
कमला नेहरू (बाएं) और पंडित जवाहर लाल नेहरू (Photo-X @INCHistory)
Jawaharlal Nehru-Kamla Nehru Marriage: देश के बड़े वकीलों में शुमार पंडित मोतीलाल नेहरू के बेटे जवाहरलाल नेहरू की शादी दिल्ली के अटल कौल परिवार की बेटी कमला से हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों में कमला को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। यहां तक कि उनके नेहरू परिवार का हिस्सा बनने से घर में तनाव पैदा हो गया था।
इंदिरा गांधी की बायोग्राफी में जवाहरलाल और कमला नेहरू की शादीशुदा जिंदगी से जुड़े कई किस्सों पर प्रकाश डाला गया है। 14 नवंबर 1889 को सुबह 11:30 बजे स्वरूप रानी और मोतीलाल नेहरू के घर जवाहरलाल का जन्म हुआ। जवाहरलाल के जन्म पर परिवार में खूब खुशियां मनाई गईं। तब तक मोतीलाल और उनके भाई नन्दलाल परिवार सहित इलाहाबाद शिफ्ट हो चुके थे। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। इसलिए नेहरू परिवार पुराने शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में एक छोटे से मकान में रहने लगा। परिवारों का भरण-पोषण करने के लिए नंदलाल और मोतीलाल दोनों ने खुद को पूरी तरह वकालत में झोंक दिया।
इस बीच परिवार को बड़ा झटका लगा, महज 42 वर्ष की आयु में जवाहरलाल नेहरू के चाचा नंदलाल का निधन हो गया। नंदलाल अपने पीछे पत्नी नंद रानी, दो बेटियां और पांच बेटे को छोड़ गए। मोतीलाल ने दुख की इस घड़ी में अपने भाई के पूरे परिवार को अपना लिया। परिवार के बच्चों के लिए वे 'दादाजी' बन गए। यह जिम्मेदारी बहुत बड़ी थी, लेकिन इसी दबाव ने मोतीलाल के भीतर जबरदस्त ऊर्जा पैदा की, जो नेहरू परिवार की एक विशिष्ट पहचान बन गई। वे बेहद कुशाग्र बुद्धि वाले एक मेहनती वकील थे। उनकी वाणी में प्रभाव था और बहस के दौरान उनका दिमाग उस्तरे की धार की तरह तेज चलता था।
मोतीलाल अंग्रेजी रहन-सहन और तौर-तरीकों से बेहद प्रभावित थे, लेकिन इसके उनकी मूल जीवनशैली लगभग अछूती रही। भीतर से वे अब भी एक रूढ़िवादी कश्मीरी ब्राह्मण थे। जवाहरलाल के लिए दुल्हन की तलाश उन्होंने तब शुरू कर दी थी, जब उनका बेटा कैम्ब्रिज के ट्रिनिटी कॉलेज में पढ़ रहा था। दुल्हन के बारे में पिता के पत्रों पर जवाहरलाल की प्रतिक्रिया थोड़ी उपेक्षापूर्ण होती, लेकिन अंततः उन्होंने अपनी पत्नी चुनने का अधिकार पिता मोतीलाल को ही सौंप दिया। मोतीलाल ने दिल्ली के अटल कौल परिवार की बेटी कमला को पहली बार तब देखा था, जब वह 12 साल की थीं। वह गोरे रंग, लंबे कद और छरहरी काया वाली लड़की थीं। उनके चेहरे पर अक्सर मुस्कान रहती और उन्हें जीवंत स्वभाव वाली, चहकती बुलबुल कहा जाता था।
कमला ज्यादा पढ़ी-लिखी नहीं थीं। उन्हें केवल हिंदी आती थी और वे उस आधुनिक सामाजिक शिष्टाचार और समझदारी से परिचित नहीं थीं, जो मोतीलाल के अंग्रेजी रंग में ढले घर में रहने के लिए अनिवार्य थी। कहा जाता है कि मोतीलाल ने बहू के रूप में कमला को इसलिए चुना क्योंकि उनकी जन्मपत्री में उनके भावी वंश के लिए महान गौरव की भविष्यवाणी की गई थी।
