Delhi Assembly Election बीजेपी नेता गिरिराज सिंह का विवादित बयान शाहीन बाग में चल रहे प्रदर्शन को लेकर केंद्रीय मंत्री के बिगड़े बोल बोले-शाहीन बाग में बन रहे सुसाइड बॉम्बर्स ग्रुप
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव ( Delhi Assembly Election ) अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। प्रचार का शोर आज शाम तक थम जाएगा और इसके साथ ही शुरू हो जाएगी मतदान ( Voting ) की उलटी गिनती। 8 फरवरी को मतदान होना है ऐसे में नेताओं के बीच जुबानी जंग भी चरम पर पहुंच गई है।
बीजेपी ( BJP ) के विवादित बयानों से घिरे नेता गिरिराज सिंह ( Giriraj Singh ) ने एक बार फिर बड़ा बयान दे दिया है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने नागरिकता संशोधन कानून 2019 ( CAA ) के खिलाफ दिल्ली के शाहीन बाग में महिलाओं के धरने ( shaheen bagh protest ) को लेकर फिर विवादित बयान दिया है।
गिरिराज सिंह ने गुरुवार को ट्विटर पर शाहीन बाग का एक वीडियो शेयर कर आंदोलन पर सवाल उठाया है। केंद्रीय मंत्री ने वीडियो के साथ ट्वीट किया है, 'यह शाहीन बाग अब सिर्फ आंदोलन नहीं रह गया है..., यहां सुसाइड बॉम्बर्स का जत्था बनाया जा रहा है।'
आपको बता दें कि यह पहला मौका नहीं है, जब गिरिराज सिंह ने सीएए के खिलाफ धरना-प्रदर्शन को लेकर सवाल उठाया है। इससे पहले भी गिरिराज सिंह ने असदुद्दीन ओवैसी को लेकर कहा था कि पाकिस्तान जैसा देश उन जैसों के लिए ही बनाया गया है।
देश के खिलाफ साजिश
केंद्रीय मंत्री ने ट्विटर पर शेयर किए वीडियो में शाहीन बाग के आंदोलन पर सवाल उठाते हुए कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी में ही देश के खिलाफ साजिश की जा रही है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए होने वाले मतदान से दो दिन पहले गिरिराज सिंह का यह बयान काफी अहम माना जा रहा है।