
मुंबई। एक ओर तकरीबन एक माह बाद महाराष्ट्र का सियासी संकट खत्म होता नजर आ रहा है, तो दूसरी तरफ महाराष्ट्र के एक व्यक्ति ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर कांग्रेस-शिवसेना-राकांपा गठबंधन की सरकार बनाने पर रोक लगाने की मांग की है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आखिर महाराष्ट्र की सियासत का ऊंट किस करवट बैठता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महाराष्ट्र के रहने वाले एक व्यक्ति एसआई सिंह ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की है। इस याचिका में सुप्रीम कोर्ट से मांग की गई है कि अदालत महाराष्ट्र के राज्यपाल को निर्देश दे कि वह चुनाव संपन्न होने के बाद शिवसेना-कांग्रेस-राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के गठबंधन को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने से इनकार कर दें।
याचिका में यह भी मांग की गई है कि राज्यपाल को निर्देश दिया जाए कि वह कांग्रेस-एनसीपी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने का आदेश दें।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में सर्वाधिक सीटें जीतने वाली भाजपा सरकार बनाने का दावा इसलिए नहीं कर सकी क्योंकि उसके सहयोगी दल शिवसेना ने ढाई-ढाई वर्ष के लिए बदले जाने वाले मुख्यमंत्री और कैबिनेट में बराबर संख्या की मांग कर दी।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बीते 24 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए गए थे, जिसमें 288 विधानसभा में से भाजपा ने 105 सीटें हासिल की थीं। जबकि शिवसेना को 56, एनसीपी को 54 और कांग्रेस को 44 सीटें मिली थीं।
शिवसेना-भाजपा के बीच सत्ता संभालने का समीकरण तय न हो पाने के चलते दोनों दल अलग हो गए थे और राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया। इसके बाद कांग्रेस-एनसीपी और शिवसेना ने मिलकर सरकार बनाने की जुगत भिड़ाई और इसी में लगी हुई है।