1916 में इंग्लैंड से लौटने के बाद, जह जवाहरलाल ने उन्हें पहली बार देखा तो उस समय कमला की उम्र मुश्किल से 16 साल थी। वे उनकी सुंदरता और शालीनता से प्रभावित हुए और विवाह तय हो गया। मोतीलाल नेहरू चाहते थे कि शादी से पहले कमला नेहरू परिवार के तौर तरीके सीखें। इसलिए उन्होंने सुझाव दिया कि कमला दिल्ली से इलाहाबाद आकर कुछ महीने एक रिश्तेदार के घर रहें। वहां जवाहरलाल नेहरू की बहन कृष्णा की गवर्नेस मिस हूपर उन्हें खान-पान के तौर-तरीके, उठने-बैठने का शिष्टाचार, अंग्रेजी भाषा और पश्चिमी परिवार की जीवनशैली सिखा सकती थीं। शादी से पहले जवाहरलाल और कमला के साथ घूमने पर कोई पाबंदी नहीं थी, जैसे कि पारंपरिक हिन्दू परिवारों में होती है, खासकर उन दिनों। दोनों को मोतीलाल के अस्तबल के दो शानदार घोड़ों से खींची जाने वाली बग्घी में घूमने जाने की अनुमति थी। दोनों ही शर्मीले थे। वे बस एक-दूसरे को देखते रहते और इधर-उधर की बेमतलब बातें करते।
जवाहरलाल और कमला का विवाह 8 फरवरी 1916 को बसंत पंचमी के दिन हुआ। कमला नेहरू को नहीं पता था कि इस नए सफर की शुरुआत में ही उन्हें तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उनके मोतीलाल के परिवार में आने से घर के भीतर तनाव पैदा हो गया। यह विवाह जवाहरलाल नेहरू की दूसरी बहन विजयलक्ष्मी के लिए एक सदमे जैसा था, जो अपनी भाभी से महज एक साल छोटी थीं। कमला एक सुंदर लड़की थीं, जिन्हें एक नन्ही परी जैसी राजकुमारी के रूप में पाला गया था और उनसे मिलने वाला हर व्यक्ति उन्हें पसंद करता था। विजयलक्ष्मी अपने भाई से बेहद स्नेह करती थीं। दोनों की रुचियां एक लगभग जैसी थीं। वे साथ घुड़सवारी करते, एक-दूसरे को कविताएं सुनाते और पार्टियों में साथ जाते थे। लेकिन अचानक विजयलक्ष्मी ने पाया कि उनके भाई के साथ उनकी जगह एक अनगढ़-सी युवा लड़की ने ले ली है। विजयलक्ष्मी की नजर में कमला बाहरी थीं। उनमें उस शालीनता और आधुनिक तौर-तरीकों की कमी थी, जो उनके पिता के घर की बहू बनने के लिए जरूरी समझा जाता था। कमला जानती थीं कि वह केवल एक व्यक्ति से नहीं, बल्कि पूरे परिवार से विवाह कर रही हैं। उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ बहू बनने और बिना शिकायत रिश्ते में आगे बढ़ने की शिक्षा दी गई थी।
जवाहरलाल नेहरू की मां स्वरूप रानी एक बेहद कठिन सास थीं। पति मोतीलाल की कमजोरियों और विजयलक्ष्मी के आदतों ने उनके गुस्से को और बढ़ा दिया था। वह भी यही मानती थीं कि कमला नेहरू परिवार की बहू बनने के लिहाज से परफेक्ट नहीं हैं। इस वजह से नई-नवेली दुल्हन कमला भयभीत रहती थीं। कमला ने कभी बनावटी व्यवहार नहीं किया। उन्होंने अपनी सास का सामना बच्चों जैसी जिद के साथ किया। हालांकि, कई बार वह टूट जातीं और रोने लगतीं। महज 16 साल की उम्र में इतनी बड़ी जिम्मेदारी, मुश्किल काम तो था। लेकिन कभी किसी से कोई शिकायत नहीं करतीं और न ही कोई फेवर मांगतीं। कमला नेहरू के भरेपूरे परिवार की बहू बनीं, पर कभी उन्होंने न महंगे कपड़े और न कीमती गहनों में रुचि दिखाई।
