
नई दिल्ली। देश में लोकसभा चुनाव की सरगर्मियां अपने चरम पर हैं। चौथे चरण का मतदान जारी है, कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर लगी हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सहयोगी दल जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नेता केसी त्यागी (K. C. Tyagi) ने बेगूसराय (Begusarai) से सीपीआई (CPI) उम्मीदवार कन्हैया कुमार (Kanhaiya Kumar) की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि कन्हैया कुमार राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के उम्मीदवार होते तो यहां मुकाबला बेहद दिलचस्प होता।
केसी त्यागी ने की कन्हैया की तारीफ
केसी त्यागी ने बेगूसराय लोकसभा सीट पर मुख्य मुकाबला आरजेडी और भाजपा के बीच है। लेकिन, कन्हैया कुमार ने इस मुकाबले को बेहद रोचक बना दिया है। त्यागी ने कहा कि कन्हैया महागठबंधन की ओर से होते तो मुकाबला कांटे का होता। जेडीयू नेता ने कहा कि कन्हैया कुमार तेजस्वी से ज्यादा फेमस हैं। कन्हैया ने जो भी हासिल किया है, वह अपने बलबूते पर किया है। वह अपनी कर्मठता से जेएनयू के अध्यक्ष बने, जबकि तेजस्वी यादव अपने पिता लालू प्रसाद की बदौलत नेता प्रतिपक्ष बने हैं।
तेजस्वी पर हमलावार हुए त्यागी
केसी त्यागी ने यहां तक कहा कि तेजस्वी को डर था कि कन्हैया कुमार कहीं उनसे आगे न निकल जाए, इसलिए वामदल से गठबंधन नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि पिछले 25-30 साल आरजेडी और सपीआई के बीच गठबंधन था, लेकिन इस बार जो हुआ उसके पीछे यही कारण है। राजद नेता तेजस्वी पर तंज कसते हुए केसी त्यागी ने कहा कि वो अभी राजनीति में कच्चे हैं और अपने पिता की बदौलत उन्होंने ख्याति पाई है। लेकिन, कन्हैया ने अकेल दम पर नाम कमाया और आज बेगूसराय सीट पर मुकाबला बेहद रोचक बना दिया है।