
अरनोद (प्रतापगढ़): प्रतापगढ़ में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत अरनोद थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 ग्राम एमडी यानी मेफेड्रोन जब्त की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 ग्राम अवैध एमडी (मेफेड्रोन) के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा के अनुसार, पुलिस टीम नौगावां पुलिस चौकी के सामने नियमित नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान नौगावां की तरफ से आ रही एक कार के चालक ने पुलिस की नाकाबंदी देखते ही वाहन को अचानक मोड़कर मौके से भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और कार को रुकवा लिया।
जब चालक से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम सलमान पुत्र आजाद खान, निवासी देवल्दी (थाना अरनोद) बताया। संदिग्ध आचरण के चलते जब उसकी नियमानुसार तलाशी ली गई तो उसके पास मौजूद एक प्लास्टिक की थैली से 11 ग्राम एमडी मेफेड्रोन बरामद हुई।
पुलिस ने तुरंत मादक पदार्थ और कार को जब्त कर आरोपी सलमान को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना अरनोद में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
थानाधिकारी ने खुलासा किया कि आरोपी सलमान का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। वह साल 2024 में भी झालावाड़ जिले के डग थाना क्षेत्र में एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में पकड़ा जा चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने फिर से तस्करी का रास्ता चुन लिया, जिसके बाद पुलिस अब उसके स्थानीय नेटवर्क और संपर्कों की गहनता से पड़ताल कर रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह यह एमडी ड्रग्स देवल्ली से ही खरीदकर लाया था। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि उसे यह नशा किसने सप्लाई किया और वह इसे आगे किसे बेचने वाला था। पुलिस नशे की पूरी सप्लाई चेन और इसके मास्टरमाइंड की धरपकड़ के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में थानाधिकारी शिवलाल मीणा, उप निरीक्षक दिलीप सिंह, हेड कांस्टेबल प्रभूराम, कांस्टेबल जीवनलाल और चालक लक्ष्मण सिंह की प्रमुख भूमिका रही।