राजनीति

Bihar Election Results: RJD के आरोपों पर BJP का पलटवार, हार के बाद आरोप लगाना उनकी नेचर

Bihar Assembly Election के परिणाम आने के साथ ही राजनीतिक दलों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू NDA को मिली बढ़त पर RJD ने भाजपा और जेडीयू पर चीटिंग और EVM में छेड़छाड़ का आरोप लगाया

2 min read

नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के साथ ही राजनीतिक दलों में बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। चुनाव में भाजपा और एनडीए को मिली बढ़त पर राष्ट्रीय जनता दल ने भाजपा और जेडीयू पर चीटिंग और ईवीएम में छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। वहीं, बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने आरजेडी के आरोपों पर पलटवार किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हम पूर्ण बहुमत प्राप्त कर चुके हैं क्योंकि NDA तथा RJD के बीच इतना अंतर है कि इसमें अब कोई परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। इनका(RJD)एक ही एजेंडा है जीते तो ठीक और अगर नहीं जीते तो चीटिंग का आरोप लगाते हैं।

आपको बता दें कि भाजपा नीत एनडीए ने बिहार में बहुमत हासिल कर लिया है। रात नौ बजे जारी चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 243 सीटों में से 89 सीटों पर विजेता घोषित किए गए हैं। भाजपा ने 28 सीटों पर और राजद ने 25 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि जदयू ने 17 सीटों पर जीत दर्ज की है। 243 सीटों वाली बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे शुरू हुई थी।
चुनाव आयोग के अनुसार, राजद 51 सीटों पर आगे चल रही है, जिससे उसका 76 सीटों पर कब्जा दिख रहा है। भाजपा 44 सीटों पर आगे चल रही है, जिससे कुल 72 सीटों पर बढ़त में है। जदयू तीसरे स्थान पर है, जो 26 सीटों पर आगे है और 17 सीटें जीत चुकी है।

राजग की साथी विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) ने दो सीटें जीती हैं और दो सीटों पर आगे चल रही है, जबकि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेकुलर) यानी हम पार्टी ने एक सीट जीती है और तीन सीटों पर आगे चल रही है। महागठबंधन कुल 113 सीटों पर आगे चल रहा है। कांग्रेस चौथे स्थान पर है और वह 19 सीटों पर आगे चल रही है और इसके साथ ही वह महागठबंधन में दूसरे स्थान पर है। महागठबंधन में तीन वाम (लेफ्ट) भागीदार भी हैं, जो 18 सीटों पर लीड कर रहे हैं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्‍सवादी-लेनिनवादी (लिबरेशन) 12, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्‍सवादी) यानी माकपा तीन-तीन सीटों पर आगे चल रही है।

मतगणना के रुझान के अनुसार, जदयू-भाजपा गठबंधन अब राज्य की 123 सीटों पर आगे चल रहा है।
भाजपा के नेतृत्व वाले राजग ने 121 सीटों पर उम्मीदवार उतारे, जबकि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले जदयू ने 122 सीटों पर चुनाव लड़ा। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने अभी तक न तो कोई सीट जीती है और न ही वह किसी सीट पर आगे चल रही है। वहीं असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) दो सीटों पर आगे चल रही है और तीन पर जीत हासिल कर चुकी है, जबकि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने एक सीट जीती है। अब तक केवल एक निर्दलीय उम्मीदवार जीता है।

Updated on:
10 Nov 2020 11:22 pm
Published on:
10 Nov 2020 11:16 pm
Also Read
View All