रीवा एक्सप्रेस ट्रेन में प्रयागराज जा रहे आशुतोष ब्रह्मचारी पर रविवार सुबह फतेहपुर और सिराथू स्टेशन के बीच अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
Ashutosh Brahmachari Attack news: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ कोर्ट में यौन उत्पीड़न का केस दाखिल करने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर चलती ट्रेन में हमला होने का मामला सामने आया है। यह घटना आज हुई जब वह रीवा एक्सप्रेस ट्रेन से प्रयागराज जा रहे थे। आशुतोष ब्रह्मचारी ने आरोप लगाया है कि अज्ञात हमलावर ने उन पर धारदार हथियार से हमला किया और उनकी नाक काटने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार यह हमला रविवार सुबह करीब 5 बजे हुआ। उस समय ट्रेन फतेहपुर और कौशांबी जिले के सिराथू रेलवे स्टेशन के बीच से गुजर रही थी। आशुतोष ब्रह्मचारी का कहना है कि हमलावर अचानक उनके पास आया और धारदार हथियार से उनके चेहरे और हाथ पर कई वार किए। हमले के दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं और काफी खून भी बहा।
हमले के बाद आशुतोष ब्रह्मचारी ने किसी तरह खुद को बचाया। उन्होंने तुरंत ट्रेन के टॉयलेट में जाकर खुद को अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उन्होंने जीआरपी (रेलवे पुलिस ) को फोन कर घटना की जानकारी दी। उनकी सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घायल होने के बावजूद उन्होंने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।
प्रयागराज जीआरपी को दी गई लिखित शिकायत में आशुतोष ब्रह्मचारी ने इस हमले के लिए शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके एक शिष्य को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि पहले भी उन्हें धमकियां मिल चुकी थीं। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
इससे पहले आशुतोष ब्रह्मचारी ने प्रयागराज में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि एक आश्रम में उनके साथ गलत व्यवहार किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कई लोगों के नाम भी लिए थे और उन्हें इस मामले में आरोपी बताया था। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आशुतोष ब्रह्मचारी ने यह भी कहा था कि जो लोग गंगा मां को गंदा बताते हैं, उन्हें गंगा में स्नान करने का अधिकार नहीं होना चाहिए। उनके इस बयान के बाद मामला और चर्चा में आ गया था। अब ट्रेन में हुए हमले के बाद यह मामला और ज्यादा गंभीर हो गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।