिए जरूरी है।

कैमरा: वास्तविक दृश्य की रोशनी को सेंसर पर रिकॉर्ड करता है और फिर उसे डिजिटल तस्वीर में बदलता है।

स्मार्टफोन: सेंसर से मिले डेटा के साथ कई फ्रेम, कम्युटेशनल एल्गोरिद्म्स और डिवाइस की प्रोसेसिंग शक्ति का इस्तेमाल करके अंतिम तस्वीर को काफी हद तक तैयार करता है।

इसलिए फोन की तस्वीर सिर्फ 'जो सेंसर ने देखा' नहीं होती; वह काफी हद तक 'सेंसर ने जो डेटा दिया और फोन ने उस डेटा को कैसे समझा' इसका परिणाम होती है। और यही विश्व फोटोग्राफी दिवस 2026 की सबसे दिलचस्प कहानी है।

कभी कैमरे ने इंसान को दृश्य को रिकॉर्ड करने की ताकत दी थी। आज स्मार्टफोन ने उसी प्रक्रिया में एक और शक्ति जोड़ दी है, दृश्य को रिकॉर्ड करने के साथ-साथ उसे समझकर उसे तस्वीर में बदलने की। इसलिए अगली बार जब आप फोन से फोटो खींचें, तो याद रखिए, आपने सिर्फ शटर नहीं दबाया है। आपने एक छोटी-सी कम्प्यूटेशनल प्रक्रिया शुरू की है, जिसके अंत में आपके सामने वह तस्वीर आती है, जिसे फोन ने आपके लिए तैयार किया है।

Updated on:
18 Aug 2026 11:16 am
Published on:
18 Aug 2026 11:16 am