राजनीति

सीएम हाउस के सामने फांसी लगाने लगी महिलाएं, पुलिस और महिलाओं में जमकर हुई धक्का-मुक्की

संक्रमण से मौत पर मुआवजा, महिला अत्याचार और बढ़ती महंगाई के विरोध में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने पहुंची थीं कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता। मुश्किल से काबू कर थाने ले गई पुलिस।

2 min read
Jul 23, 2021
सीएम हाउस के सामने फांसी लगाने लगी महिलाएं, पुलिस और महिलाओं में जमकर हुई धक्का—मुक्की

भोपाल. महिला अत्याचार, संक्रमण से मौत पर मुआवजा, बढ़ती महंगाई एवं बेरोजगारी के मुद्दे पर शिवराज सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गुरुवार दोपहर कांग्रेस की कार्यकर्ताओं का एक जत्था सीएम हाउस के सामने पहुंच गया। आनन-फानन में मौके पर श्यामला हिल्स थाने की महिला पुलिस कर्मियों को भेजा गया। प्रदर्शनकारी महिलाओं को रोकने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। महिला पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का—मुक्की हो गई। ये महिलाएं विदिशा महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियंका किरार, मैहर से प्रदेश महिला कांग्रेस महामंत्री शशि मिश्रा के नेतृत्व में प्रदर्शन करने आई थीं। भोपाल प्रदेश कांग्रेस सचिव फरजाना खान, ग्वालियर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष रुचि गुप्ता, प्रदेश महिला कांग्रेस महामंत्री भिंड कल्पना मिश्रा और भोपाल से प्रियंका सिंह राजपूत इस प्रदर्शन में अपने कार्यकर्ताओं के साथ शामिल होने आई थीं।

महिला नेताओं से धक्का-मुक्की पर भड़की महिलाएं
बगैर किसी सूचना के सीएम हाउस के सामने बड़ी संख्या में महिलाओं के प्रदर्शन से पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर जैसे तैसे महिला पुलिसकर्मियों को प्रदर्शनकारी महिलाओं को रोकने के लिए भेजा गया। महिला पुलिस ने मौके पर मौजूद महिला नेताओं से धक्का-मुक्की शुरू कर दी, जिससे नाराज होकर महिलाओं ने पास लगे पेड़ पर बैनर पोस्टर के माध्यम से ही फांसी लगाने का प्रयास दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जैसे-तैसे महिलाओं को काबू किया और मुख्य मार्ग से हटाकर किनारे किया। सभी प्रदर्शनकारी महिलाओं को पकड़कर श्यामला हिल्स थाने लाया गया। धारा 188 के तहत सभी महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की गई एवं उन्हें मुचलके पर रिहा किया गया।

एक बार फिर पुलिस एवं खुफिया विभाग की पोल खुल गई
मुख्यमंत्री निवास के बाहर बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पहुंचकर प्रदर्शन करने के मामले में एक बार फिर भोपाल पुलिस एवं खुफिया विभाग की पोल खुल गई है। इससे पहले भी दो बार मुख्यमंत्री निवास के बाहर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर उपद्रव करने का प्रयास किया था। मौके पर पुलिस के पहुंचने में देरी हो गई थी जिसके चलते मुख्यमंत्री आवास के मुख्य द्वार पर तैनात पुलिसकर्मियों ने ही जैसे तैसे प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित किया था। मुख्यमंत्री निवास के बाहर होने वाली लापरवाही एवं पुलिस की नाकामी के चलते हाल ही में श्यामला हिल्स थाने के प्रभारी का तबादला कर दिया गया था।

Published on:
23 Jul 2021 12:53 am
Also Read
View All