
नई दिल्ली। देश में कोरोना संकट ( Coronavirus Crisis ) के बीच भारतीय जनता पार्टी ( BJP ) ने बड़ा फेरबदल किया है। भाजपा ने मनोज तिवारी ( Manoj Tiwari ) को दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ( Delhi BJP President ) के पद से हटा दिया है।
पार्टी ने उनकी जगह आदेश कुमार गुप्ता ( Adesh Kumar Gupta ) को दिल्ली की जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा महासचिव अरुण सिंह ( BJP General Secretary Arun Singh ) ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।
दिल्ली के साथ ही छत्तीसगढ़ पार्टी संगठन में भी बड़ा बदलाव किया गया है। यहां भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष को हटाकर विष्णुदेव साय को प्रदेश की कमान सौंपी है।
इसके साथ ही पूर्वोत्तर के राज्य मणिपुर में भी भाजपा ने एस टिकेंद्र सिंह को प्रदेश अध्यक्ष को नियुक्त किया है।
भाजपा प्रदेश संगठनों में हुए इस बड़े फेरबदल की घोषणा पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने की है।
क्यों उठाना पड़ा यह कदम?
दरअसल, विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी दिल्ली और छत्तीसगढ़ दोनों ही राज्यों में बहुत अच्छा नहीं कर पाई थी।
जिसकी वजह से दोनों ही राज्यों में गैर—भाजपा सरकार बनी। दिल्ली में जहां भाजपा को आम आदमी पार्टी के हाथों भारी शिकस्त मिली, वहीं छत्तीसगढ़ में पार्टी को कांग्रेस के सामने मुंह की खानी पड़ी।
तभी से माना जा रहा था कि भाजपा इन दोनों राज्यों में पुराने चेहरों को हटा कर नए लोगों को पार्टी की जिम्मेदारी सौंपी सकती है।
मनोज तिवारी पर गिरी गाज
आपको बता दें कि सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद ही बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष से इस्तीफे की पेशकश की थी, लेकिन पार्टी हाईकमान ने उनका इस्तीफा नामंजूर कर दिया था।
हाल ही में सोशल मीडिया पर मनोज तिवारी का एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वह लॉकडाउन का खुला उल्लंघन करते नजर आए।
इसके बाद भाजपा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उनको पद से हटा दिया।
आखिर कौन हैं आदेश गुप्ता
भारतीय जनता पार्टी में आदेश कुमार गुप्ता की पहचान जमीनी नेता के तौर पर की जाती है। आदेश कुमार फिलहाल पश्चिम पटेल नगर से पार्षद हैं।
इसके साथ ही उत्तरी दिल्ली के मेयर जैसे पदों पर ही रह चुके हैं। भाजपा के इस कदम से माना जा रहा है कि पार्टी अपना पूरा ध्यान एमसीडी चुनावों पर लगाने वाली है।