राजनीति

नीतीश: दाग अच्छे होते हैं…

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स की रिपोर्ट के अनुसार बिहार के नए मंत्रिमंडल में 29 में से 22 मंत्री दागी हैं। इनमें से 9 के खिलाफ गंभीर अपराध के मामले चल रहे हैं। 

2 min read
Aug 02, 2017
Nitish Kumar
नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के साथ महागठबंधन तोड़कर बिहार में भाजपा के सहयोग से सरकार बनाने वाले नीतीश कुमार के नए मंत्रिमंडल में 29 में से 22 मंत्री दागी हैं। यह खुलासा एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉम्र्स (एडीआर) की रिपोर्ट से हुआ है। रिपोर्ट में कहा गया है कि बिहार की नई सरकार में पिछली महागठबंधन सरकार के मुकाबले ज्यादा दागी मंत्री है। रिपोर्ट के अनुसार, पिछली सरकार में 28 में से 19 मंत्री दागी थे। एडीआर ने यह रिपोर्ट मुख्यमंत्री समेत 29 मंत्रियों के चुनावी हलफनामे के आधार पर तैयार की है।

9 मंत्रियों के खिलाफ गंभीर मामले
एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार, बिहार के इन 22 दागी मंत्रियों में से 9 के खिलाफ गंभीर अपराध के मामले चल रहे हैं। नई सरकार में 9 मंत्री ऐसे हैं जो 8वीं से लेकर 12वीं पास तक है। नई सरकार के 18 मंत्री ग्रेजुएट यह इससे ज्यादा पढ़े-लिखे हैं। नई सरकार में महिला मंत्रियों की संख्या भी घट गई है। पिछली सरकार की दो मंत्रियों की तुलना में इस बार केवल एक महिला को मंत्री बनाया गया है।

करोड़पति मंत्रियों की संख्या घटी
बिहार में नीतीश की अगुवाई वाली नई सरकार में करोड़पति मंत्रियों की संख्या में मामूली गिरावट हुई है। पिछली महागठबंधन सरकार में जहां 22 मंत्री करोड़पति थे, वहीं नई सरकार में इनकी संख्या 21 रह गई है। बिहार की मौजूद कैबिनेट के मंत्रियों की औसन संपत्ति 2.46 करोड़ रुपए हैं।

नीतीश ने 27 जुलाई को भाजपा के साथ बनाई सरकार
महागठबंधन के सहयोगी राजद प्रमुख लालू यादव और उनके परिवार पर जुलाई में सीबीआई की छापेमारी के बाद नीतीश कुमार और लालू यादव के बीच मनमुटाव चल रहा था। इस बीच 26 जुलाई को जदयू के मुखिया नीतीश कुमार ने अंतरआत्मा की आवाज का हवाला देते हुए बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने के 16 घंटे के अंदर ही नीतीश कुमार भाजपा के सहयोग से दोबारा बिहार के मुख्यमंत्री बन गए थे।
Published on:
02 Aug 2017 03:11 pm
Also Read
View All