मोतीलाल नेहरू भी यह देखकर हैरान थे। अपने 27 वर्षीय पति के साथ उनका रिश्ता धीरे-धीरे विकसित हुआ। हैरो और कैम्ब्रिज की शिक्षा का प्रभाव जवाहरलाल पर अब भी था। वे समझ नहीं पा रहे थे कि अपनी युवा पत्नी के साथ कैसा व्यवहार करें, क्योंकि कमला का पालन-पोषण ऐसे माहौल में हुआ था, जो उनके परिवेश से बिल्कुल अलग था। अपने पति को समझने और वैवाहिक जीवन की अंतरंगता को जानने के साथ-साथ कमला को मोतीलाल, स्वरूप रानी और उनकी दोनों बेटियों विजयलक्ष्मी एवं कृष्णा के साथ भी मधुर रिश्ते बनाने थे।
इसके अलावा आनंद भवन में रहने वाले परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी उन्हें तालमेल बैठाना था। जवाहरलाल सबके प्रिय थे, कमला, स्वरूप रानी और विजयलक्ष्मी के बीच उनका स्नेह पाने की होड़ लगी रहती। जवाहरलाल को शायद इसकी भनक तक नहीं थी कि इस होड़ के चलते तीनों के रिश्ते कड़वाहट से भर गए हैं।
कैथरीन फ्रैंक ने अपनी किताब ‘द लाइफ ऑफ इंदिरा गांधी’ में लिखा है– ‘कमला को परिवार के दूसरे सदस्यों के साथ अंग्रेजी फिल्में देखने के लिए नहीं बुलाया जाता था, क्योंकि उनका कहना था कि कमला की अंग्रेजी बहुत कमजोर है। हालत तब और बिगड़ने लगे जब नेहरू घर से दूर रहते’।
इंदिरा प्रियदर्शिनी का जन्म 19 नवंबर 1917 को इलाहाबाद में हुआ। वह रूसी क्रांति का वर्ष था। उन दिनों बच्चे के जन्म के समय ग्रामीण महिलाएं मिट्टी के लाल बर्तन पर एक भूलभुलैया का चित्र बनाती हैं, जिसके केंद्र में अजन्मे शिशु को दर्शाया जाता। भूलभुलैया के घुमावदार रास्ते उस खतरनाक यात्रा का प्रतीक होते हैं, जिसे बच्चा गर्भ से बाहर रोशनी और हवा की दुनिया में आने के लिए तय करता है। बच्चे के जन्म के छठे दिन एक और भूलभुलैया बनाई जाती है और उसे शिशु की आंखों के सामने रखा जाता। क्योंकि दुनिया में जन्म लेना भी एक भूलभुलैया में प्रवेश करने जैसा है। यह एक अनजान रास्ते पर चलने, बाधाओं, दुख और दर्द का सामना करने तथा जीवन के तमाम उतार-चढ़ावों से गुजरते हुए आगे बढ़ने की यात्रा है।
विजयलक्ष्मी ने इंदिरा के जन्म का जीवंत वर्णन कुछ यूं किया था- मोतीलाल नेहरू, चिंतित जवाहरलाल, विजयलक्ष्मी और चचेरे भाई-बहन बरामदे में इकट्ठा होकर उस बेटे के जन्म का इंतजार कर रहे थे, जिसके जवाहरलाल के घर आने को लेकर वे पूरी तरह आश्वस्त थे। जब स्वरूप रानी कमरे से बाहर आईं, तो सभी उत्सुकता से उनकी ओर मुड़े। उन्होंने कहा – हो गया। हालांकि, बेटे के जन्म पर थाली बजाने की आवाज नहीं आई। कुछ देर के लिए सभी असमंजस में पड़ गए। तभी मोतीलाल जोर से हंस पड़े और पूछा - आपका मतलब है कि लड़की हुई है? बच्ची का नाम इंदिरा रखा गया। यह नाम मोतीलाल की मां इंदिरा रानी के नाम पर रखा था, जो एक मजबूत इच्छाशक्ति वाली, जिद्दी और साहसी महिला थीं।
शुरुआत में भले ही जवाहरलाल और कमला नेहरू के रिश्ते उतार-चढ़ाव वाले रहे, लेकिन समय के साथ दोनों के बीच प्यार बढ़ता गया। जवाहरलाल नेहरू ने ‘द डिस्कवरी ऑफ इंडिया’ में नेहरू ने अपनी लाइफ में कमला की अहमियत और उनके प्रति अपने प्यार के बारे में विस्तार से बताया है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
14 Nov 2026, 2:21 PM IST
Published on:
14 Nov 2026, 2:06 PM IST
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय




