इस सौदे को लेकर देश के दोनों प्रमुख पार्टियों के बीच सियासी बहस अब ट्वीटर वार तक पहुंच गया है।
नई दिल्ली। राफेल विमान सौदे को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच नूराकुश्ती जारी है। एक तरफ राहुल गांधी ने राफेल सौदे को लेकर संयुक्त संसदीय दल से जांच कराने की मांग की है। भाजपा ने कांग्रेस के जेपीसी को झूठ और सच को छुपाने वाला कदम करार दिया है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस झूठी पार्टी है और उसका इतिहास झूठ को छुपाने वाला रहा है। इस बात को लेकर देश के दोनों प्रमुख पार्टियों के बीच सियासी बहस अब ट्वीटर वार तक पहुंच गया है।
जेटली ने की नोंक-झोंक की शुरुआत
सोशल साइट्स टि्वटर पर इस नोंक-झोंक की शुरूआत वित्त मंत्री अरुण जेटली ने की। उन्होंने फेसबुक ब्लॉग के जरिए कांग्रेस और राहुल गांधी से 15 सवाल पूछे। जेटली ने यह फेसबुक ब्लॉग टि्वटर पर भी साझा किया।
राहुल का पलटवार
इसके जवाब में राहुल गाधी ने वित्त मंत्री अरुण जेटली को राफेल विमान सौदे पर चुनौती देते हुए ट्वीट में लिखा कि ग्रेट राफेल रॉबरी पर फिर से देश का ध्यान दिलाने के लिए शुक्रिया जेटली जी। क्यों न इस मामले को निपटाने के लिए संयुक्त संसदीय समिति से जांच करा ली जाए? लेकिन आपके लिए समस्या यह है कि आपके सुप्रीम लीडर अपने दोस्त को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए थोड़ी तकलीफ हो सकती है। पता कर लीजिए, और 24 घंटे में जवाब दीजिए। हम इंतजार कर रहे हैं।
जेटली का जवाब
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की इस चुनौती के जवाब में वित्त मंत्री अरुण जेटली ने ताबड़तोड़ तीन ट्वीट दाग दिए। जेटली ने अपने ट्वीट में लिखा कि आपने राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में किए गए राफेल सौदे पर मेरे सवालों का जवाब देने का प्रयास नहीं किया राहुल जी। जाहिर है झूठ का सहारा लेने वाले जवाब दे भी नहीं सकते। सत्य इंसान को बांधता है, जबकि असत्य बिखर जाता है। यही हश्र राफेल पर आपके झूठ का होगा। आपको याद दिला दूं कि 1987 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने शंकरानंद जी की अध्यक्षता में बोफोर्स सौदे पर जेपीसी का गठन किया था। जिसकी रिपोर्ट में रिश्वतखोरी के आरोप को खत्म कर दिया गया। पूरी दुनिया ने जेपीसी के निष्कर्ष को खारिज किया। असत्यता को ढकने के लिए जेपीसी क्यों?
देश को मूर्ख बनाने वाली पार्टी है कांग्रेस
राहुल गांधी के 24 घंटे की चुनौती पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ट्वीट में लिखा कि 24 घंटे का इंतजार क्यों करना। जब आपके पास अपनी जेपीसी यानी झूठी पार्टी कांग्रेस है। देश को मूर्ख बनाने वाले आपके झूठ स्वप्रमाणित हैं, जब आप दिल्ली, कर्नाटक, रायपुर, हैदराबाद, जयपुर और संसद में राफेल की अलग-अलग कीमत बताते हैं लेकिन देश की बुद्धिमत्ता आपसे ज्यादा है।